हरियाणा BJP में उम्मीदवारों की लिस्ट से पहले बखेड़ा: 2 पूर्व सांसदों को टिकट देने की तैयारी का विरोध; CM सैनी-अध्यक्ष बड़ौली भी आमने-सामने – Haryana News

हरियाणा में BJP के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने से पहले पार्टी में बवाल शुरू हो गया है। शुक्रवार को BJP के पूर्व सांसद डॉ. अरविंद शर्मा और सुनीता दुग्गल को टिकट मिलने की संभावना के बीच लोकल लीडरों ने विरोध करना शुरू कर दिया। रतिया में विधायक लक्ष्म

.

इसके अलावा, मुख्यमंत्री नायब सैनी के चुनाव लड़ने को लेकर खुद सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली में मतभेद सामने आए। पहले बड़ौली ने कहा कि सैनी लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद शाम को नायब सैनी ने कहा कि मैं करनाल से ही चुनाव लड़ूंगा।

लिस्ट जारी होने से पहले कई जगह विवाद दिखा…

सुनीता दुग्गल को टिकट की संभावना का विधायक ने विरोध किया

रतिया विधानसभा सीट पर सिरसा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल के चुनाव लड़ने की चर्चा है। यहां BJP के लक्ष्मण नापा विधायक हैं। लक्ष्मण नापा और जिला अध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने स्थानीय वर्करों के साथ मीटिंग की। मीटिंग में निर्णय लिया गया है कि रतिया से स्थानीय नेता को ही टिकट दी जाए। यदि बाहरी उम्मीदवार को टिकट दी गई तो उसका खुलकर विरोध किया जाएगा।

मीटिंग के बाद एक लेटर भी जारी किया गया है, जिसमें 3 स्थानीय नेताओं के नाम रखे गए। इन तीनों नेताओं को ही टिकट का दावेदार बताया गया है। इनमें विधायक लक्ष्मण नापा, जिला अध्यक्ष बलदेव ग्रोहा के साथ-साथ भाजपा नेता मुख्तार सिंह बाजीगर का नाम शामिल है। साथ ही इस पत्र पर तीनों नेताओं के हस्ताक्षर भी करवाए गए।

डॉ. अरविंद शर्मा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका

रोहतक से पूर्व भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा की गोहाना से चुनाव लड़ने की चर्चा है। उनके यहां से चुनाव लड़ने की चर्चा के बाद शुक्रवार को गोहाना में भाजपा वर्करों ने अरविंद शर्मा का पुतला फूंका। यही नहीं, कुछ नेता विरोध करने के लिए दिल्ली स्थित हरियाणा भाजपा के इंचार्ज केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के घर तक पहुंच गए।

उनका कहना है कि गोहाना विधानसभा से लगातार बाहरी प्रत्याशियों को उम्मीदवार बनाने का नाम चल रहा है। इनमें राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व सांसद रमेश कौशिक के भाई देवेंद्र कौशिक और पूर्व सांसद अरविंद शर्मा का नाम है।

गोहाना में अरविंद शर्मा का पुतला जलाकर नारेबाजी करते भाजपा कार्यकर्ता।

गोहाना में अरविंद शर्मा का पुतला जलाकर नारेबाजी करते भाजपा कार्यकर्ता।

पहलवान योगेश्वर दत्त अमित शाह से मिलने पहुंचे

वहीं पहलवान योगेश्वर दत्त ने गोहाना सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। शुक्रवार को वह इसे लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। योगेश्वर ने कहा कि ‘मैंने संगठन और मुख्यमंत्री से गोहाना से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। मैं ओलिंपिक मेडलिस्ट खिलाड़ी हूं और पहले भी BJP से चुनाव लड़ चुका हूं। इसलिए मैं चाहता हूं कि इस बार गोहाना से मौका मिले। केंद्रीय चुनाव समिति की मीटिंग में भी यही इच्छा जाहिर की गई है।’

दिल्ली में अमित शाह से मिलने पहुंचे योगेश्वर दत्त ने कहा कि उनकी गोहाना से चुनाव लड़ने की इच्छा है।

दिल्ली में अमित शाह से मिलने पहुंचे योगेश्वर दत्त ने कहा कि उनकी गोहाना से चुनाव लड़ने की इच्छा है।

55 नाम फाइनल, लिस्ट होल्ड की

गुरुवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। बैठक में 55 उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनी। शुक्रवार को लिस्ट आने की संभावना थी, लेकिन पार्टी ने इसे होल्ड कर दिया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि लिस्ट आने में अभी एक-दो दिन लग सकते हैं।