संदेशखाली जा रही फैक्ट फाइंडिंग टीम को पुलिस ने रोका: 6 मेंबर्स को ढाई घंटे अरेस्ट रखा; पुलिस ने कहा- बैरिकेडिंग तोड़ रहे थे

कोलकाता11 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

फैक्ट फाइंडिंग टीम में पटना HC के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एल नरसिम्हा रेड्डी, ओपी व्यास, चारु वली खन्ना, भावना बजाज, राजपाल सिंह और संजीव नायक शामिल हैं।

बंगाल के हिंसा प्रभावित संदेशखाली जा रही फैक्ट फाइंडिंग टीम को रविवार सुबह साउथ 24 परगना में भोजेरहाट में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। टीम को कोलकाता PHQ में रखा गया। हालांकि दोपहर में टीम मेंबर्स को रिहा कर दिया गया।

इस टीम में पटना HC के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एल नरसिम्हा रेड्डी, ओपी व्यास, चारु वली खन्ना, भावना बजाज, राजपाल सिंह और संजीव नायक शामिल हैं।

गिरफ्तारी पर नरसिम्हा रेड्‌डी ने कहा- हम यहां बैठे थे, पर इन्हें इससे भी परेशानी है। अब हम गवर्नर से मिलेंगे और उन्हें अपनी स्थिति बताएंगे। इसके बाद हम दिल्ली में गृह मंत्रालय में अपनी बात रखेंगे।

भांगर डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर ने कहा- हम टीम के लोगों से रिक्वेस्ट कर रहे थे कि आप यहां से आगे मत बढ़िए, पर वे पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए हमें उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा। अगर शांति भंग की कोशिश की जाती है तो पुलिस को गिरफ्तारी का अधिकार है।

संदेशखाली की महिलाएं बोलीं- आवाज उठाने वाली महिलाओं पर हमले हो रहे

साउथ 24 परगना में पुलिस की गाड़ी में बैठते फैक्ट फाइंडिंग टीम के मेंबर्स।

साउथ 24 परगना में पुलिस की गाड़ी में बैठते फैक्ट फाइंडिंग टीम के मेंबर्स।

संदेशखाली की घटना पर भाजपा समर्थकों ने TMC के खिलाफ प्रदर्शन किया।

संदेशखाली की घटना पर भाजपा समर्थकों ने TMC के खिलाफ प्रदर्शन किया।

संदेशखाली में कालिंदी नदी के किनारे बने बांध पर एक स्थानीय महिला से भास्कर टीम ने बातचीत की। महिला ने कहा- माफ कीजिए, हम बात नहीं कर सकते। शुरू में जिन्होंने बेखौफ आवाज उठाई, अब उन पर हमले हो रहे। चुप रहने की धमकियां मिल रही हैं।

महिलाओं से गैंगरेप और उत्पीड़न की शिकायतों के चलते संदेशखाली सुर्खियों में है। जो महिलाएं पहले आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां शेख के खिलाफ खुलकर बोल रही थीं, वो अब चुप हैं। महिलाएं चेहरा ढंककर प्रदर्शन करती मिलीं, लेकिन न नारेबाजी, न बहस।

एक महिला से शांति की वजह पूछी तो उन्होंने कहा- आरोपी तो जेल से छूट जाएंगे, हमें कौन बचाएगा। हमले तो अभी से होने लगे हैं। तीन दिन में 3 घटनाएं हो चुकीं। पुलिस मौजूद है, इसलिए शिकायत किससे करें? गांव में किसी ने नहीं बताया कि गैंगरेप की शिकार महिलाएं कौन हैं और कहां हैं? जिन दो महिलाओं ने पहले शिकायत की, उन्हें लापता बता रहे हैं।

शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि दो महिलाओं से दुष्कर्म हुआ। एक की शिकायत मैंने दर्ज कराई। दूसरी पीड़िता पर उन्होंने चुप्पी साध ली।

