राजस्थान में आज पेट्रोल पंप बंद: हॉकी में भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत; 9 लाख KM दूर पहुंचा आदित्य L1

7 मिनट पहलेलेखक: आदर्श शर्मा, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर एशियन गेम्स से जुड़ी रही। यहां भारत ने पाकिस्तान को हॉकी और स्क्वॉश में हराया। एक खबर ब्रिटेन में भारत के हाई कमिश्नर से जुड़ी रही, जिन्हें खालिस्तानियों ने एक गुरुद्वारे के अंदर नहीं घुसने दिया। हम आपको यह भी बताएंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ और राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की जनसभा में क्या कहा…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  • PM मोदी तेलंगाना में जनसभा को संबोधित करेंंगे। वे 13,545 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का इनॉगरेशन और शिलान्यास भी करेंगे।
  • देश में कारों की सेफ्टी रेटिंग तय करने के लिए भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम की शुरुआत होगी। इसमें कारों को टेस्टिंग के बाद सेफ्टी रेटिंग दी जाएगी।
  • पीएम मोदी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने आज सुबह 10 बजे लोगों से सफाई के लिए श्रमदान करने की अपील भी की है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. हॉकी में भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत, स्क्वॉश में भी PAK को हराकर गोल्ड मेडल जीता

1. पहली तस्वीर जीत के बाद जश्न मनाते इंडियन हॉकी प्लेयर्स की है। 2. दूसरी तस्वीर स्क्वॉश में गोल्ड मेडल जीतने वाली इंडियन टीम की है। 3. तीसरी तस्वीर टेनिस में गोल्ड मेडल जीतने वाले रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले की है।

1. पहली तस्वीर जीत के बाद जश्न मनाते इंडियन हॉकी प्लेयर्स की है। 2. दूसरी तस्वीर स्क्वॉश में गोल्ड मेडल जीतने वाली इंडियन टीम की है। 3. तीसरी तस्वीर टेनिस में गोल्ड मेडल जीतने वाले रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले की है।

एशियन गेम्स के 7वें दिन हॉकी में भारत ने पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत हासिल की। इंडिया ने पूल-A के लीग मुकाबले में पाकिस्तान को 10-2 से हराया। भारत ने पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ 10 गोल किए।स्क्वॉश में भारतीय मेंस टीम ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर गोल्ड जीता। वहीं, टेनिस में रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले की जोड़ी ने गोल्ड मेडल हासिल किया। टेबल टेनिस में सुतीर्था और अयहिका मुखर्जी की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-16 चीनी जोड़ी को 3-1 से हराया।

भारत के कुल मेडल: एशियन गेम्स के 7वें दिन भारत ने दो गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत एशियन गेम्स में कुल 10 गोल्ड, 14 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। वह 38 मेडल के साथ टैली में चौथे नंबर पर पहुंच गया है। चीन 211 मेडल के साथ पहले और जापान 101 मेडल के साथ टैली में दूसरे नंबर पर है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. 7 अक्टूबर तक बदले जा सकेंगे ₹2000 के नोट, सर्कुलेशन के 96% नोट बैंकों में वापस आए

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने बैंकों में दो हजार रुपए के नोट जमा करने और बदलने की तारीख 7 अक्टूबर तक बढ़ा दी है। इसके बाद बैंक इन नोटों को नहीं लेंगे। हालांकि वे लीगल टेंडर बने रहेंगे। लोग आपसी लेन-देन में इनका इस्तेमाल कर सकेंगे। इन नोटों को किसी भी बैंक में जाकर बदला जा सकता है। एक दिन में 20 हजार कीमत के नोट बदले जा सकते हैं। वहीं, अकाउंट में 2 हजार के कितने भी नोट जमा कराए जा सकते हैं।

ये खबर अहम क्यों है: RBI ने 19 मई को 2000 के नोट को सर्कुलेशन से बाहर करने की घोषणा की थी। उस दौरान 3.56 लाख करोड़ रुपए के नोट सर्कुलेशन में थे। इनमें से 96% नोट बैंकों में वापस आ चुके हैं।अब सिर्फ 14 हजार करोड़ रुपए की वैल्यू के नोट बाजार में हैं। 2000 के नोट को 2016 में नोटबंदी के बाद लॉन्च किया गया था। RBI ने साल 2018-19 में ही 2000 के नोटों की छपाई बंद कर दी थी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राजस्थान में आज पेट्रोल पंप डीलर्स की हड़ताल, सुबह 6 से शाम 6 बजे तक पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा

देश में सबसे महंगा फ्यूल राजस्थान के श्रीगंगानगर में बिक रहा है। यहां एक लीटर पेट्रोल ₹113.30 और एक लीटर डीजल ₹98.07 में मिलता है।

