राजस्थान में आतंकी संगठन से जुड़े 6 लोग गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस की भिवाड़ी में छापेमारी, हथियार चलाने की ट्रेनिंग ले रहे थे – Bhiwadi News

संदिग्धों को पहले चौपानकी थाने लाया गया, लेकिन फिर कुछ मिनटों में इन्हें पुलिस की स्पेशल टीम दिल्ली लेकर रवाना हो गई।

राजस्थान के भिवाड़ी से आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े 6 संदिग्धों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने चौपानकी से इन संदिग्धों को पकड़ा है। आरोप है कि पकड़े गए संदिग्ध भिवाड़ी जिले में हथियार चलाने की ट्रेनिंग ले रहे थे

.

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड में एटीएस के साथ मिलकर कई शहरों में छापेमारी की है। ऑपरेशन में अल-कायदा से प्रेरित एक मॉड्यूल अल-कायदा इन इंडियन सब कॉन्टिनेंट (AQIS) का खुलासा हुआ। तीन राज्यों से अब तक कुल 14 संदिग्धों को पकड़ा गया है।

शुरुआती जांच के मुताबिक इस मॉड्यूल का संचालन रांची का डॉ. इश्तियाक कर रहा था। वह देश के विभिन्न इलाकों में बड़ी आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में जुटा था। मॉड्यूल के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दी गई थी।

इंडस्ट्रियल एरिया में रह रहे थे संदिग्ध
दिल्ली पुलिस को भिवाड़ी में आतंकी गतिविधि की जानकारी मिली थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे चौपानकी के इंडस्ट्रियल एरिया में दबिश दी गई। जहां सभी 6 संदिग्ध एक साथ रह रहे थे। भिवाड़ी पुलिस को भी इस ऑपरेशन की पहले से जानकारी थी। दावा किया जा रहा है कि लोकल पुलिस पहले से आरोपियों पर नजर रख रही थी। आरोपियों की पहचान का खुलासा अभी नहीं हुआ है। हालांकि, इनके तार झारखंड में पकड़े गए आरोपियों से जुड़े हो सकते हैं।

हथियार भी बरामद किए
भिवाड़ी दौरे पर आए जयपुर रेंज आईजी अनिल कुमार टांक ने बताया- दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने गुरुवार सुबह चौपानकी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने भिवाड़ी पुलिस से फोर्स मांगी थी, जो उपलब्ध कराई गई। पूरी कार्रवाई दिल्ली स्पेशल पुलिस की थी, जो उन्हें गिरफ्तार कर सीधा दिल्ली ले गई। उनसे हथियार बरामद किए गए हैं। सभी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। उनका भिवाड़ी से कोई संबंध नहीं है।

इन देशों में एक्टिव है आतंकी संगठन

कैसे बना आतंकी संगठन AQIS
अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट ​(AQIS) की शुरुआत 2014 में पूर्व अल-कायदा चीफ अयमान अल-जवाहिरी ने की थी। पाकिस्तान मूल का असीम उमर इसका शुरुआती सदस्य था। तब अल-जवाहिरी की तरफ से एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उसने भारत के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों की बात कही थी।

अब इसकी अगुवाई ओसामा महमूद कर रहा है, जो पाकिस्तान मूल का बताया जाता है। US-अफगान मिलिट्री ऑपरेशन में उमर मारा गया था। इसके बाद 2019 में महमूद ने इसकी बागडोर अपने हाथ में ले ली थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, इंडियन सब-कॉन्टिनेंट में अल-कायदा के एक संगठन AQIS के 200 लड़ाके मौजूद हैं। इनका लीडर आतंकी ओसामा महमूद है। वहीं अफगानिस्तान में इस संगठन के 400 लड़ाके हैं। UN के एक मेंबर स्टेट ने दावा किया है कि AQIS क्षेत्र में ISIS के खोरासान प्रॉविंस (ISIL-K) से जुड़ने के लिए तैयार है।

भारत में आतंकी संगठन AQIS कितना एक्टिव
दिल्ली में 2015 में तीन आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद AQIS की भारत में मौजूदगी का पहली बार पता चला था। दिल्ली पुलिस ने बाद में AQIS के आतंकी मौलाना अब्दुल रहमान कासमी को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने दावा किया कि इस आतंकी संगठन ने झारखंड के जंगलों में ट्रेनिंग कैंप बना रखा है। जुलाई 2021 में UP पुलिस ने अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन अंसार गजवत उल हिंद के 2 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। भारत में अब AQIS का कोई बेस नहीं है।

ये भी पढ़ें-

झारखंड में ATS की रेड, पकड़े गए 7 स्लीपर सेल:अलकायदा इंडियन सबकॉन्टिनेंट से जुड़े तार; रांची, लोहरदगा, हजारीबाग के 14 ठिकानों में कार्रवाई