मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: यंग इंडिया की ₹751 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच, इसमें सोनिया-राहुल हिस्सेदार; रिकॉर्ड 12.5 लाख दर्शक वर्ल्ड कप देखने स्टेडियम पहुंचे

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Rahul Gandhi Vs Narendra Modi Panauti | Uttarakhand Tunnel Collapse

27 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर नेशनल हेराल्ड केस में ED की कार्रवाई से जुड़ी रही। जांच एजेंसी ने कांग्रेस से जुड़ी यंग इंडिया की 751.9 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की है। एक खबर क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की रही, इस बार रिकॉर्ड संख्या में दर्शकों ने स्टेडियम पहुंचकर मैच देखा।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के डूंगरपुर में जनसभा करेंगे। साथ ही मोदी जोधपुर में रोड शो में शामिल होंगे।
  2. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा राजस्थान के बीकानेर में चुनावी सभा करेंगे।
  3. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल G20 लीडर्स समिट की अध्यक्षता करेंगे। इसमें 9 देशों और 11 इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख शामिल होंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. नेशनल हेराल्ड केस में ED का एक्शन, यंग इंडिया की 751 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच

ED ने नेशनल हेराल्ड केस में यंग इंडिया की 751 करोड़ 90 लाख रुपए की प्रॉपर्टी अटैच की है। ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत की गई है। यंग इंडिया में सोनिया-राहुल की 76% हिस्सेदारी है। इस मामले में ED ने पिछले साल अगस्त में सोनिया, राहुल और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे से पूछताछ की थी। जांच एजेंसी का कहना है कि इन नेताओं के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है।

क्या है पूरा मामला: 2010 में यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड (YIL) ऑर्गेनाइजेशन बना, जिसने नेशनल हेराल्ड को चलाने वाले एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) का अधिग्रहण कर लिया। नेशनल हेराल्ड केस को सबसे पहले भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 2012 में उठाया था। अगस्त 2014 में ED ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। जांच एजेंसी का आरोप है कि AJL के पास दिल्ली, मुंबई और लखनऊ में 661.69 करोड़ रुपए की अवैध संपत्तियां हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. रिकॉर्ड 12.5 लाख दर्शक वर्ल्ड कप देखने पहुंचे, 2015 में 10 लाख लोग आए थे
इस बार के क्रिकेट वर्ल्ड कप में सभी मैचों को देखने के लिए 12 लाख 50 हजार से ज्यादा दर्शक स्टेडियम पहुंचे। इससे वर्ल्ड कप में दर्शकों का 8 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बताया कि इससे पहले, यह रिकॉर्ड वर्ल्ड कप 2015 के नाम था। उस साल 10 लाख 16 हजार 420 दर्शक मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे।

ये खबर अहम क्यों है: ICC के मुताबिक, 19 नवंबर 2023 को फाइनल से पहले 6 मैच बचे थे और दर्शकों की संख्या 10 लाख को पार कर चुकी थी। ICC ने बताया कि 12 लाख 50 हजार से ज्यादा दर्शकों का आंकड़ा क्रिकेट के इतिहास में एक नया बेंचमार्क है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राजस्थान चुनाव से 4 दिन पहले कांग्रेस का मेनिफेस्टो, 10 लाख युवाओं को नौकरी का वादा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान के CM अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राजस्थान के CM अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।

कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव से 4 दिन पहले अपना घोषणापत्र जारी किया। इसमें 10 लाख युवाओं को नई नौकरियां देने और जातिगत जनगणना का वादा किया गया है। इसके मुताबिक, व्यापारियों को 5 लाख तक जीरो इंटरेस्ट लोन दिया जाएगा। साथ ही चिरंजीवी स्वास्थ्य सुरक्षा बीमा की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए की जाएगी।

किसानों के लिए: फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए कानून लाएंगे। सहकारी बैंकों से सभी किसानों को 2 लाख रुपए तक के इंटरेस्ट फ्री लोन की सुविधा देंगे।

महिलाओं के लिए: रोडवेज बसों में वर्तमान छूट के अलावा नि:शुल्क यात्रा के लिए हर महीने एक फ्री कूपन दिया जाएगा। हर घर की महिला मुखिया के अकाउंट में 10 हजार रुपए सलाना दिए जाएंगे।

