राहुल गांधी के खिलाफ हेट स्पीच, कांग्रेस का प्रदर्शन: रेल राज्य मंत्री समेत 4 नेताओं की पुलिस से शिकायत; अठावले बोले- राहुल का पासपोर्ट रद्द हो

  • Hindi News
  • National
  • Rahul Gandhi Threat; Congress Ajay Maken BJP Police Complaint | Delhi News

दिल्ली34 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा नेताओं के बयान को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली में प्रदर्शन किया। केसी वेणुगोपाल ने सभी राज्यों को प्रदर्शन करने का निर्देश जारी किया है।

राहुल गांधी के खिलाफ हेट स्पीच देने वाले भाजपा और सहयोगी दल के नेताओं के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली पुलिस से शिकायत की। कांग्रेस नेता अजय माकन ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू समेत 4 नेताओं की शिकायत की।

माकन ने कहा- जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, इसलिए कुछ लोग देश की शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में भाजपा नेताओं के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।

उधर, कांग्रेस के विरोध के बीच राहुल के खिलाफ भाजपा और उसके एक अन्य सहयोगी नेता ने फिर बयान दिया। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि राहुल गांधी विदेश में जाकर देश की प्रतिष्ठा को गिराते हैं, उनका पासपोर्ट रद्द होना चाहिए। वहीं भाजपा सांसद अनिल बोंडे ने कहा- राहुल की जीभ काट लेनी चाहिए।

QuoteImage

भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं द्वारा लगातार राहुल गांधी के लिए बेहद आपत्तिजनक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह है कि ऐसे नेताओं पर लगाम लगाएं। -17 सितंबर को कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की PM को चिट्‌ठी

QuoteImage

राहुल के खिलाफ BJP और उसके सहयोगी दलों के नेताओं के 3 बयान…

1. तरविंदर सिंह मारवाह ​​​​​​: दिल्ली में राहुल गांधी के घर के बाहर 11 सितंबर को भाजपा ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान भाजपा नेता तरविंदर सिंह मारवाह पर राहुल को मारने की धमकी देने का आरोप लगा।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘BJP नेता खुलेआम देश के नेता प्रतिपक्ष को हत्या की धमकी दे रहा है। ये बेहद गंभीर मामला है। ये भाजपा की नफरत की फैक्ट्री का प्रोडक्ट है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। PM मोदी अपनी पार्टी के इस नेता की धमकी पर चुप नहीं रह सकते।

QuoteImage

‘राहुल गांधी बाज आ जा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा, जो तेरी दादी का हुआ। – तरविंदर सिंह, भाजपा नेता

QuoteImage

कांग्रेस ने भाजपा नेता और पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है।

कांग्रेस ने भाजपा नेता और पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है।

2. केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू: केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने 15 सितंबर को कांग्रेस लीडर राहुल गांधी को आतंकवादी बताया। उन्होंने कहा कि ‘राहुल गांधी हिंदुस्तानी नहीं हैं। उनको भारत से प्यार भी नहीं है। राहुल ने पहले मुसलमानों का इस्तेमाल करने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हुआ तो वे अब सिखों को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, ‘राहुल गांधी देश के नंबर वन टेररिस्ट हैं। उनको पकड़ने वाले को इनाम दिया जाना चाहिए, क्योंकि वे देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं। देश की एजेंसियों को उन पर नजर रखनी चाहिए।’ दरअसल, राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा था कि भारत में सिख समुदाय के बीच इस बात की चिंता है कि उन्हें पगड़ी और कड़ा पहनने की इजाजत दी जाएगी या नहीं।

15 सितंबर को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को देश का सबसे बड़ा दुश्मन बताया।

15 सितंबर को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को देश का सबसे बड़ा दुश्मन बताया।

कांग्रेस का जवाब: केंद्रीय मंत्री के बयान पर पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि जिसने राहुल गांधी के आगे-पीछे घूमकर अपना राजनीतिक करियर बनाया, वो सत्ता के लालच में विरोधियों की गोदी में बैठ कर सस्ते बयान दे रहा है। रवनीत बिट्टू को शास्त्रों में आस्तीन का सांप कहा गया है।

3. संजय गायकवाड़: 16 सितंबर को महाराष्ट्र के बुलढाणा से विधायक संजय गायकवाड़ ने कहा, ‘राहुल गांधी पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। उन्हें इसका इनाम मिलेगा, जो भी राहुल की जीभ काटेगा, उसे 11 लाख रुपए दिए जाएंगे।’

संजय ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में संविधान खतरे में होने का फर्जी नैरेटिव सेट कर वोट हासिल किए। आज वे आरक्षण खत्म करने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस पिछड़े वर्ग, ओबीसी और आदिवासियों का आरक्षण खत्म करना चाहती है। बुलढाणा में संजय पर FIR दर्ज कर ली गई है।

शिंदे गुट के नेता संजय गायकवाड़ बुलढाणा से विधायक हैं।

शिंदे गुट के नेता संजय गायकवाड़ बुलढाणा से विधायक हैं।

4. यूपी के मंत्री रघुराज सिंह: बीजेपी नेता और यूपी के मंत्री रघुराज सिंह ने 16 सितंबर को इंदौर में सार्वजनिक तौर पर कहा था कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ‘भारत के नंबर वन आतंकवादी’ हैं।

राहुल गांधी के सिख वाले बयान पर हंगामा राहुल गांधी पिछले दिनों अमेरिका दौरे पर थे। भारत में आरक्षण कब तक चलेगा, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था, “कांग्रेस तभी आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी, जब देश में सभी को समान अवसर मिलने लगेंगे। फिलहाल भारत में ऐसी स्थिति नहीं है।” साथ ही उन्होंने कहा था कि भारत में सिख समुदाय के बीच इस बात की चिंता है कि उन्हें पगड़ी, कड़ा पहनने की इजाजत दी जाएगी या नहीं।

राहुल गांधी के इस बयान पर देशभर में उनका विरोध हुआ था। हालांकि राहुल गांधी ने कहा था कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया।

ये खबर भी पढ़ें…

धनखड़ ने कहा- नेता विपक्ष की मानसिकता संविधान विरोधी

मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी राहुल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की आरक्षण खत्म करने वाली टिप्पणी संविधान विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। आरक्षण योग्यता के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह देश और संविधान की आत्मा है। यह सकारात्मक सोच है, नकारात्मक नहीं। यह किसी को अवसर से वंचित नहीं कर रही, बल्कि मजबूत स्तंभ के रूप में समाज को सहारा दे रही है। पूरी खबर पढ़ें …

खबरें और भी हैं…