नया किरदार: शाहजहां के भाई ने भी जमीन हड़पी
इस मामले में अब तक तीन आरोपी हैं। शाहजहां शेख, शिबू हाजरा और उत्तम सरदार, लेकिन अब शाहजहां का भाई सिराजुद्दीन उर्फ डॉक्टर भी लिस्ट में जुड़ गया है। बेड़मजूर गांव के कैंप में मौसमी हालदार ने शिकायत की कि सिराज ने उसकी डेढ़ बीघा जमीन हड़प ली। पुलिस में शिकायत की तो उल्टे हमें मामला सुलझाने की सलाह दे दी गई। वे कई दिन तक धमकी देते रहे। अभी भी धमकी दे रहे हैं। मौसमी के अलावा युधिष्ठिर हालदार ने भी शिकायत की।

संदेशखाली के बाहर 2 किमी तक रैपिड एक्शन फोर्स समेत अन्य सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।

संदेशखाली के बाहर 2 किमी तक रैपिड एक्शन फोर्स समेत अन्य सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।

अब तक 1250 शिकायतें, इनमें 50 एसटी महिलाओं के यौन उत्पीड़न की
यौन उत्पीड़न का मुख्य केंद्र संदेशखाली का ब्लॉक-2 है। प्रशासन को 18 फरवरी से अब तक यहां 1250 शिकायतें मिली हैं। इनमें 400 जमीन हड़पने की हैं। शनिवार को पुलिस कैंप में जमीन कब्जे की 73 शिकायतें मिलीं। वहीं, अनुसूचित जनजाति आयोग को आदिवासी महिलाओं के यौन उत्पीड़न की 50 शिकायतें मिली हैं। आयोग जांच कर केस दर्ज करेगा।

शाहजहां का साम्राज्य… कहां से आया, किसी को नहीं पता; मजदूर बना, सब्जी बेची, अब माफिया
आरोपी शाहजहां संदेशखाली में कहां से आया, ये कोई नहीं जानता। 2000-2001 में वो मत्स्य केंद्र में मजदूर था। सब्जी भी बेची। फिर ईंट-भट‌्ठे पर काम करने लगा। यहीं उसने मजदूरों की यूनियन बनाई। फिर सीपीएम से जुड़ा।

सिंगूर और नंदीग्राम आंदोलन में वामदलों की जमीन खिसकी तो 2012 में वो तृणमूल के तत्कालीन महासचिव मुकुल रॉय और उत्तर 24 परगना जिले के ताकतवर नेता ज्योतिप्रिय मलिक के सहारे पार्टी से जुड़ गया। जिस राशन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय शाहजहां को खोज रहा है, उसी केस में मलिक जेल में हैं। गांव वालों ने बताया कि शाहजहां के पास सैकड़ों मछली पालन केंद्र, ईंट भट्‌ठे, सैकड़ों एकड़ जमीन हैं। वो 2 से 4 हजार करोड़ की संपत्ति का मालिक है।

TMC नेता शेख शाहजहां के घर 5 जनवरी को ED की टीम पहुंची थी। उस दिन से वह फरार चल रहा है।

TMC नेता शेख शाहजहां के घर 5 जनवरी को ED की टीम पहुंची थी। उस दिन से वह फरार चल रहा है।

भाजपा ने 22 फरवरी को वीडियो जारी कर महिलाओं की आपबीती बताई थी

भाजपा ने संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न मामले में सोशल मीडिया पर 22 फरवरी को एक वीडियो भी जारी किया था। भाजपा ने कैप्शन में लिखा- संदेशखाली का ऐसा सच जो हमारी अंतरात्मा को झकझोर कर रख देगा। ममता बनर्जी इस सच को छिपाने की कोशिश कर रही हैं।