देश में सबसे महंगा फ्यूल राजस्थान के श्रीगंगानगर में बिक रहा है। यहां एक लीटर पेट्रोल ₹113.30 और एक लीटर डीजल ₹98.07 में मिलता है।

राजस्थान के पेट्रोल पंप डीलर्स आज हड़ताल पर रहेंगे। सुबह 6 से शाम 6 बजे तक करीब 7 हजार पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल की ब्रिकी नहीं होगी। डीलर्स राज्य में पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) को कम करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि राजस्थान सरकार ने मांग पूरी नहीं की तो वे 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे पहले 15 सितंबर को भी पेट्रोल पंप डीलर्स हड़ताल कर चुके हैं।

ये खबर अहम क्यों है: राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, हड़ताल के चलते राज्य में रोजाना 15 हजार लीटर डीजल और 68 हजार लीटर पेट्रोल की ब्रिकी प्रभावित होगी। इससे राज्य सरकार को हर दिन करीब 44 करोड़ रुपए का नुकसान होगा। राजस्थान में डीजल पर 19% और पेट्रोल पर 31% वैट लगता है। यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत 108.20 रुपए और एक लीटर डीजल की कीमत 93.47 रुपए है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. राहुल बोले- RSS ने PM मोदी को हिंसा फैलाने की जिम्मेदारी दी, वे आदिवासियों के लिए काम नहीं करते

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘PM मोदी दलितों और आदिवासियों के लिए काम नहीं करते। उनका काम तो ध्यान भटकाने का है। नफरत और हिंसा फैलाने का है। यह काम उन्हें RSS ने सौंपा है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जातीय जनगणना का सवाल उठाने पर भाजपा के लोग कांपने लगते हैं। सरकार बनने पर हम जातीय जनगणना करके दिखाएंगे।’ राहुल पार्टी की जन आक्रोश यात्रा में भी शामिल हुए।

ये खबर अहम क्यों है: मध्य प्रदेश में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस ने 26 सितंबर को जन आक्रोश यात्राएं शुरू कीं। राज्य के 7 अलग-अलग इलाकों से पार्टी के 7 सीनियर नेताओं ने इनकी शुरुआत की। ये यात्राएं लगभग 11 हजार 400 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर राज्य की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंची हैं। जन आक्रोश यात्रा के जरिए कांग्रेस ने भाजपा सरकार की खामियों को जनता के सामने रखा है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. आदित्य L1 ने 9.2 लाख KM का सफर तय किया, पृथ्वी के प्रभाव क्षेत्र से बाहर निकला

भारत के सोलर मिशन आदित्य L1 ने धरती से 9.2 लाख किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर ली है। स्पेसक्राफ्ट अब पृथ्वी के प्रभाव क्षेत्र से बाहर निकल गया है और लैग्रेंज पॉइंट 1 (L1) की ओर बढ़ रहा है। यह दूसरी बार है, जब इसरो का कोई स्पेसक्राफ्ट पृथ्वी के प्रभाव क्षेत्र से बाहर गया है। ऐसा पहली बार 2013 में मार्स ऑर्बिटर मिशन ने किया था। आदित्य L1 मिशन को 2 सिंतबर को लॉन्च किया गया था।

ये खबर अहम क्यों है: 126 दिन का सफर तय करने के बाद आदित्य L1 जनवरी में L1 पॉइंट पर पहुंचेगा। यह धरती से 15 लाख किलोमीटर की दूरी पर है। इस पॉइंट पर ग्रहण का प्रभाव नहीं पड़ता, जिससे यहां से हमेशा सूरज दिखता है। आदित्य L1 यहां से ही सूरज की स्टडी करेगा। इसके लिए इसमें 7 इक्यिपमेंट्स लगाए गए हैं। स्टडी के बाद पता चलेगा कि सूरज में होने वाले बदलाव अंतरिक्ष और पृथ्वी को कैसे प्रभावित करते हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. PM बोले- कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया, भाजपा सरकार बनते ही PCS घोटाले की जांच होगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने केंद्र सरकार के काम गिनाए। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। भाजपा सरकार बनते ही PCS घोटाला की जांच होगी। केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है, लेकिन कांग्रेस सरकार केंद्र की कोशिशों को फेल करने में लगी रहती है।’