युवाओं के लिए: पांच साल में दस लाख रोजगार देंगे। इनमें से 4 लाख सरकारी नौकरियों में भर्ती होगी। शिक्षा की गारंटी कानून लाकर राइट टू एजुकेशन (RTE) के तहत आठवीं क्लास के स्थान पर 12वीं तक की शिक्षा उपलब्ध करवाएंगे।

ये खबर अहम क्यों है: राजस्थान के लिए भाजपा अपना घोषणापत्र 16 नवंबर को जारी कर चुकी है। इसमें पार्टी ने ढाई लाख नौकरियां देने का वादा किया था। राजस्थान की 199 सीटों पर 25 नवंबर को वोटिंग है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. बायजूस को ED से 9,000 करोड़ का नोटिस, विदेशी फंडिंग की शर्तों के उल्लंघन का आरोप
प्रवर्तन निदेशालय ने बायजू रवीन्द्रन और थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड को 9,000 करोड़ रुपए का नोटिस भेजा है। ये नोटिस विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) उल्लंघन के मामले में जारी किया है।

किस आधार पर नोटिस भेजा गया: इसी साल अप्रैल में ED ने बायजूस के बेंगलुरु स्थित तीन ऑफिस में छापे मारे थे। तलाशी के दौरान दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी को 2011 और 2023 के बीच 28,000 करोड़ रुपए का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) मिला है। इसके अलावा कंपनी ने भी FDI के नाम पर पैसा अलग-अलग देशों में भेजा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. सुप्रीम कोर्ट ने कहा- पतंजलि भ्रामक विज्ञापन बंद करे, 1 करोड़ तक का जुर्माना लग सकता है

10 जुलाई, 2022 को पब्लिश पतंजलि वेलनेस के विज्ञापन की तस्वीर। एडवर्टाइजमेंट में एलोपैथी पर "गलतफहमियां" फैलाने का आरोप लगाया गया था।

10 जुलाई, 2022 को पब्लिश पतंजलि वेलनेस के विज्ञापन की तस्वीर। एडवर्टाइजमेंट में एलोपैथी पर “गलतफहमियां” फैलाने का आरोप लगाया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने भ्रामक विज्ञापन और दावे को लेकर पतंजलि आयुर्वेद को फटकार लगाई है। अदालत ने ऐसे दावों और विज्ञापनों को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है। जस्टिस अमानुल्लाह ने कहा कि ऐसे किसी भी उल्लंघन को कोर्ट बहुत गंभीरता से लेगा। ये भी कहा कि किसी प्रोडक्ट के झूठे दावे पर 1 करोड़ रुपए तक का जुर्माना लग सकता है।

ये खबर अहम क्यों है: अदालत ने ये आदेश भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने कोर्ट में अपील की थी। अदालत ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे को ‘एलोपैथी बनाम आयुर्वेद’ की बहस नहीं बनाना चाहती बल्कि भ्रामक चिकित्सा विज्ञापनों की समस्या का वास्तविक समाधान ढूंढना चाहती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. दिल्ली प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट की फटकार, 3 राज्यों से कहा- किसानों को विलेन मत बनाइए

दिल्ली प्रदूषण मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश सरकार को फटकारते हुए कहा- बीते छह साल में यह सबसे प्रदूषित नवंबर रहा है। हमें समस्या पता है और उसे दूर करना आपका काम है। पराली जलाने वाले किसानों को विलेन बना दिया जाता है, कोई उनका पक्ष नहीं सुनता है। पंजाब सरकार को उन्हें पराली जलाने से रोकने के लिए सहायता राशि देनी चाहिए।

पराली की समस्या पर क्या सुझाव दिया: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली से लगे पंजाब और अन्य राज्यों में पपराली जलाने वाले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के दायरे से बाहर करने का सुझाव दिया। गरीब किसानों के लिए बेलिंग मशीनों पर पूरी तरह से सब्सिडी देने और पराली को एक उपयोगी प्रोडक्ट में बदलने के लिए फंड देने का सुझाव भी दिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. उत्तरकाशी टनल से 41 मजदूरों को निकालने के नए प्लान, 2 से 40 दिन लग सकते हैं

