शादियों के सीजन में सोना सस्ता: गोल्ड की कीमत में बड़ी गिरावट, फिर 48 हजार के करीब आया; रिकॉर्ड हाई से 8 हजार रुपए कम हुए रेट

नई दिल्ली16 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

आज यानी 23 नवंबर को सोना-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट आई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, सर्राफा बाजार में सोना 758 रुपए सस्ता होकर 48,076 रुपए पर आ गया है। वायदा बाजार की बात करें तो MCX पर दोपहर 4 बजे सोना 308 रुपए की गिरावट के साथ 47,615 रुपए पर ट्रेड कर रहा था।

कैरेट के हिसाब से सोने की कीमत

कैरेट भाव (रुपए/10 ग्राम)
24 48,076
23 47,884
22 44,038
18 36,057

64 हजार के नीचे आई चांदी
अगर चांदी की बात करें तो MCX पर दोपहर 4 बजे ये 994 रुपए की गिरावट के साथ 63,577 रुपए पर ट्रेड कर रही थी। सर्राफा बाजार में ये 1,297 रुपए सस्ती होकर 64,532 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है।

अगस्त 2020 में 56 हजार तक पहुंच गया था सोना
सोना अभी अपने रिकॉर्ड हाई से काफी सस्ता चल रहा है। पिछले साल सर्राफा अगस्त में इसकी कीमत 56,200 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी। यह एक रिकॉर्ड था। अभी ये 48,076 रुपए पर है। ये अपने रिकॉर्ड हाई से 8,124 रुपए प्रति 10 ग्राम कम में मिल रहा है।

सोने में क्यों आ रही गिरावट?
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि सोने में गिरावट का कोई बढ़ा और ठोस कारण नहीं है। अमेरिकन फैडरल बैंक ने ब्याज दरों को निचले स्तर पर कायम रखा है। इससे सोने पर विपरीत असर पड़ा है, लेकिन आने वाले दिनों में सोने में बढ़त देखने को मिल सकती है।

55 हजार तक जा सकता है सोना
अजय केडिया कहते हैं कि देश और दुनिया में महंगाई बढ़ रही है। इसके अलावा कई देशों में कोरोना के मामले फिर बढ़ने लगे हैं। इससे सोने को सपोर्ट मिलेगा और ये आने वाले एक साल में 55 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। अगर आप सोना खरीदने या इसमें निवेश करने का प्लान बना रहे हैं तो ये सही समय हो सकता है।

खबरें और भी हैं…

.