मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: किसानों से केंद्र की तीसरी मीटिंग आज; UAE में पहले हिंदू मंदिर का PM मोदी ने किया उद्घाटन; सोनिया बनेंगी राज्यसभा सांसद

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Punjab Haryana Kisan Andolan Sonia Gandhi | Paytm Fastag

4 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक कुमार तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर PM मोदी से जुड़ी रही। मोदी ने अबु धाबी में UAE के पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया। दूसरी खबर किसानों के दिल्ली कूच को लेकर है। आज केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच तीसरी मीटिंग होगी। हम आपको यह भी बताएंगे सोनिया से पहले गांधी परिवार से कौन राज्यसभा सदस्य बना था।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

1. इलाहाबाद हाईकोर्ट ज्ञानवापी मस्जिद के तहखाने में पूजा की इजाजत के खिलाफ याचिका पर सुनवाई करेगी।

2. राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बिहार के औरंगाबाद से फिर शुरू होगी। राहुल के दिल्ली जाने की वजह से यात्रा रोक दी गई थी।

3. भारत-इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट आज से राजकोट में खेला जाएगा। पांच मैचों की सीरीज में भारत 1-1 की बराबरी पर है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. केंद्र सरकार और किसानों के बीच तीसरी मीटिंग आज, पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे किसान

पंजाब और हरियाणा के किसान दिल्ली कूच के लिए अभी भी अड़े हैं। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों की पैरामिलिट्री जवानों से झड़प हो गई। किसानों ने जवानों के हेलमेट और डंडे छीन लिए। उधर किसानों का आरोप है कि, पैरामिलिट्री फोर्स हम पर अटैक कर रही है।

किसानों के साथ केंद्र की मीटिंग: किसानों की मांगों को लेकर केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच आज मीटिंग होगी। इस मीटिंग में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय मौजूद होंगे। दोनों पक्षों के बीच यह तीसरे दौर की बैठक होगी। इससे पहले दो बैठकों में कोई नतीजा नहीं निकला था।

किसानों को रोकने की क्या है तैयारी: आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के 7 और राजस्थान के 3 जिलों में इंटरनेट बंद है। 15 जिलों में धारा 144 लागू है। हरियाणा और दिल्ली का सिंघु-टीकरी बॉर्डर, यूपी से जुड़ा गाजीपुर बॉर्डर सील हैं। दिल्ली में एक महीने के लिए धारा 144 भी लागू कर दी गई है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. PM मोदी ने UAE के पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया, मूर्तियों की पूजा-अर्चना की

PM मोदी ने UAE के मंदिर में पूजा की। उन्होंने अक्षर पुरुषोत्तम महाराज को पुष्प चढ़ाए।

PM मोदी ने UAE के मंदिर में पूजा की। उन्होंने अक्षर पुरुषोत्तम महाराज को पुष्प चढ़ाए।

PM नरेंद्र मोदी ने अबु धाबी में यूएई के पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया। इसके बाद मोदी ने मंदिर में मौजूद मूर्तियों की पूजा और आरती की। मोदी ने इस मंदिर की आधारशिला 2018 में रखी थी। मंदिर को भारत और यूएई के संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना रहा है।

किसने बनाया है यह मंदिर: यह स्वामी नारायण मंदिर 27 एकड़ में फैला हुआ है। मंदिर को बोचासनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था यानी BAPS ने बनाया है। मंदिर के निर्माण पर 700 करोड़ रुपए खर्च हुए। दुनिया भर में BAPS संस्था के 1200 से ज्यादा मंदिर हैं। अहमदाबाद और दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर इसी संस्था ने बनाया है। इसके अलावा अमेरिका, अटलांटा, ऑकलैंड, लंदन, सिडनी में भी भव्य मंदिरों का निर्माण कराया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. केजरीवाल को ED का छठा समन, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए 19 फरवरी को बुलाया
दिल्ली के शराब नीति केस में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही ED ने 14 फरवरी को मुख्यमंत्री केजरीवाल को छठा समन भेजा है। जांच एजेंसी ED ने उन्हें पूछताछ के लिए 19 फरवरी को बुलाया है।

5 बार बुलाने पर नहीं आए CM: ED ने इससे पहले 31 जनवरी, 17 जनवरी, 3 जनवरी, 21 दिसंबर और 2 नवंबर को दिल्ली CM को समन भेजा था। लेकिन केजरीवाल इसे राजनीति से प्रेरित बताकर पेश नहीं हुए थे। केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा उन्हें गिरफ्तार करवाना चाहती है, ताकि वे लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सके।

