मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: 80 करोड़ गरीबों को 2028 तक मुफ्त राशन; PAK एयरबेस पर आतंकी हमला, 3 एयरक्राफ्ट तबाह; गाजा की मस्जिदों पर बमबारी

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Virat Kohli | PM Modi Chhattisgarh Visit ISRO S Somanath

6 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के ऐलान की रही, जिसमें मुफ्त राशन योजना को 5 साल के लिए बढ़ाने का वादा किया गया। एक खबर इजराइल-हमास जंग की रही, हमास ने आरोप लगाया है कि इजराइली आर्मी गाजा की मस्जिदों पर हमले कर रही है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. गृह मंत्री अमित शाह बिहार के मुजफ्फरपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। बीते एक साल उनका ये 7वां बिहार दौरा है।
  2. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वर्ल्ड कप मुकाबला होगा। ये मैच कोलकाता में खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. PM मोदी का ऐलान- 80 करोड़ गरीबों को अगले 5 साल तक मुफ्त राशन मिलेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार 80 करोड़ गरीब परिवार को मुफ्त राशन योजना का फायदा अगले 5 साल तक बढ़ाएगी। उन्होंने ये वादा छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक चुनावी रैली के दौरान किया। मोदी ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर 9500 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप भी लगाया।

इसके बाद मोदी ने मध्यप्रदेश के रतलाम में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने दिग्विजय और कमलनाथ का नाम लिए बिना कहा कि यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने का कॉम्पिटिशन चल रहा है। ये CM की कुर्सी के लिए नहीं बल्कि इसलिए लड़ रहे कि किसका बेटा MP कांग्रेस पर कब्जा करेगा?’

ये खबर अहम क्यों है: प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना मार्च 2020 में कोविड के दौरान चलाई गई थी। दिसंबर 2022 में इसे एक साल के लिए बढ़ा दिया गया। इसके तहत BPL कार्ड वाले परिवारों को हर महीने प्रति व्यक्ति 4 किलो गेहूं और 1 किलो चावल मुफ्त दिया जाता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. गाजा की मस्जिदों पर इजराइली हमले; हिजबुल्लाह का इजराइल की 6 आर्मी पोस्ट पर हमला

गाजा की हेल्थ मिनिस्ट्री का कहना है कि लगातार हो रही इजराइली बमबारी के कारण यहां 2,200 से ज्यादा लोग मलबे में दबे हैं।

गाजा की हेल्थ मिनिस्ट्री का कहना है कि लगातार हो रही इजराइली बमबारी के कारण यहां 2,200 से ज्यादा लोग मलबे में दबे हैं।

इजराइल-हमास जंग के 29वें दिन हमास ने आरोप लगाया कि इजराइली आर्मी मस्जिदों पर हमला कर रही है। अलजजीरा के मुताबिक​​​​, गाजा में हो रही इजराइली बमबारी की वजह से हर घंटे 15 लोगों की मौत हो रही है, इनमें 6 बच्चे हैं। साथ ही 35 लोग घायल हो रहे हैं और 12 इमारतें तबाह हो रही हैं। इस बीच लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह ने इजराइली आर्मी की 6 पोस्ट पर हमला किया है। इजराइली सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की।

ये खबर अहम क्यों है: इजराइली आर्मी का दावा है कि गाजा अब 2 हिस्सों में बंट गया है। आर्मी साउथ गाजा में मानवीय सहायता पहुंचा रही है। वहीं नॉर्थ गाजा में जंग तेज हो चुकी है। उधर, UN का कहना है कि गाजा में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं बची है। 7 अक्टूबर से शुरू हुई जंग में अब तक 1403 इजराइली और 9 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. ISRO चीफ ने आत्मकथा की पब्लिशिंग रोकी; दावा- इसमें लिखा कि मेरा प्रमोशन पूर्व चीफ सिवन ने रोका