टनल में फंसे 41 मजदूरों से पहली बार एंडोस्कोपिक कैमरे के जरिए बातचीत की गई। गर्म खिचड़ी-दाल पहुंचाई गई।

टनल में फंसे 41 मजदूरों से पहली बार एंडोस्कोपिक कैमरे के जरिए बातचीत की गई। गर्म खिचड़ी-दाल पहुंचाई गई।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल में 12 नवंबर से फंसे 41 मजदूरों को हादसे के 10वें दिन एंडोस्कोपिक कैमरे से देखा गया। मजदूरों से बातचीत की गई। सभी मजदूर सुरक्षित हैं। पाइप के जरिए इन्हें पहली बार गर्म खिचड़ी-दाल और जूस भेजे गए। मजदूरों के रेस्क्यू के लिए प्लान बनाए गए हैं। इसमें 2 से 40 दिन भी लग सकते हैं।

पहला प्लान: सबसे तेज ऑप्शन ऑगर मशीन का है। रुकावट नहीं आई तो दो-ढाई दिन में सुरंग बन जाएगी। इसमें मलबा आने का खतरा है, इसलिए दूसरी ओर से ड्रिलिंग की मशीनें बुलाई गई हैं। अगर ऑगर के रास्ते में हार्ड रॉक और स्टील आए तो उनको काटने का भी इंतजाम है।

दूसरा प्लान: दूसरा सबसे तेज ऑप्शन सिलक्यारा टनल की दोनों साइड से खोदकर रास्ता बनाने का है। इसमें 12-15 दिन लग सकते हैं।

तीसरा प्लान: ये सबसे लंबा तरीका है। इसमें डंडालगांव की ओर से टनल खोदना होगा। लेकिन इसमें 35-40 दिन लग सकते हैं। मंगलवार को सिलक्यारा और डंडालगांव में वर्टिकल ड्रिलिंग शुरू हो गई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. लश्कर-ए-तैयबा को इजराइल ने बैन किया, मुंबई हमलों की 15वीं बरसी पर फैसला
26 नवंबर को मुंबई हमले के 15 साल पूरे होने वाले हैं। इससे पहले इजराइल ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा पर बैन लगाने का ऐलान किया है। हालांकि भारत सरकार ने इसकी मांग नहीं की थी। अमेरिका और UN लश्कर-ए-तैयबा को पहले ही बैन कर चुके हैं।

ये खबर अहम क्यों है: लश्कर के आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर हमले किए थे। जिनमें विदेशियों समेत 164 लोग मारे गए थे। मुंबई हमलों में कुछ इजराइली और अमेरिकी नागरिक भी मारे गए थे। वहीं इजराइली सरकार चाहती है कि भारत हमास को आतंकी संगठन घोषित करे। हालांकि, अब तक ये नहीं हो सका है। ​​​​​​​

पूरी खबर यहां पढ़ें…

9. आजाद फिलिस्तीन के पक्ष में भारत; UN में कहा- हम जंग रुकवाने की कोशिशों के साथ

तस्वीर इजराइल की राजधानी तेल अवीव की है। यहां हमास की ओर से बंधक बनाए गए लोगों की वापसी के लिए सांकेतिक प्रदर्शन हुआ।

तस्वीर इजराइल की राजधानी तेल अवीव की है। यहां हमास की ओर से बंधक बनाए गए लोगों की वापसी के लिए सांकेतिक प्रदर्शन हुआ।

संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) में गाजा के मानवीय हालातों पर चर्चा हुई। इस दौरान UN में भारत की राजदूत रुचिरा कम्बोज ने कहा कि भारत हमेशा से आजाद फिलिस्तीन बनाने का समर्थन करता रहा है। उन्होंने कहा है कि भारत दुनिया में हो रही हर उस कोशिश के साथ हैं, जिससे जंग की वजह से गाजा में बने मानवीय हालात सुधर सकें।

ये खबर अहम क्यों है: इजराइल-हमास के बीच 46 दिन से जंग जारी है। भारत ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए UN को 2.5 मिलियन डॉलर दान दिया है। ये पैसा फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए 1950 से चलाए जा रहे UN फंड में जाएगा। इससे पहले भारत ने 19 नवंबर को मिस्र के रास्ते गाजा के लोगों को 32 टन जरूरत का सामान पहुंचाया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…​​​​​​​​​​​​​​