17 फरवरी को कोर्ट में पेश होने का आदेश: उधर, पांच समन भेजने के बाद भी जब केजरीवाल पेश नहीं हुए थे तो ED ने इसे लेकर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में शिकायत दर्ज की। इस पर कोर्ट ने केजरीवाल को 17 फरवरी को पेश होने के लिए कहा। शराब नीति केस में ही दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और AAP सांसद संजय सिंह जेल में हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. सोनिया गांधी अब राज्यसभा जाएंगी, कांग्रेस ने सात राज्यों से 10 प्रत्याशी के नाम घोषित किए

सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा का नामांकन दाखिल किया।

सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा का नामांकन दाखिल किया।

सोनिया गांधी अब लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नॉमिनेशन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मौजूद थे। राहुल न्याय यात्रा छोड़कर दिल्ली आए थे।

राज्यसभा जाने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य: गांधी परिवार में इंदिरा के बाद सोनिया राज्यसभा जाने वाली दूसरी सदस्य होंगी। 1964 में जवाहर लाल नेहरू के निधन के बाद इंदिरा अगस्त 1964 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुनी गई थीं। तब इंदिरा तत्कालीन PM लाल बहादुर शास्त्री की कैबिनेट में बतौर सूचना और प्रसारण मंत्री शामिल हुई थीं।

27 फरवरी को राज्यसभा की 56 सीटों पर चुनाव: राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। 15 फरवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। 27 फरवरी को रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. मालदीव 43 भारतीयों को देश से निकालेगा, ये कई अपराधों में आरोपी; लिस्ट में चीन का एक भी नहीं
भारत से तनाव के बीच मालदीव ने 43 भारतीयों को देश से निकालने की घोषणा की है। इनके ऊपर अलग-अलग अपराधों के आरोप हैं। मालदीव ने 12 देशों के कुल 186 नागरिकों को देश से निकालने का फैसला किया है। हालांकि, इसमें चीन के एक भी नागरिक का नाम नहीं है।

देश छोड़ने की आखिरी तारीख तय नहीं: मालदीव से सबसे ज्यादा 83 बांग्लादेशी नागरिकों को निकाला जा रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर भारतीय, तीसरे पर श्रीलंकाई और चौथे पर नेपाल के नागरिक हैं। हालांकि, इनके लिए देश छोड़ने की आखिरी तारीख क्या है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. 29 फरवरी से पहले चेंज कराना होगा पेटीएम का फास्टैग, नहीं तो चुकाना पड़ेगा दोगुना टोल

RBI की गाइडलाइन के मुताबिक, 29 फरवरी के बाद आप पेटीएम वॉलेट में पैसे जमा नहीं कर सकेंगे। ऐसे में अगर आपके पास पेटीएम का फास्टैग (FASTag) है तो आपको इसे चेंज करना होगा। आपने ऐसा नहीं किया तो आपको दोगुना टोल भी चुकाना पड़ सकता है।

पेटीएम के QR कोड काम करते रहेंगे: पेटीएम ने 13 फरवरी को कहा था कि उसके QR कोड्स हमेशा की तरह काम करते रहेंगे। जिससे मर्चेंट्स यानी व्यापारियों को 29 फरवरी 2024 के बाद भी पेमेंट्स एक्सेप्ट करने की अनुमति मिलेगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. अनशन के 5वें दिन जरांगे की तबीयत बिगड़ी, सरकार ने मराठा आरक्षण के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया
मराठा आरक्षण को लेकर मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पिछले 5 दिन से जालना के अपने गांव अंतरवाली सराती में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। लगातार पांचवें दिन कुछ न खाने के चलते उनकी 14 फरवरी को तबीयत बिगड़ गई। उनकी नाक से खून आने लगा था।

20 फरवरी को विधानसभा का विशेष सत्र: उधर, महाराष्ट्र सरकार ने विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र बुलाया है। 14 फरवरी को सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि यह सत्र 20 फरवरी को बुलाया जाएगा। इसमें मराठा आरक्षण को लेकर चर्चा होगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की कप्तानी करेंगे रोहित शर्मा, BCCI सचिव जय शाह ने ऐलान किया

BCCI (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) सचिव जय शाह ने घोषणा की है कि रोहित शर्मा जून में टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के कप्तान होंगे। जय शाह ने राजकोट में हुए इवेंट में कहा, हम भले ही 2023 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल हार गए हों, लेकिन मुझे विश्वास है कि भारत बारबाडोस में रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीतेगा।

जून 2023 में खेला जाएगा वर्ल्ड कप: ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 1 से 29 जून तक वेस्टइंडीज और अमेरिका के 9 शहरों में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं, दोनों के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला 9 जून को न्यूयॉर्क में खेला जाएगा। वहीं फाइनल मैच 29 जून को वेस्टइंडीज के बारबाडोस शहर में होगा।

