हरियाणा मॉब लिंचिंग में खुलासा: जमानत पर छूटे रवि ने गौरव के पीछे लगा रखा था मुखबिर, गौरव को होटल में मारना प्री-प्लानिंग का हिस्सा

रेवाड़ी/महेन्द्रगढ़10 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले में मॉब लिंचिंग का शिकार हुए पिछड़ी जाति के गौरव यादव हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी रवि उर्फ लंगड़ा ने गौरव के पीछे अपना खास मुखबिर लगाया हुआ था। गौरव के ही गांव बवाना का रहने वाला सतेन्द्र उर्फ सत्ता गौरव की पल-पल की जानकारी रवि तक पहुंचा रहा था। मालड़ा गांव के होटल में गौरव की हत्या का प्लान पहले से तैयार था। सतेंद्र से मिली जानकारी के आधार पर ही गौरव को रास्ते में रोककर इस होटल में लाया गया और वहां पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस अब रवि और सतेन्द्र को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है। हत्याकांड में 3 नामजद सहित एक दर्जन आरोपी फरार हैं।

रिश्तेदार से मिलने आया था रवि उर्फ लंगड़ा
रवि उर्फ लंगड़ा की गिरफ्तारी को लेकर महेन्द्रगढ़ पुलिस पर चारों तरफ से दबाव बढ़ गया था। पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी गौरव हत्याकांड में एक आरोपी विक्की उर्फ फुकरा को छोड़कर कोई आरोपी हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली ही हत्याकांड का मास्टर माइंड रवि यादव उर्फ लंगड़ा महेन्द्रगढ़ के ही गांव रामबास में अपने किसी रिश्तेदार से मिलने वाला है। सूचना के बाद CIA और कनीना थाना पुलिस ने मिलकर जाल बिछाया और आरोपी रवि को धर दबोचा। उससे पूछताछ के तुरंत बाद आरोपी सतेन्द्र उर्फ सत्ते को भी गिरफ्तार किया गया।

रवि उर्फ लंगड़ा और उसका साथी।

रवि उर्फ लंगड़ा और उसका साथी।

एक माह पहले ही जमानत पर बाहर आया रवि
पुलिस के अनुसार, रवि उर्फ लंगड़ा का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। किडनैपिंग के एक मामले में वारदात से एक माह पहले ही वह जमानत पर जेल से छूटा था। उसके बाद किसी बात को लेकर गौरव के साथ उसकी कहासुनी हुई। फिर योजना बनाकर अपने साथियों के साथ मिलकर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। विक्की उर्फ फुकरा पर भी कई मामले दर्ज हैं।

वीडियो वायरल कर अलग-अलग फरार हुए
सूत्रों के अनुसार, गौरव की हत्या के बाद कुछ घंटे बाद तक वारदात को अंजाम देने वाले सभी आरोपी इलाके में ही रहे, लेकिन बाद में वीडियो वायरल करने के बाद अलग-अलग फरार हो गए। पुलिस के लिए हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ना मुश्किल इसलिए हो गया, क्योंकि आरोपी दूसरे राज्य में पहुंच चुके थे। साथ ही आरोपी मोबाइल का भी प्रयोग नहीं कर रहे थे, लेकिन मुखबिरों के जरिए पुलिस ने जाल बिछाया और फिर मास्टर माइंड रवि को उसके साथी सतेन्द्र के साथ काबू किया गया।

प्रेस वार्ता के जरिए मामले की जानकारी देते हुए कनीना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार।

प्रेस वार्ता के जरिए मामले की जानकारी देते हुए कनीना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार।

ये था मामला
9 अक्टूबर को महेंद्रगढ़ जिले के गांव बवाना निवासी BSc स्टूडेंट गौरव यादव (18) की दबंगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। वारदात के समय गौरव महेन्द्रगढ़ से वापस बाइक पर गांव लौट रहा था। उसे गांव मालड़ा के पास बेरहमी से पीटा गया। दबंगों ने पिटाई का वीडियो भी खुद ही वायरल किया। इसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। महेद्रगढ़ की कनीना थाना पुलिस ने मास्टर माइंड रवि उर्फ लंगड़ा सहित आधा दर्जन लोगों पर नामजद FIR दर्ज की है। हत्याकांड में कुछ अज्ञात लोग भी शामिल हैं।

पनाह देने वालों पर भी करेंगे कार्रवाई
कनीना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी रवि उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कुल 3 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 3 नामजद आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में भी टीमें लगी हुई हैं। आरोपियों को पनाह देने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। रवि व सतेन्द्र से लगातार पूछताछ जारी है।

खबरें और भी हैं…

.