20 मिनट 41 सेकेंड के इस वीडियो में महिलाएं अपनी आपबीती सुना रही हैं। इसमें एक महिला ने दावा किया कि TMC नेता शिब प्रसाद हाजरा यानी शिबू हाजरा उन्हें घर से उठवाकर ले जाता था। TMC के लोग लड़कियों की सुंदरता देखकर उन्हें अपने साथ ले जाते थे। उनके लिए लड़कियां एंटरटेनमेंट थीं।

एक महिला ने बताया कि हाजरा के लोग रात के दो बजे बुलाने आते थे। कहते थे कि दादा (शिबू हाजरा) बुला रहे हैं। उनका आदेश मतलब भगवान का आदेश। मैं रात के दो बजे जाती थी और सुबह 5 बजे आती थी। मैं दुकान चलाती हूं। उनके बुलाने पर नहीं जाती तो मेरी दुकान तोड़ देते। पूरी खबर पढ़ें…

शेड्यूल ट्राइब्स और ह्यूमन राइट्स कमीशन ने मांगी रिपोर्ट

नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल ट्राइब्स (NCST) की टीम गुरुवार को संदेशखाली रवाना हुई।

नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल ट्राइब्स (NCST) की टीम गुरुवार को संदेशखाली रवाना हुई।

नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल ट्राइब्स (NCST) की एक टीम गुरुवार (22 फरवरी) को संदेशखाली पहुंची। NCST के वाइस चेयरमैन अनंत नायक ने कहा कि हम DGP राजीव कुमार और बंगाल के चीफ सेक्रेटरी बीपी गोपालिका से रिपोर्ट मांगेंगे। हमने उन्हें तीन दिन का समय दिया है।

संदेशखाली मामले की जांच के लिए नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) की एक विशेष टीम भी गुरुवार को संदेशखाली का दौरा करेगी। NHRC ने भी चीफ सेक्रेटरी और DGP को नोटिस जारी कर आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर चार हफ्ते के भीतर रिपोर्ट मांगी है।

संदेशखाली मामले में TMC के 3 नेता आरोपी, इनमें दो गिरफ्तार

संदेशखाली में TMC नेता शेख शाहजहां और उसके दो साथियों शिबू हाजरा और उत्तम सरदार पर आरोप है कि वे महिलाओं का गैंगरेप कर रहे थे। इस केस में शिबू हाजरा और उत्तम सरदार समेत 18 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शाहजहां अब तक फरार है।

शाहजहां शेख TMC का डिस्ट्रिक्ट लेवल का नेता है। राशन घोटाले में ED ने 5 जनवरी को उसके घर पर रेड की थी। तब शाहजहां के 200 से ज्यादा सपोर्टर्स ने टीम पर अटैक कर दिया। अफसरों को जान बचाकर भागना पड़ा। तभी से शाहजहां शेख फरार है। हालांकि संदेशखाली के लोगों का कहना है कि वो कहीं नहीं गया, यही हैं।

ये खबरें भी पढ़ें…

संदेशखाली पर बंगाल सरकार को हाईकोर्ट की फटकार: कहा- शाहजहां समस्या की जड़, उसे क्यों नहीं पकड़ा

संदेशखाली केस को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 20 फरवरी को बंगाल सरकार को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा- शुरुआती तौर पर ये साफ है कि टीएमसी नेता शाहजहां ने लोगों को नुकसान पहुंचाया। जिस शाहजहां पर रेप और जमीन हड़पने के आरोप हैं, ऐसा लगता है कि वो पुलिस की पहुंच से बाहर है। पूरी खबर पढ़ें…

ममता बोलीं- संदेशखाली RSS का गढ़:यहां तनाव पैदा करने की भयानक साजिश हो रही, यहां पहले भी दंगे हुए

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न मामले में CM ममता बनर्जी ने गुरुवार (15 फरवरी) को विधानसभा में अपनी बात रखी। ममता ने कहा कि संदेशखाली में तनाव पैदा करने की भयानक साजिश चल रही है। संदेशखाली RSS का गढ़ है। वहां 7-8 साल पहले भी दंगे हुए थे। यह संवेदनशील स्थलों में से एक है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…