मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ- राजस्थान में वोटिंग आज: मंत्री के फोटोशूट पर शहीद की मां बोलीं- प्रदर्शनी मत लगाओ; हमास ने 25 बंधक छोड़े

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Uttarkashi Tunnel Rescue Auger Machine | Rajouri Encounter | Rajasthan Election

40 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर राजौरी में शहीद हुए जवानों से जुड़ी रही। 5 सैनिकों के पार्थिव शरीर उनके घर लाए गए। इस बीच मंत्री के फोटोशूट पर शहीद की मां बोलीं कि यहां प्रदर्शनी मत लगाओ​​​​​​, बल्कि मुझे मेरा बेटा वापस ला दो। उधर, राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों के लिए आज वोटिंग होगी। राज्य में 5 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के लिए कुल 51, 507 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। हम आपको आगे बताएंगे कि पटना हाईकोर्ट ने क्यों कहा- बंदूक की नोक पर मांग भरना शादी नहीं है …

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…

  1. जनसंख्या नियंत्रण पर विवादित बयान देने के मामले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर कोर्ट में सुनवाई होगी। बिहार विधानसभा सत्र के दौरान CM ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेलंगाना में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. राजौरी में शहीद हुए जवानों के पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचे, मंत्री के फोटो खिंचवाने पर नाराज हुईं शहीद की मां

रोती हुई कैप्टन शुभम की मां और उन्हें चेक देते यूपी कैबिनेट के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

रोती हुई कैप्टन शुभम की मां और उन्हें चेक देते यूपी कैबिनेट के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में शहीद हुए 5 सैनिकों के पार्थिव शरीर उनके घर लाए गए। इस बीच आगरा के कैप्टन शुभम गुप्ता के परिवार से मिलने यूपी के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय पहुंचे और उनकी मां को 50 लाख रुपए की सरकारी मदद देते हुए फोटो खिंचवाने लगे। इस पर कैप्टन की मां ने बिलखते हुए कहा- प्रदर्शनी मत लगाओ। मुझे मेरा बेटा वापस ला दो। उधर, अलीगढ़ के पैराट्रूपर सचिन लौर की 8 दिसंबर को शादी होनी थी। बारात मथुरा जानी थी और परिवार में इसकी तैयारियां चल रही थीं। लेकिन आतंकवादियों से लड़ते हुए सचिन शहीद हो गए।

ये खबर अहम क्यों है: राजौरी में 22-23 नवंबर को हुई मुठभेड़ में सेना के 2 अफसरों समेत 5 जवान शहीद हो गए थे। इन्हें राजौरी के आर्मी जनरल हॉस्पिटल में श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके घरों के लिए रवाना किए गए।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. भारत के 8 पूर्व नौसैनिकों की कतर में अर्जी मंजूर, मौत की सजा के खिलाफ जल्द होगी सुनवाई

भारत के 8 पूर्व नौसैनिकों की मौत की सजा के खिलाफ लगाई गई याचिका को कतर की अदालत ने स्वीकार कर लिया है। जल्द ही मामले में सुनवाई की तारीख भी तय की जाएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने 9 नवंबर को अपील दायर करने की जानकारी दी थी।

ये खबर अहम क्यों है: 26 अक्टूबर को कतर की एक अदालत ने भारत के 8 पूर्व नौसैनिकों को मौत की सजा सुनाई थी। कतर ने इन पर इजराइल के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया। अल-जजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आठों पर कतर के सबमरीन प्रोजेक्ट से जुड़ी इनफॉर्मेशन इजराइल को देने का आरोप है। हालांकि, कतर ने अब तक आरोप सार्वजनिक नहीं किए हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. उत्तरकाशी में तकनीकी खराबी के चलते ड्रिलिंग रुकी, मजदूर के परिजन बोले- सब्र टूट रहा

उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में NDRF ने मॉक ड्रिल की। इसमें वो प्रोसेस की, जिससे अंदर फंसे मजदूरों को बाहर लाया जाएगा।

उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में NDRF ने मॉक ड्रिल की। इसमें वो प्रोसेस की, जिससे अंदर फंसे मजदूरों को बाहर लाया जाएगा।

उत्तराखंड की उत्तरकाशी टनल में 12 नवंबर से फंसे 41 मजदूरों के बाहर निकालने के लिए अभी भी रेस्क्यू जारी है। ड्रिलिंग के दौरान आगर मशीन खराब हो गई, जिसके चलते गुरुवार दोपहर 1 बजे से ड्रिलिंग रुकी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि करीब 47 मीटर की ड्रिलिंग हो चुकी है। अभी 15 मीटर की खुदाई बाकी है। उधर, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रेस्क्यू के काम का जायजा लिया।