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. 26वीं बार वर्ल्ड चैंपियन बने पंकज आडवाणी: यह 18वां बिलियर्ड्स टाइटल, 20 साल पहले आज के दिन पहला टाइटल जीता था (पढ़ें पूरी खबर)
  2. रामायण-महाभारत NCERT की बुक में पढ़ाए जा सकते हैं: पैनल का यह भी प्रस्ताव- संविधान की प्रस्तावना हर क्लास की दीवार पर लिखी जाए (पढ़ें पूरी खबर)
  3. सैम ऑल्टमैन का माइक्रोसॉफ्ट में जाना अभी तय नहीं: OpenAI बोर्ड मेंबर पद छोड़ें तो ऑल्टमैन लौटेंगे, माइक्रोसॉफ्ट दोनों विकल्पों के लिए तैयार (पढ़ें पूरी खबर)
  4. बिहार में आरक्षण का दायरा बढ़कर 75% हुआ: नौकरी और शिक्षण संस्थानों में आज से लागू; SC-ST, EBC-OBC के आरक्षण में 15 फीसदी का इजाफा (पढ़ें पूरी खबर)
  5. कांग्रेस बोली- जातिगत जनगणना के आधार पर मराठा आरक्षण देगें: महाराष्ट्र कांग्रेस चीफ ने कहा- भाजपा इस मुद्दे को सुलझाने को तैयार नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
  6. मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 21 दिन बढ़ी: राउज एवेन्यू कोर्ट ने ED को नोटिस जारी किया, 24 नवंबर को अगली सुनवाई (पढ़ें पूरी खबर)
  7. ICMR का दावा- कोरोना वैक्सीन से अचानक मौतें नहीं बढ़ीं: फैमिली हिस्ट्री, हॉस्पिटलाइजेशन, शराब-ड्रग्स और इंटेंस वर्कआउट इसके लिए जिम्मेदार (पढ़ें पूरी खबर)
  8. सुनक ने कहा था- कोरोना से लोगों को मरने दो: पैनल की रिपोर्ट- वो लॉकडाउन के खिलाफ थे; उन्हें मौत का डॉक्टर कह चुके साइंटिस्ट (पढ़ें पूरी खबर)
  9. एकता कपूर को मिला इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड: यह सम्मान हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला, वीर दास बने बेस्ट कॉमेडियन (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

भारतीय महिला के पास 38 दांतों का वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत की कल्पना बालन के मुंह में किसी आम इंसान से 6 ज्यादा यानी 38 दांत हैं। उन्हें सबसे ज्यादा दांत वाली महिला के तौर पर गिनीज रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। कल्पना के निचले जबड़े में 4 और ऊपरी जबड़े में 2 ज्यादा दांत हैं।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. क्या रोहित-विराट अब वर्ल्ड कप नहीं खेलेंगे: 2027 तक शर्मा 40, कोहली 39 के होंगे; ओपनिंग में यशस्वी, कप्तानी में हार्दिक-श्रेयस ऑप्शन
  2. एल्विश की पार्टी, गले में सांप, जुआ-कसीनो, रशियन लड़कियां: सामने आए स्टिंग करने वाले गौरव, बोले- अभी और नाम सामने आएंगे
  3. राजस्थान में हवा का रुख क्या है, पार्ट-4: आज जानिए उदयपुर संभाग की 28 सीटों की स्थिति
  4. MP में छह मंत्रियों की सीटों पर 3-5% वोटिंग बढ़ी: 2018 में हारे 13 में से सात मंत्रियों की सीटों पर इतनी ही बढ़ी थी
  5. क्या स्लो पिच के कारण फाइनल हारा भारत: फाइनल से पहले 4 मैच धीमी पिच पर खेले, चारों जीते, देखिए स्कोर
  6. मोबाइल फोन से क्या घट रहा स्पर्म काउंट: यह पहेली सुलझाने में जुटे वैज्ञानिक, पिता बनने में कारगर हो सकता है आंवला-नींबू-संतरा और अश्वगंधा
  7. उत्तरकाशी में फंसे मजदूर किस खौफ में होंगे: सोचने का कौन-सा तरीका उन्हें जिंदा रखेगा; पुरानी घटनाओं और एक्सपर्ट्स से समझिए

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…