ये खबर अहम क्यों है: PM मोदी पिछले 3 महीनों में तीसरी बार छत्तीसगढ़ पहुंचे। उन्होंने 7 जुलाई को रायपुर, 14 सितंबर को रायगढ़ और 30 सितंबर को बिलासपुर में जनसभा की। बिलासपुर छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा संभाग है। यहां कुल 8 जिले और 25 विधानसभा सीटें हैं, जो सरकार बनाने और गिराने के लिए अहम है। पिछले चुनाव में यहां कांग्रेस ने 14 और भाजपा ने 7 सीटें जीती थीं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. खालिस्तानियों ने इंडियन हाई कमिश्नर को गुरुद्वारा जाने से रोका, भारत ने ब्रिटेन से जताई नाराजगी

वीडियो में एक खालिस्तान समर्थक को इंडियन हाई कमिश्नर की कार का गेट खोलने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में एक खालिस्तान समर्थक को इंडियन हाई कमिश्नर की कार का गेट खोलने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

ब्रिटेन में भारत के हाई कमिश्नर विक्रम दोरईस्वामी को खालिस्तानियों ने एक गुरुद्वारे में घुसने से रोक दिया। वे स्कॉटलैंड में एक गुरुद्वारा समिति के साथ मीटिंग करने जा रहे थे। गुरुद्वारा पहुंचते ही उनकी गाड़ी को खालिस्तान समर्थकों ने घेर लिया। उनकी कार का गेट खोलने की भी कोशिश की, जिसके बाद वे वहां से लौट गए। भारत ने इसे लेकर ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय से नाराजगी जताई है।

ये खबर अहम क्यों है: इसी साल मार्च में खालिस्तान समर्थकों ने लंदन में इंडियन हाई कमीशन में तोड़फोड़ की थी। वहां लगा तिरंगा भी उतार दिया था। NIA इस मामले की जांच कर रही है। ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक पिछले महीने G20 समिट के लिए भारत आए थे। उन्होंने खालिस्तान के मुद्दे पर कहा था कि कट्टरता या हिंसा किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम इस मुद्दे पर भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. पाकिस्तान में होती है आत्मघाती हमलावरों की बिक्री:अफगानिस्तान में मिलती है ट्रेनिंग; पूर्व आतंकियों ने बताई भर्ती से हमले तक की प्लानिंग (पढ़ें पूरी खबर)
  2. बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन ने LAC पर बनाई सड़क:यह चीन को नजर नहीं आएगी; दौलत बेग ओल्डी तक आसानी से मिलिट्री सपोर्ट पहुंचेगा (पढ़ें पूरी खबर)
  3. बेंगलुरु में 854 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी: वॉट्सऐप-टेलीग्राम से फंसाया, ज्यादा रिटर्न का लालच देते थे; 6 गिरफ्तार (पढ़ें पूरी खबर)
  4. 31 साल पुराने रेप केस में 215 सरकारी कर्मचारी दोषी: तमिलनाडु के वचथी गांव में पुलिस, फॉरेस्ट और रेवेन्यू अफसरों ने किया था दुष्कर्म (पढ़ें पूरी खबर)
  5. तमिलनाडु में 100 फीट गहरी खाई में गिरी टूरिस्ट बस:8 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल; ऊटी से मेट्टुपालयम जा रही थी (पढ़ें पूरी खबर)
  6. बारिश के कारण भारत-इंग्लैंड वर्ल्ड कप वॉर्म-अप मैच रद्द: एक भी बॉल नहीं डाली गई; ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी (पढ़ें पूरी खबर)
  7. मालदीव राष्ट्रपति चुनाव पूरा हुआ, नतीजा आज आएगा: इंडिया फर्स्ट बनाम इंडिया आउट रहा मुद्दा; विपक्षी उम्मीदवार मोहम्मद मुइज चीन समर्थक (पढ़ें पूरी खबर)
  8. फ्रीडम ऑफ स्पीच पर किसी की सीख नहीं चाहिए: अमेरिका में जयशंकर बोले- कनाडा में दूतावास पर बम फेंके, डिप्लोमैट्स को धमकाया; ये साधारण नहीं (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

सब्जी बेचने के लिए ऑडी कार से मंडी पहुंचा किसान

तस्वीर में किसान को ऑडी कार से आते हुए और फिर पालक बेचते हुए देखा जा सकता है।

तस्वीर में किसान को ऑडी कार से आते हुए और फिर पालक बेचते हुए देखा जा सकता है।

एक किसान अपनी सफेद ऑडी से सब्जी मंडी पहुंचा और लाल पालक बेचना शुरू कर दिया। केरल के इस किसान का नाम सुजीत है। वे पहले कैब ड्राइवर थे, लेकिन पिछले 10 सालों से खेती कर रहे हैं। वे सोशल मीडिया पर वैरायटी फार्मर के नाम से मशहूर हो चुके हैं। उन्हें खेती-किसानी के तकनीकों के बारे में जागरूकता फैलाने, अलग-अलग किस्म की फसलों को उगाने के लिए कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…