ये खबर अहम क्यों है: दीपावली यानी 12 नवंबर की सुबह लैंडस्लाइड होने से 41 मजदूर टनल में फंस गए थे। 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी भी वे अंदर फंसे हुए हैं। मजदूरों के परिजनों ने कहा कि अब उनका सब्र टूट रहा है। टनल से उन्हें जल्द निकाल लिया जाएगा। ये सुन-सुन कर वे थक गए हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. जंग के 49 दिन बाद हमास ने 25 बंधकों को छोड़ा, बदले में 39 फिलिस्तीनी कैदी रिहा हुए

जंग के 49 दिन बाद हमास ने 25 बंधकों को छोड़ दिया है। इनमें थाईलैंड के 12 और इजराइल के 13 नागरिक शामिल हैं। डील के मुताबिक, इजराइल ने भी 39 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा कर दिया है। इनमें 24 महिलाएं और 15 नाबालिग लड़के शामिल हैं।

ये खबर अहम क्यों है: कतर और मिस्र की मध्यस्थता के बाद इजराइल और हमास एक-दूसरे के सीजफायर के लिए राजी हुए हैं। इस बीच इजराइली डिफेंस मिनिस्टर गैलंट ने कहा कि सीजफायर बेहद ही कम समय के लिए हुआ है। इसका ये मतलब नहीं है कि हम रुक जाएंगे। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक हमास का खात्मा नहीं हो जाता।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. हरियाणा में 142 छात्राओं से छेड़छाड़, प्रिंसिपल गिरफ्तार; राष्ट्रपति को लेटर लिखने के बाद खुलासा

आरोपी प्रिंसिपल को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। विभाग ने उसे सस्पेंड भी कर दिया है। SIT इस मामले में जांच कर रही है।

आरोपी प्रिंसिपल को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। विभाग ने उसे सस्पेंड भी कर दिया है। SIT इस मामले में जांच कर रही है।

हरियाणा के जींद में सरकारी स्कूल की 142 छात्राओं के साथ प्रिंसिपल ने छेड़छाड़ की। सभी छात्राओं ने जांच कमेटी के सामने यौन उत्पीड़न के बयान दर्ज करवाए हैं। इन्होंने यौन शोषण के बारे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत महिला आयोग को लेटर लिखा था, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। आरोपी प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया गया है। हरियाणा महिला आयोग ने प्रिंसिपल का साथ देने वाली एक महिला गेस्ट टीचर को भी गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

छात्राओं का आरोप: 31 अगस्त 2023 को छात्राओं ने दिल्ली महिला आयोग, राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम 5 पेज का लेटर लिखा। इसमें छात्राओं ने बताया कि उनके स्कूल का प्रिंसिपल करतार सिंह उन्हें अपने कैबिनमें बुलाकर गंदी हरकतें करता है। उनके साथ छेड़छाड़ करता है। प्रिंसिपल ने अपने ऑफिस में काले शीशे का दरवाजा लगाया हुआ है। इसमें अंदर से बाहर दिखता है, लेकिन बाहर से अंदर कुछ नहीं दिखता। यहां छात्राओं को बुलाकर अश्लील बात करता था, यदि कोई आता दिख जाए तो बात को घुमा देता था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. पटना हाईकोर्ट ने पकड़ौआ विवाह को अमान्य बताया, कहा- बंदूक की नोक पर मांग भरना शादी नहीं

पटना हाईकोर्ट ने पकड़ौआ विवाह अमान्य बताया है। कोर्ट ने 10 साल पुराने एक पकड़ौआ विवाह मामले में कहा कि किसी महिला की मांग में जबरन सिंदूर लगाना हिंदू कानून के तहत विवाह नहीं है। हिंदू विवाह तभी वैध माना जाएगा, जब तक सहमति से किया जाए।

ये खबर अहम क्यों है: रविकांत नाम का शख्स 30 जून 2013 में लखीसराय में अशोक धाम मंदिर गया था। इसी दौरान बंदूक के बल पर कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। इसके बाद उसे एक लड़की को सिंदूर लगाने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद रविकांत के चाचा ने जिला पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। लेकिन,असफल रहे। इसके बाद रविकांत कोर्ट पहुंचकर शादी को अमान्य करने की मांग की। दरअसल, बिहार में अभी भी जबरदस्ती शादी करवाने के मामले सामने आते रहते हैं। 2020 में पकड़ौआ विवाह के 33 तथा 2021 में 14 मामले दर्ज किए गए थे। इसके बाद से मामले में कोई आंकड़ा जारी नहीं किया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. जम्मू-कश्मीर में सेना ने ढूंढ निकाला आतंकी ठिकाना, भारी मात्रा में हथियार बरामद

सेना ने जंगल से तीन चीनी ग्रेनेड, एक पाकिस्तानी ग्रेनेड सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किया।

सेना ने जंगल से तीन चीनी ग्रेनेड, एक पाकिस्तानी ग्रेनेड सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किया।

जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में शुक्रवार को रामबन जिले के सरनियाल जंगल में एक आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। जहां से सर्चिंग टीम को हथियारों का जखीरा मिला। सेना ने जंगल से तीन चीनी ग्रेनेड, एक पाकिस्तानी ग्रेनेड सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किया है। इसके अलावा AK-47 मैग्जीन भी मिली है। वहीं, आर्मी ने बडगाम में लश्कर ए तैयबा के तीन अंडरग्राउंड वर्कर्स को भी अरेस्ट किया है।

ये खबर अहम क्यों है: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बुधवार को भी सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के 2 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 2 पिस्तौल, 4 मैगजीन, 2 फिलर मैगजीन और 8 ग्रेनेड मिले थे। पुलिस ने बताया था कि दोनों आतंकियों को 21 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। मुमताज अहमद लोन और जहांगीर अहमद लोन कुपवाड़ा के त्रेहगाम के रहने वाले हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. क्रिकेटर नवदीप सैनी शादी के बंधन में बंधे: गर्लफ्रेंड स्वाति अस्थाना के साथ फेरे लिए, वे फैशन और लाइफस्टाइल ब्लॉगर हैं (पढ़ें पूरी खबर)
  2. भारत की पहली बुलेट ट्रेन का फर्स्ट फेज: 100 KM का पुल तैयार, 250 किमी तक पिलर खड़े किए; मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलेगी (पढ़ें पूरी खबर)
  3. गुजरात में सैलरी मांगने पर दलित युवक के साथ बर्बरता: कंपनी की मालकिन ने कर्मचारियों से पिटवाया, फिर अपनी सैंडिल मुंह से उठवाई (पढ़ें पूरी खबर)
  4. डीके शिवकुमार के खिलाफ CBI जांच वापस ली गई:कर्नाटक सरकार का फैसला, BJP बोली- यह असंवैधानिक, मुख्यमंत्री इसे वापस लें (पढ़ें पूरी खबर)
  5. अंबाला में एयरफोर्स का एयर शो, VIDEO: सूर्य किरण टीम ने आसमान में बनाया दिल; राफेल की उड़ान, तिरंगे के रंग में पैराशूट (पढ़ें पूरी खबर)
  6. जयपुर में युवती का मर्डर: सड़क किनारे अधजली मिली लाश, कुत्तों ने जगह-जगह से नोच खाया (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

ओडिशा में शख्स ने पत्नी-बेटी को कोबरा से कटवाया, सोते समय दोनों की मौत

आरोपी गणेश पात्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ( फोटो- सोशल मीडिया)

आरोपी गणेश पात्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ( फोटो- सोशल मीडिया)

पत्नी से विवाद की वजह से ओडिशा में एक शख्स ने कोबरा सांप को उसके कमरे में छोड़ दिया। सांप काटने से उसकी पत्नी और दो साल की बेटी की मौत हो गई। वारदात के करीब एक महीने बाद पुलिस ने इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 25 साल के गणेश पात्रा के रूप में हुई है। आरोपी ने एक सपेरे से झूठ बोलकर जहरीला कोबरा सांप खरीदा था। उसने सपेरे से कहा था कि वह सांप का इस्तेमाल धार्मिक काम के लिए करेगा। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. बीजेपी-कांग्रेस के 6 स्टार प्रचारकों की 73 सभाओं का हिसाब: कन्हैयालाल हत्याकांड, तालिबान, तुष्टीकरण के साथ जेबकतरा और पनौती की एंट्री
  2. सीएम ने कहा- मोदी अभिनेता टाइप आदमी हैं: गहलोत तुझसे बैर नहीं, विधायकों की खैर नहीं पर क्या दिया जवाब, टारगेट पर भी बोले
  3. रिंकू का आखिरी-बॉल पर छक्का, नो-बॉल के कारण काउंट नहीं: गायकवाड डायमंड डक हुए, स्मिथ स्कूप शॉट खेलकर रनआउट; टॉप मोमेंट्स
  4. दोस्ताना में अमिताभ से ज्यादा फीस सलीम ने मांगी: सलमान से कहा था हैलो ब्रदर नहीं चलेगी, ऋषि कपूर को दी थी बर्बाद करने की धमकी
  5. पंथ-बर्फबारी में भी अपने आप खौलता है पानी: गुरुनानक देव जी ने यहां पकाई थी रोटी, मान्यता- शेषनाग के हुंकार से धधक रहा पानी
  6. स्पॉटलाइट- चीन में आई रहस्यमयी बीमारी: अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ी, क्या कोरोना जैसी नई आफत आने वाली है?
  7. उत्तरकाशी टनल में 31 घंटे से खुदाई बंद: मजदूरों के परिजन बोले- सब्र टूट रहा, 13 दिन हो गए, मेरे बेटे को कब निकालेंगे

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…