भारत ने एक बार जीता है वर्ल्डकप: टी-20 वर्ल्ड कप में पहली बार 20 टीमें शामिल की गई हैं, इससे पहले हुए 2 संस्करण में 16-16 टीमें थीं। इंग्लैंड डिफेंडिंग चैंपियन है, जबकि भारत ने 2007 में पहले ही टूर्नामेंट का खिताब जीता था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

1. नेशनल: पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ झड़प, भाजपा अध्यक्ष कोलकाता रेफर: हिंसा प्रभावित संदेशखाली में रेप विक्टिम्स से मिलने जा रहे थे (पढ़ें पूरी खबर)

2. नेशनल: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा: एक की मौत, बच्चों पर भी गोलियां चलाईं; पुलिस ट्रेनिंग सेंटर-IRB पोस्ट पर हमला, हथियार लूटे (पढ़ें पूरी खबर)

3. नेशनल: बेहमई कांड में 43 साल बाद आया फैसला: जीवित बचे दोषी को उम्रकैद; फूलनदेवी ने 26 लोगों को लाइन से खड़ाकर मारी थी गोली (पढ़ें पूरी खबर)

4. नेशनल: बिलकिस बानो केस में गुजरात सरकार की SC में याचिका:कहा- राज्य के खिलाफ की गई टिप्पणियां हटाई जाएं; आदेश में बदलाव की मांग (पढ़ें पूरी खबर)

5. नेशनल: कोर्ट बोला-पति का मां को पैसे-वक्त देना घरेलू हिंसा नहीं: महिला ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था, मुंबई की अदालत ने याचिका खारिज की (पढ़ें पूरी खबर)

6. इंटरनेशनल: मस्क बोले- पुतिन ने जंग रोकी तो उनकी हत्या हो जाएगी: क्योंकि यूक्रेन युद्ध के पीछे दूसरी ताकतों का हाथ (पढ़ें पूरी खबर)

7. बिजनेस: अडाणी ने दुनिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट शुरू किया: अभी केवल 551 मेगावाट बिजली बनेगी, अडाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 4% चढ़ा (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

इंग्लैंड में हुई सदियों पुरानी पैन केक रेस, सिर्फ महिलाएं हिस्सा लेती हैं

रेस की शुरुआत से पहले और खत्म होने के बाद पैन से केक को हवा में उछाला जाता है।

रेस की शुरुआत से पहले और खत्म होने के बाद पैन से केक को हवा में उछाला जाता है।

इंग्लैंड के ओल्नी में सदियों पुरानी पैन केक रेस का आयोजन किया गया। इसे 44 साल की एक महिला काइसा ने जीता। काइसा ने 380 मीटर की दौड़ 63.37 सेकेंड में पूरी की। इस रेस में महिलाओं को हाथ में पैन लेकर भागना होता है। रेस शुरु करते और खत्म करते समय पैन में रखे केक को पलटना होता है। माना जाता है कि इस रेस की शुरुआत 1445 में हुई थी।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

1. नमिता थापर के पास 50 करोड़ का घर: 3 लग्जरी कार, 2 लाख की सैंडल; 600 करोड़ नेटवर्थ

2. कैसे बनते हैं एक्टर्स के नकली बाल-दाढ़ी?:तिरुपति से ₹1.5 लाख प्रति किलो मंगाए जाते हैं बाल; अमिताभ, शाहरुख, रणबीर पहनते हैं इनके बनाए विग

3. 4 अफेयर, शादी के बाद भी ताउम्र अकेली रहीं मधुबाला: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शादी करना चाहते थे, जानिए क्यों टूटा दिलीप कुमार से रिश्ता

4. अबु धाबी के पहले हिंदू मंदिर की कहानी: प्रिंस ने दान की दोगुनी जमीन; 30 हजार मूर्तियां, सभी राजस्थान में उकेरीं

5. 45 दिन में 11 इंटेलिजेंस इनपुट: CRPF के काफिले में कैसे घुसी विस्फोटक भरी कार; पुलवामा की 5वीं बरसी पर पूरी कहानी

6. रकाबगंज विवाद…क्या मस्जिद हटाकर बना गुरुद्वारा: सिख इतिहास पर लिखी किताबों में अलग-अलग दावे, DSGMC ने कहा- हां, मस्जिद हटाई थी

7. सिर्फ एक मिनट में- ऐसे चेक करें आधार EID/UID: OTP से मिलेगा आधार का EID/UID नंबर, जानिए पूरा प्रोसेस

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…