मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: मां के बर्थडे पर जेल में कटी आर्यन की रात, 18 हजार करोड़ में टाटा की हुई एअर इंडिया, तालिबान राज में अफगानिस्तान में सबसे बड़ा आतंकी हमला

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • एयर इंडिया तालिबान | दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; ड्रग केस आर्यन खान को आर्थर रोड जेल भेजा गया, अफगान मस्जिद हमला, टाटा ने एयर इंडिया को रिटेक किया

16 मिनट पहले

नमस्कार,
आज शनिवार है, तारीख 09 अक्टूबर; आश्विन मास, शुक्ल पक्ष और तृतीया तिथि

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेते फ्रेडेरिक्सन आगरा से भारत दौरे की शुरुआत करेंगी।
  2. टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप से पहले BCCI की सिलेक्शन कमेटी की बैठक होगी।
  3. घाटी में आतंकी हमलों के बीच अमित शाह जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा से मिलेंगे।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. अफगानिस्तान की शिया मस्जिद में नमाज के दौरान धमाका, 100 की मौत

अफगानिस्तान के कुंदुज में एक आत्मघाती आतंकी ने शिया मस्जिद को निशाना बनाया। हमले के वक्त यहां जुमे की नमाज अदा की जा रही थी। तभी जोरदार धमाका हुआ। इसमें 100 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार बनने के बाद यह देश में सबसे बड़ा हमला है। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हमले के वक्त मस्जिद में करीब 300 लोग मौजूद थे।
पढ़ें पूरी खबर..

2. 68 साल बाद टाटा की हुई एअर इंडिया, रतन टाटा ने कहा- वेलकम बैक
68 साल बाद एअर इंडिया की टाटा ग्रुप के पास वापसी हो गई है। टाटा ने इसे खरीदने के लिए सबसे ज्यादा 18 हजार करोड़ रुपए की बोली लगाई थी। इसके साथ ही टाटा के हाथ में एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की कमान आ जाएगी। टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा ने बिड में टाटा ग्रुप के विनर बनने को बड़ी खबर बताया। उन्होंने लिखा- वेलकम बैक एअर इंडिया।
पढ़ें पूरी खबर..

3. अरुणाचल में भारतीय सीमा में घुसे 200 चीनी सैनिक, जवानों ने खदेड़ा
लद्दाख के बाद चीनी सैनिकों ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भी घुसपैठ की कोशिश की। यह घटना पिछले हफ्ते की है। भारतीय जवानों से झड़प के बाद वे लौट गए। बताया जाता है कि चीन के 200 सैनिक तिब्बत की तरफ से भारतीय सीमा में घुस आए थे। इस झड़प में भारतीय जवानों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रोटोकॉल के तहत बातचीत से विवाद सुलझा लिया गया।
पढ़ें पूरी खबर..

4. शाहरुख के बेटे को नहीं मिली जमानत, ऑर्थर रोड जेल भेजा गया

शाहरुख खान के बेटे आर्यन को ड्रग्स केस में जमानत नहीं मिल पाई। किला कोर्ट ने कहा कि उसे जमानत याचिका पर सुनवाई करने का अधिकार नहीं है। इसके लिए सेशंस कोर्ट में अपील करनी होगी। आर्यन के साथ अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमीचा की जमानत याचिका भी खारिज हो गई है। शुक्रवार को आर्यन की मां गौरी खान का जन्मदिन था, लेकिन उसकी रात ऑर्थर रोड जेल में बीती।
पढ़ें पूरी खबर..

5. लखीमपुर खीरी हिंसा में आरोपी मंत्री के बेटे को योगी ने दी क्लीनचिट
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में आरोपी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष को क्लीन चिट दे दी है। हालांकि, अब तक इसकी जांच पूरी नहीं हुई है। योगी ने कहा कि लखीमपुर केस में अजय मिश्र टेनी के बेटे का हाथ होने का कोई सबूत सामने नहीं आया है। अगर कोई दोषी है, तो उसे छोड़ेंगे नहीं, चाहे वह BJP का विधायक या सांसद रहा हो।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर..