ISRO चीफ एस. सोमनाथ ने अपनी ऑटोबायोग्राफी की पब्लिशिंग रोक दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमनाथ ने किताब में दावा किया था कि उनका प्रमोशन स्पेस एजेंसी के पूर्व चीफ के सिवन ने रोका था। वे नहीं चाहते थे कि मैं संस्था का चीफ बनूं। इसके साथ ये भी लिखा कि चंद्रयान-2 जल्दबाजी के कारण फेल हुआ था। मिशन से पहले किए जाने वाले सभी टेस्ट नहीं हुए थे।

सोमनाथ का क्या कहना है: मैंने अपने जीवन में आई चुनौतियों के बारे में लिखा है। किसी के ऊपर निजी टिप्पणी नहीं की। किताब में मैंने अपनी ISRO चीफ बनने तक की यात्रा बताई है। हर इंसान को किसी संस्थान में सबसे ऊंचे पद पर जाने के दौरान कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वैसी ही समस्याएं मेरे सामने भी आई थीं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. IIT-BHU की छात्रा ने आरोपियों की पहचान की; छेड़छाड़ का एक और मामला सामने आया
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के के IIT कैंपस में जिस छात्रा से छेड़छाड़ हुई थी, उसने सीसीटीवी फुटेज के जरिए तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस कई संदिग्धों को कस्टडी में लेकर पूछताछ कर कर रही है। इस घटना से 2 दिन पहले भी कैंपस में छेड़छाड़ का एक और मामला आया था। लेकिन छात्रा ने इसकी लिखित शिकायत नहीं की।

घटना के बाद क्या फैसले लिए गए: IIT-BHU कैंपस की सुरक्षा के लिए हर 2 घंटे पर पुलिस और सिक्योरिटी वैन पेट्रोलिंग करेगी। पिंक बूथ बनाए जाएंगे। 40 से ज्यादा चेक प्वाइंट्स पर रिटायर्ड मिलिट्री गार्ड और पुलिस की तैनाती होगी। नाइट शिफ्ट में गार्ड्स की संख्या बढ़ाई जाएगी। कैंपस के सभी एंट्री प्वाइंट्स पर रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक बाहरी लोगों के वाहनों के नंबर नोट किए जाएंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. पाकिस्तान के मियांवाली एयरबेस पर आतंकी हमला, 3 एयरक्राफ्ट और फ्यूल टैंकर तबाह
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मियांवाली एयरबेस पर आतंकी हमला हुआ। हथियारों से लैस आत्मघाती हमलावर एयरफोर्स के ट्रेनिंग बेस में घुस गए। वहीं पाकिस्तानी एयरफोर्स का कहना है कि उन्होंने हमले को नाकाम करते हुए 9 आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान एक फ्यूल टैंकर और 3 एयरक्राफ्ट तबाह हो गए। हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए- जिहाद पाकिस्तान (TJP) ने ली है।

ये खबर अहम क्यों है: पाकिस्तान में 24 घंटे में 2 आतंकी हमले हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार रात ग्वादर में सेना की 2 गाड़ियों पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें 14 सैनिक मारे गए थे। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, तहरीक-ए-जिहाद को तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से समर्थन मिलता है। TTP जिन आतंकी हमलों की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहता है, उसे TJP के सिर डाल दिया जाता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. राजस्थान कांग्रेस की छठी लिस्ट में 23 प्रत्याशी, मंत्री- विधायक समेत 12 नेताओं के टिकट कटे

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 23 प्रत्याशियों की लिस्ट छठी लिस्ट जारी की। एक मंत्री और विधायक समेत 12 नेताओं के टिकट काटे हैं। पार्टी ने भरतपुर सीट रालोद के लिए छोड़ दी है। यह लगातार दूसरी बार है, जब भरतपुर सीट को रालोद को दी गई है।

ये खबर अहम क्यों है: कांग्रेस ने पहली लिस्ट में 33, दूसरी लिस्ट में 43, तीसरी लिस्ट में 19, चौथी लिस्ट में 56 और पांचवीं लिस्ट में 5 कैंडिडेट्स के नामों की घोषणा की थी। अब 21 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा बाकी है। राज्य में 25 नवंबर को चुनाव है, नॉमिनेशन की आखिरी डेट 6 नवंबर है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. वर्ल्ड कप 2023: पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराया; डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया से हारा

