सोनीपत में किसानों के टेंट में लगी भीषण आग: समय रहते बाहर निकले लोग; बाइक और सामान जलकर राख, 2021 में 10 महीनाें में हो चुकी आगजनी की 5 घटनाएं

सोनीपत12 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कुंडली बॉर्डर पर किसानों के टेंट में लग लगाने के बाद की हालत।

हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली बॉर्डर पर शनिवार सुबह किसानों के एक टेंट में आग लग गई। हालांकि इसमें जनहानि नही हुई, लेकिन टेंट में खड़ी एक बाइक और सामान जलकर राख हो गया। टेंट में सो रहे व्यक्ति समय रहते बाहर निकल गए थे। लेकिन कुंडली बॉर्डर पर किसान आंदोलन स्थल पर पहले भी आगजनी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें से 5 घटनाएं तो इसी साल हो चुकी हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 4 बजे के बाद टीडीआई मॉल के सामने लगे किसानों के एक टेंट से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग फैल गई। इससे आसपास लगे टेंट में भी अफरा तफरी मच गई। जिस टेंट में आग लगी थी, वह कुरुक्षेत्र के अथीरा गांव के किसानों का है। इसमें 3 लोग सो रहे थे, जो शोर शराबा सुन कर बाहर आ गए। एक पंखा, एक कूलर, एक मोटरसाइकिल जल गए। वहीं लोगों ने पानी से आग पर काबू पाया। किसानों ने आगजनी को शरारती तत्व की साजिश बताया है।

आग में जली बाइक।

आग में जली बाइक।

19 मार्च को जली किसानों की झोपड़ी

19 मार्च, 2021 को कुंडली बॉर्डर पर किसानों की एक झोपड़ी में रखे LPG सिलेंडर में आग लग गई थी। आग लगने से टेंट व उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में दुग्गल नामक किसान के हाथ-पैर और मुंह झुलस गया था। झोपड़ी में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। कुंडली से पहुंची दमकल विभाग की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया था।

23 जुलाई को भी लगी 3 पंडाल में आग

23 जुलाई, 2021 को भी किसानों के तीन पंडाल में आग लग गई थी। किसानों का आरोप था कि यहां चौथी बार आगजनी की घटना हुई। आग से कुंडली बॉर्डर पर लंगर के पंडाल के नजदीक बने किसानों के दो पंडाल व एक ट्रॉली में बनाए गए आशियाने को नुकसान हुआ। दर्जनों किसानों का एक माह का राशन, कुर्सियां, गद्दे और अन्य सामान जलकर राख हो गया। खास बात यह है कि 10 मिनट के अंतराल में ही करीब 5 झोपड़ियों के बाद बनाए गए एक अन्य पंडाल में आग लग गई, जिससे काफी सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।

इस साल अब तक आगजनी की 5 घटनाएं

कुंडली बॉर्डर पर इस साल अब तक किसानों के टेंट में आगजनी की 5 घटनाएं हो चुकी हैं। बहादुरगढ़ में भी किसानों के टेंट में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।

खबरें और भी हैं…

.