6. लखीमपुर खीरी पहुंचकर सिद्धू मौन धरने पर बैठे, इंटरनेट सेवाएं फिर बंद
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर खीरी में मौन व्रत और अनशन पर बैठ गए हैं। सिद्धू हिंसा में मरने वाले किसान लवप्रीत के घर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र के बेटे आशीष की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक मैं मौन धारण कर भूख हड़ताल पर बैठा रहूंगा। इस बीच इलाके में इंटरनेट सर्विस दोबारा बंद कर दी गई हैं।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर..

7. जीत के साथ मुंबई की विदाई, हैदराबाद को हराया, लेकिन प्ले-ऑफ से बाहर
मुंबई इंडियंस ने IPL 2021 के अपने आखिरी लीग मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 42 रन से हरा दिया। मुंबई ने 20 ओवर में 235 रन बनाए। वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुने गए ईशान किशन ने 32 गेंदों पर 84 रन और सूर्यकुमार ने 40 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेली। जवाब में हैदराबाद 193 रन ही बना सकी। इस जीत के बावजूद मुंबई प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।
पढ़ें पूरी खबर..

8. आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भरत ने बेंगलुरु को जिताया
IPL 2021 में लीग का आखिरी मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। दिल्ली ने बेंगलुरु के सामने 165 रनों का टारगेट रखा था। बेंगलुरु ने इसे 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मैच की आखिरी गेंद पर बेंगलुरु को 5 रन की जरूरत थी। भरत ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। भरत ने 52 गेंदों पर 78 रन की पारी खेली।
पढ़ें पूरी खबर..

9. फिलीपींस की मारिया और रूस के दिमित्री को शांति का नोबेल पुरस्कार
​​​​​​​फिलीपींस की मारिया रेसा और रूस के दिमित्री मुरातोव को इस साल का शांति का नोबेल पुरस्कार मिला है। मारिया और दिमित्री पेशे से पत्रकार हैं। मारिया न्यूज साइट रैप्लर की को-फाउंडर हैं। उन्होंने अपने देश में तानाशाही के खिलाफ अभिव्यक्ति की आजादी के लिए आवाज उठाई थी। वहीं दिमित्री रूस में फ्रीडम ऑफ स्पीच की रक्षा के लिए कई साल से काम कर रहे हैं।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. मुंबई में 125 करोड़ की हेरोइन बरामद, ईरान से मूंगफली के तेल की खेप में छिपाकर लाई गई थी, DRI ने पोर्ट पर पकड़ा
  2. लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप ने रोता हुआ इमोजी ट्वीट किया; कहा- स्टार प्रचारक में मेरा नाम नहीं, पर मां और दीदी को क्यों भूले
  3. प्रशांत किशोर का कांग्रेस समर्थकों पर तंज, कहा- लखीमपुर घटना से पार्टी के मजबूत होने की उम्मीद करना बेकार
  4. मार्च के दौरान सिद्धू ने चन्नी के लिए अपशब्द कहे, बोले- वह 2022 में कांग्रेस को डुबो देगा, मुझे CM बनाते तो देखते सक्सेस

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
2012 में आज के ही दिन तालिबान ने मलाला यूसुफजई के सिर में गोली मारी थी। मलाला का जन्म 1999 में हुआ था। 2009 में उन्होंने गुल मकई के नाम से BBC उर्दू के लिए डायरी लिखनी शुरू की थी। इससे वे सुर्खियों में आ गईं। यह डायरी बाहरी दुनिया के लिए थी। इसमें वे स्वात घाटी में तालिबान के साए में जिंदगी बयां करती थीं। इसी बात से चरमपंथी मलाला से नाराज थे। इसी वजह से तालिबान ने मलाला को गोली मार दी थी। कोमा में ही उन्हें इलाज के लिए यूके लेकर जाना पड़ा था। 2014 में मलाला को नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। उस समय वे सिर्फ 17 साल की थीं।

और अब आज का विचार
कामयाब होना है तो नाकाम होने की दर दोगुना कर दीजिए। इससे आप ज्यादा सीख सकते हैं, इसलिए आगे बढ़ें और गलतियां करें। – थॉमस जॉन वॉटसन, अमेरिकन बिजनेसमैन

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.