मोदी कैबिनेट में जगह नहीं मिलने से शिवसेना सांसद नाराज: कहा-7 सांसद, पर राज्यमंत्री बनाया; CM का बेटा बोला- सरकार को बिना शर्त समर्थन

मुंबई13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

श्रीरंग बारणे ने कहा है कि एकनाथ शिंदे के कारण ही महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन हुआ था। हमें कैबिनेट मंत्री पद मिलना चाहिए था।

महाराष्ट्र में NDA की सहयोगी पार्टी शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद ने मोदी कैबिनेट में पार्टी के किसी सांसद को शामिल नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। पार्टी सांसद श्रीरंग बारणे ने कहा कि 7 सांसद होने के बावजूद हमें एक भी कैबिनेट पद नहीं दिया गया। ​​​​​​शिवसेना (शिंदे गुट) के प्रतापराव जाधव ने मोदी 3.0 में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ ली है।

बारणे ने कहा कि, “हम कैबिनेट में जगह की उम्मीद कर रहे थे। चिराग पासवान के 5 सांसद हैं, जीतन राम मांझी का एक सांसद हैं, JD(S) के 2 सांसद हैं, फिर भी उन्हें एक कैबिनेट मंत्रालय मिला। फिर 7 लोकसभा सीटें मिलने के बावजूद शिवसेना (शिंदे) को सिर्फ एक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) क्यों मिला?”

बारणे ने आगे कहा कि शिवसेना, भाजपा की पुरानी सहयोगी है। इसके लिए कम से कम शिवसेना को कैबिनेट पद मिलना चाहिए था। उन्होंने कैबिनेट पद बांटने में पक्षपात का आरोप भी लगाया। बारणे का दावा है कि JD(U) और TDP के बाद शिवसेना (शिंदे) BJP की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी सहयोगी है।

बारणे के मुताबिक, महाराष्ट्र में शिवसेना ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से 7 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 28 में से नौ सीटें मिलीं। भाजपा को ध्यान रखना चाहिए कि एकनाथ शिंदे के साहसिक कदम के कारण महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन हुआ। हमारी भाजपा से अभी भी उम्मीद हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सातारा से भाजपा सांसद उदयनराजे भोसले भी कैबिनेट मंत्री बनने के हकदार हैं। लोकसभा चुनाव में बारणे ने शिवसेना (UBT) के संजोग वाघेरे को हराया है। वे लगातार 3 बार मावल सीट से सांसद बने हैं।

श्रीकांत शिंदे ने कहा- NDA को बिना शर्त समर्थन
पार्टी सांसद श्रीरंग बारणे के बयान पर पार्टी के नेता और सांसद श्रीकांत शिंदे (एकनाथ शिंदे) ने कहा कि हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि हम सरकार को बिना शर्त समर्थन दे रहे हैं। इस देश को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की जरूरत है।

सत्ता के लिए कोई सौदेबाजी या बातचीत नहीं होती। हमने एक वैचारिक गठबंधन को बिना शर्त समर्थन दिया है। हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र निर्माण के नेक काम को आगे बढ़ाएं। पार्टी के सभी विधायक और सांसद NDA के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।

NCP ठुकरा चुकी है राज्य मंत्री का पद
इससे पहले मोदी कैबिनेट में जगह नहीं मिलने पर NCP (अजित) ने राज्य मंत्री का पद ठुकरा दिया था। पार्टी प्रमुख अजीत पवार और राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने इसे डिमोशन बताया था।

केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके प्रफुल्ल पटेल ने कहा था कि उन्हें स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री का पद स्वीकार करना उचित नहीं लगा। इसलिए हमने भाजपा कहा कि हम कुछ दिन इंतजार करने को तैयार हैं, लेकिन हमें कैबिनेट पद चाहिए।

मोदी कैबिनेट में महाराष्ट्र से 6 लोग
नई मोदी सरकार में महाराष्ट्र से 6 नेताओं को शामिल किया गया है। BJP के 4 सांसद नितिन गडकरी और पीयूष गोयल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। महाराष्ट्र से भाजपा की इकलौती महिला सांसद रक्षा खडसे और पहली बार सांसद बने मुरलीधर मोहोल को राज्य मंत्री बनाया गया है।

BJP के सहयोगी दलों में RPI (A) प्रमुख रामदास अठावले को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रतापराव जाधव (शिवसेना, शिंदे गुट) को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।

यह खबर भी पढ़े…
मोदी कैबिनेट में शाह, राजनाथ, गडकरी के मंत्रालय रिपीट, जयशंकर विदेश मंत्री और शिवराज को कृषि मंत्रालय

मोदी सरकार के विभागों का बंटवारा सोमवार शाम 6:30 बजे किया गया। अमित शाह को फिर से गृह मंत्री, राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री, नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्री बनाया गया है। एस जयशंकर के पास विदेश मंत्रालय ही रहेगा। शिवराज सिंह को कृषि मंत्रालय का जिम्मा दिया गया है। मनोहर लाल खट्टर को ऊर्जा विभाग दिया गया है। नितिन गडकरी के साथ दो राज्य मंत्री रहेंगे। पूरी खबर पढ़ें…

मोदी कैबिनेट का पहला फैसला- 3 करोड़ नए घर बनेंगे: PM ने ₹17000 करोड़ की किसान सम्मान निधि को मंजूरी दी

मोदी कैबिनेट ने पहली बैठक में गरीबों के लिए तीन करोड़ नए घर बनाने को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांवों और शहरों में बनने वाले इन घरों में टॉयलेट, बिजली, पानी और गैस कनेक्शन होगा।इस स्कीम के तहत पिछले 10 साल में कुल 4.21 करोड़ घर पहले ही बनाए जा चुके हैं। योजना के तहत घर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से आर्थिक मदद दी जाती है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…