स्मृति ईरानी पर अजय राय की फिसली जुबान: कहा- राहुल के चुनाव लड़ने वाली बात पर अमेठी के चक्कर लगा रही हैं

सुल्तानपुर9 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने स्मृति ईरानी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, “जब से हम लोगों ने बात उठाई है कि राहुल अमेठी से चुनाव लड़ने वाले हैं, स्मृति ईरानी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। वो बौखला गई हैं। दो दिन से घूम रही हैं और लोगों को अनाप-शनाप बोल रही हैं।”

अजय राय ने कहा, “अपने कार्यकर्ताओं से हमारे एक लोगों को पिटवा दिया। स्मृति ईरानी के अमेठी आने पर हमारे कार्यकर्ताओं के घर पुलिस भेज दी जाती है। इन लोगों ने अब किसी कांग्रेसी के साथ ये हरकत दोबारा की तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।”

उन्होंने कहा, “अभी मैं रास्ते में था सबको मैंने बुलाया आ जाओ, मैंने सबको कहा, 40 साल यहां पर कांग्रेस के सांसद थे। स्व. इंदिरा गांधी से लेकर, राजीव गांधी से लेकर संजय गांधी से लेकर राहुल गांधी तक रहे, क्या किसी कार्यकर्ता को मारा गया। या किसी विपक्ष वाले को धमकाया मारा गया है।”

कांग्रेस यूपी अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनको माला पहनाई।

कांग्रेस यूपी अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उनको माला पहनाई।

3 दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ता पर हुआ था हमला
बता दें तीन दिन पहले देर रात युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह पर हमला हुआ था। जिसका आरोप भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विषुव मिश्र और किसान जिलाध्यक्ष सचिंद्र प्रताप सिंह पर लगा। जिसके बाद अमेठी कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था।

वहीं दलित जगदीश कोरी की तहरीर पर शुभम सिंह पर एससीएसटी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अजय राय अपने कार्यकर्ता के ऊपर दर्ज मुकदमे का विरोध कर रहे हैं। वो प्रदर्शन करने की चेतावनी दे रहे हैं।

“वो तो भाजपा की मालकिन हैं, हम कार्यकर्ता हैं”
अजय राय ने स्मृति के कार्यकर्ता और मालिक वाले बयान पर कहा, “वो तो भारतीय जनता पार्टी की मालकिन हैं। हम लोग कार्यकर्ता हैं, राहुल गांधी कार्यकर्ता हैं। चार हजार किलोमीटर तक पद यात्रा करने वाला इंसान साधारण सा कार्यकर्ता ही हो सकता है। अमेठी की जनता अब राहुल को बुला रही है। वो लोग राहुल से कह रहे हैं, आइए ये आपका घर है। अब लोग राहुल का अपना भाई, अपने घर का सदस्य बता रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “ये लोग जनता से झूठ बोलते हैं। कहते हैं, भाजपा का बटन दबाइए और 13 रुपए किलो चीनी घर ले जाइए। मैं आप लोगों से पूछता हूं…क्या आपको 13 रुपए में चीनी मिली। ये जनता को भ्रमित करते हैं। नौकरी-कारखाने सब कहां हैं?”

स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर किया था हमला। बोलीं- यहां की जनता कभी भी समझौता नहीं करती।

स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर किया था हमला। बोलीं- यहां की जनता कभी भी समझौता नहीं करती।

स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर की थी टिप्पणी
बता दें, सांसद स्मृति ईरानी शुक्रवार को अमेठी पहुंचीं थीं। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला था। उन्होंने कहा था, जो लोग वोटर्स को राक्षस कहते हैं, आपको क्या लगता है कि अमेठी की सम्मानित जनता उनको स्वीकार करेगी?

उन्होंने कहा कि 10 साल से जितना मैं अमेठी को जानती हूं, यहां की जनता कभी भी समझौता नहीं करती। राहुल गांधी अपनी पार्टी के मालिक हैं और मैं अपनी पार्टी की कार्यकर्ता हूं। रही बात भागने की, तो ये मिजाज उनका रहा है मेरा नहीं।

अब पढ़िए अजय राय के पुराने विवादित बयान-

कार्यकर्ता शुभम सिंह से मिलने पहुंचे थे अजय राय। इस मौके पर उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा।

कार्यकर्ता शुभम सिंह से मिलने पहुंचे थे अजय राय। इस मौके पर उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा।

स्मृति आती हैं, लटके-झटके देकर चली जाती हैं
कांग्रेस नेता अजय राय इससे पहले भी स्मृति पर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था, “राहुल गांधी और राजीव गांधी अमेठी सीट पर चुनाव लड़े हैं। उन लोगों ने कई कारखाने लगवाए। अब आधे से ज्यादा कारखाने बंद पड़े हुए हैं। स्मृति ईरानी केवल आती हैं और लटके-झटके देकर चली जाती हैं।

पीएम-सीएम पर दिया था आपत्तिजनक बयान
अजय राय ने पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ भी आपत्तिजनक बयान दिया था। तब उन्होंने कहा था, “वो नमक जो सरकार की ओर से दिया गया है उसे रखिए। वो मोदी और योगी को साथ में गाड़ देना।” उनका ये बयान यूपी विधानसभा चुनाव के वक्त आया था। जिसके बाद इस बयान को लेकर काफी विवाद भी हुआ था।

भीड़ में बाहर से लोगों को बुलाया गया है- अजय राय
वहीं अप्रैल 2019 में अजय राय ने पीएम मोदी के रोड शो पर टिप्पणी करते हुए कहा था, “रोड शो में पैसे देकर भीड़ जुटाई गई है। पचासों लाख के फूल लोगों में बांटे गए हैं। जिससे मोदी जी आएं तो उनका स्वागत फूल बरसा कर किया जा सके। भीड़ में बाहर से लोगों को बुलाया गया है।”

यह खबर भी पढ़ें-

स्मृति बोलीं-भागने का मिजाज राहुल का है…मेरा नहीं:वोटर्स को राक्षस बोलते हैं, क्या अमेठी की जनता उनको स्वीकार करेगी; गांधी परिवार से पूछे 4 सवाल

स्मृति ने कहा, ”कुछ समय पहले नेता आते थे और फोटो खिंचाकर चले जाते थे। लेकिन आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में बढ़िया काम हो रहा है। अमेठी कभी भी राजनीति से अछूता नहीं रहा। अमेठी ने कई प्रधानमंत्री भी दिए। अमेठी में कांग्रेस के सांसद रहे, लेकिन ट्रामा सेंटर मोदी और योगी के राज में आया। यहां पर कांग्रेस सांसद थे और माता जी उनकी सरकार चलाती थी।(यहां पढ़ें पूरी खबर)