हरियाणा में गोगामेड़ी जा रहे 7 श्रद्धालुओं की मौत: ट्रक ने टाटा मैजिक को टक्कर मारी, गड्‌ढों में जाकर पलटा; 8 गंभीर घायल – Narwana News

हरियाणा के जींद में हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर बिधराना गांव के पास सोमवार-मंगलवार रात ट्रक ने आगे चल रहे टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। जिससे मैजिक सड़क किनारे गड्‌ढों में जाकर पलट गया।

.

हादसे में टाटा मैजिक सवार महिलाएं और बच्चे समेत 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। करीब 8 लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक कुरुक्षेत्र के मर्चहेड़ी गांव के रहने वाले करीब 15 लोग सोमवार शाम को टाटा मैजिक में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी धाम पर धोक मारने जा रहे थे।

रात करीब साढ़े 12 बजे वह बिधराना गांव के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया। उन्होंने मैजिक को टक्कर मार दी। जिससे मैजिक अनबैलेंस होकर सड़क किनारे गड्‌ढों में पलट गया।

नरवाना के सिविल अस्पताल में घायलों को प्राथमिक उपचार देते डॉक्टर।

टाटा मैजिक के नीचे दबे लोग

इसके बाद घटनास्थल पर चीक पुकार मच गई। लोग मैजिक के नीचे दब गए। आसपास के वाहनों ने लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा होने की वजह से सफलता हाथ नहीं लगी। इसके बाद नरवाना सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

घटनास्थल पर बिखरा पड़ा खाना पीने का सामान।

घटनास्थल पर बिखरा पड़ा खाना पीने का सामान।

पुलिस पहुंची तो दर्द से चिल्ला रहे थे लोग

पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां श्रद्धालुओं के बर्तन समेत खाने-पीने का सामान बिखरा हुआ था। वहां लोग खून से लथपथ दर्द से कराह रहे थे। एक बाद एक 7 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। लोगों को तुरंत नरवाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

मृतकों में रुक्मणी (50), कामिनी (35), तेजपाल (55), सुरेश (50), परमजीत (50), मुक्ति (50) शामिल हैं। एक मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।