पाकिस्तान की जीत के हीरो फखर जमान ने 81 बॉल पर नाबाद 126 बनाए। वहीं ऑस्ट्रेलिया से एडम जम्पा ने 3 विकेट लिए।

पाकिस्तान की जीत के हीरो फखर जमान ने 81 बॉल पर नाबाद 126 बनाए। वहीं ऑस्ट्रेलिया से एडम जम्पा ने 3 विकेट लिए।

कल वर्ल्ड कप के दो मुकाबले खेले गए। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मुकाबले में पाकिस्तान ने डकवर्थ-लुइस मेथड (DLS) के तहत न्यूजीलैंड को 21 रन से हरा दिया। वहीं अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को 33 रन से हराया।

पाकिस्तान Vs न्यूजीलैंड: पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 401 रन बनाए। लेकिन बारिश की वजह से पाकिस्तान को 41 ओवर में 342 रन का रिवाइज्ड टारगेट मिला। 25.3 ओवर के बाद बारिश की वजह से खेल दोबारा रुका, तब पाकिस्तान ने एक विकेट पर 200 रन बना लिए थे। खेल न शुरू हो पाने के बाद DLS मेथड के तहत पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

ऑस्ट्रेलिया Vs इंग्लैंड: पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 286 रन बनाए। मार्नस लाबुशेन ने सबसे ज्यादा 71 रन बनाए। टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 48.1 ओवर में 253 रन पर ऑलआउट हो गई। बेन स्टोक्स ने 64 और डेविड मलान ने 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया से एडम जम्पा ने 3 विकेट लिए, जबकि इंग्लैंड से क्रिस वोक्स ने 4 विकेट झटके।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

ये खबर अहम क्यों है: इस जीत से पाकिस्तान की टीम पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर आ गई है और सेमीफाइनल की रेस में बरकरार है। न्यूजीलैंड 400 रन बनाकर वर्ल्ड कप मैच हारने वाली पहली टीम है। दूसरी तरफ, डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड वनडे वर्ल्ड कप 2023 से बाहर हो चुका है। 7 मैचों में 6 हार के बाद इंग्लैंड सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी। उनसे पहले बांग्लादेश भी एलिमिनेट हो चुका है।

8. दिल्ली-NCR की हवा 25-30 सिगरेट के धुएं के बराबर, एयर क्वालिटी इंडेक्स 500 पार हुआ
दिल्ली-NCR में शनिवार सुबह ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 504 दर्ज किया गया। एयरपोर्ट पर AQI 571, नोएडा में 576 और गुरुग्राम में 512 दर्ज किया गया। गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल के डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि 400-500 AQI वाली हवा 25-30 सिगरेट के धुएं के बराबर है। इसका असर सभी ऐज ग्रुप पर पड़ता है। इससे पेट में पल रहे बच्चे को भी नुकसान पहुंचाता है।

ये खबर अहम क्यों है: दिल्ली सरकार ने बढ़ते प्रदूषण को लेकर केंद्र से इमरजेंसी मीटिंग बुलाने की मांग की है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा- मैं केंद्र सरकार को लेटर लिख रहा हूं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को तुरंत पांच राज्यों (दिल्ली, यूपी, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा) के पर्यावरण मंत्रियों के साथ मीटिंग करनी चाहिए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

9. मध्यप्रदेश चुनाव: खड़गे बोले- मुर्मू आदिवासी, इसीलिए पार्लियामेंट उद्घाटन से दूर रखा; शाह बोले- कांग्रेस सत्ता में आई तो लाड़ली बहना योजना बंद

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्यप्रदेश के डिंडौरी और बालाघाट में जनसभा की। उन्होंने डिंडौरी में कहा कि PM मोदी ने हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने की बात कही थी, नहीं दीं। 15 लाख भी नहीं दिए। वहीं बालाघाट में 20 मिनट के भाषण में उन्होंने PM मोदी को अपने 10 साल के काम गिनाने की चुनौती दे डाली। पूरी खबर यहां पढ़ें…

गृहमंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी में चुनावी सभा को संबोधित किया। 25 मिनट के भाषण में उन्होंने पाकिस्तान, सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर अयोध्या में राम मंदिर बनाने तक का जिक्र किया। उन्होंने कहा 70 साल तक कांग्रेस ने धारा 370 को गोद में खिलाया। मोदी ने इसे उखाड़कर फेंक दिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. हार्दिक पंड्या वर्ल्ड कप से बाहर: बांग्लादेश के खिलाफ मैच में टखना मुड़ गया था, उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा टीम इंडिया में शामिल (पढ़ें पूरी खबर)
  2. अंबानी को धमकाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार: 5 मेल भेजकर ₹400 करोड़ मांगे थे; कहा- पैसे नहीं मिले तो मरवा देंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेपाल में 6.4 तीव्रता का भूकंप, 141 की मौत: पश्चिम रुकुम-जाजरकोट सबसे ज्यादा प्रभावित; दिल्ली-NCR, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश में भी असर रहा (पढ़ें पूरी खबर)
  4. CM शिंदे बोले- महाराष्ट्र में कुनबी रिकॉर्ड ट्रेस किए जाएंगे: मुख्य सचिव उर्दू-मोडी लिपि में लिखे डेटा की जांच कर इसे डिजिटलाइज करवाएं (पढ़ें पूरी खबर)
  5. भाजपा बोली- कांग्रेस का सत्ता में रहकर सट्टा का खेल: महादेव बेटिंग ऐप पर घेरा, सिंघवी बोले- ED भाजपा की इलेक्शन डिपार्टमेंट बन गई (पढ़ें पूरी खबर)
  6. टिकट बंटवारे पर राजस्थान भाजपा में बगावत: रविंद्र भाटी शिव और यूनुस खान डीडवाना से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  7. 24 घंटे में ही बयान से पलटीं वसुंधरा राजे: पहले बोलीं-अब मैं रिटायर हो सकती हूं; अब कहा- मैं कहीं नहीं जा रही (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…
आगरा में बना दुनिया का सबसे बड़ा बर्गर

आगरा के एक फाइव स्टार होटल ने 112 किलो का बर्गर बनाया। होटल का दावा है कि ये दुनिया का सबसे बड़ा ‘सोने की परत वाला बर्गर’ है। इसमें इस्तेमाल हुए ब्रेड को रागी, ज्वार और बाजरा से बनाया गया है। इसे खाने के लिए 200 से ज्यादा स्कूली बच्चों को इनवाइट किया गया।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. गृहमंत्री जी, मुझे सुनिए, मेरे साथ रेप की कोशिश हुई: पुलिस-वकील अब रिस्पॉन्स तक नहीं देते, गृहमंत्री बोले- मिलकर बात करनी चाहिए
  2. महुआ बोलीं- घटिया तरीके से पूछताछ हुई: चेयरपर्सन के सवाल स्क्रिप्टेड थे; कमेटी के किसी और सदस्य को सवाल पूछने की परमिशन नहीं थी
  3. MP में बीजेपी-कांग्रेस ने 90 हारों को टिकट दिया: 37 भाजपा और 53 कांग्रेस के उम्मीदवार, जानिए क्या थी मजबूरी
  4. कीर्ति कॉलेज जाकर खुश थी, सिर्फ 12 दिन जा पाई: हाईवे पर स्नैचर्स की वजह से मौत, मां बोलीं- सड़क पर दरिंदे घूम रहे
  5. एल्विश पर सांप की तस्करी का आरोप: सांप से कैसे कटवाते हैं, कितने दिन रहता है नशा; 3 केस से समझिए
  6. मप्र में हवा का रुख क्या है, पार्ट-7: जानिए जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग की 49 सीटों की स्थिति
  7. इंडियन सिनेमा की पहली बैडगर्ल कुलदीप कौर: प्राण के लिए पति-बच्चों को छोड़ा, पाकिस्तानी जासूस होने के आरोप लगे, एक कांटे ने ली जान

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…