मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: लखीमपुर हिंसा मामले की आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, महाराष्ट्र के मंत्री का आरोप- NCB रेड में शामिल थे बाहरी लोग, घरेलू गैस सिलेंडर 15 रुपए महंगा

2 घंटे पहले

नमस्कार,
आज गुरुवार है, तारीख 7.10.2021; आश्विन मास, शुक्ल पक्ष और प्रतिपदा तिथि।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. सुप्रीम कोर्ट लखीमपुर हिंसा पर सुनवाई करेगा, कोर्ट ने इस पर स्यू मोटो एक्शन लिया है।
  2. प्रधानमंत्री मोदी PM केयर्स फंड से तैयार 35 ऑक्सीजन प्लांट्स की शुरुआत करेंगे।
  3. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आज लखीमपुर खीरी पहुंचेंगे।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. लखीमपुर पहुंचे राहुल-प्रियंका, आज अखिलेश यादव पहुंचेंगे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा बुधवार देर रात लखीमपुर खीरी के तिकुनिया गांव पहुंचे। उन्होंने हिंसा में मारे गए किसानों के परिजनों से मुलाकात की। राहुल लखनऊ से निकलने के बाद सीतापुर गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी से मिले। वे यहां करीब आधे घंटे रुके। इसके बाद दोनों किसानों से मिलने के लिए लखीमपुर पहुंचे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्र भी गुरुवार को लखीमपुर जाएंगे।
पढ़िए पूरी खबर..

2. महाराष्ट्र के मंत्री का आरोप- NCB रेड में शामिल थे बाहरी लोग
महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक ने क्रूज रेव पार्टी को लेकर बुधवार को बड़ा आरोप लगाया। मलिक ने रेड के दौरान सामने आए वीडियो और फोटो का हवाला देते हुए कहा कि शाहरुख खान के बेटे आर्यन के साथ सेल्फी लेने वाला शख्स केपी गोसावी खुद को प्राइवेट डिटेक्टिव कहता है। वहीं, आर्यन के दोस्त और अरबाज को घसीटकर NCB ऑफिस ले जाने वाला शख्स मनीष भानुशाली भाजपा का पदाधिकारी है। इन आरोपों के बाद NCB के अफसर सामने आए। उन्होंने गोसावी और भानुशाली को अपना गवाह बताया।
पढ़िए पूरी खबर..

3. IPL में बेंगलुरु ने हैदराबाद से जीत छीनी, भुवनेश्वर ने पलटा मैच

IPL फेज-2 में बुधवार को टूर्नामेंट का 52वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। जहां अंतिम ओवर में हैदराबाद ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए मैच 4 रनों से जीतकर अपने नाम किया। पहले खेलते हुए SRH ने 141/7 का स्कोर बनाया था। 142 रनों का टारगेट का पीछा करते हुए RCB 137/6 का स्कोर ही बना सकी और मुकाबला हार गई।
पढ़िए पूरी खबर..

4. रेल कर्मियों को 78 दिन का बोनस, पीएम मित्र योजना को मिली मंजूरी
केंद्र सरकार ने रेल कर्मियों और कपड़ा उद्योग के लिए बुधवार को दो बड़े ऐलान किए। केंद्रीय कैबिनेट ने नॉन गजेटेड रेल कर्मियों को 78 दिन का बोनस देने का फैसला किया है। इसके अलावा कपड़ा उद्योग के लिए पीएम मित्र योजना पर भी मुहर लगा दी है। सरकार ने जो बोनस देने का ऐलान किया है उसका लाभ 11 लाख 56 हजार से ज्यादा रेल कर्मियों को मिलेगा। इसके लिए सरकार कुल 1,985 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
पढ़िए पूरी खबर..

5. त्योहार से पहले महंगाई, घरेलू गैस सिलेंडर 15 रुपए महंगा
त्योहारों से पहले आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत फिर बढ़ गई है। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए हैं। इस बढ़ोतरी के बाद अब राजधानी दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपए से बढ़कर 899.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गई है। वहीं 5 किलो वाला सिलेंडर अब 502 रुपए में मिलेगा।
पढ़िए पूरी खबर..

6. जियो का नेटवर्क 8 घंटे डाउन रहा, परेशान हुए लाखों ग्राहक
रिलायंस जियो नेटवर्क बुधवार को करीब 8 घंटे तक डाउन रहा। बुधवार सुबह करीब 9 बजे से ग्राहक ना तो कॉल कर पा रहे थे और ना ही इंटरनेट एक्सेस कर पा रहे थे। सर्विस शुरू होने पर जियो ने ग्राहकों से माफी मांगी और नेटवर्क बाधित होने पर कंपनी की तरफ से उनके प्लान के मुताबिक 2 दिन का एक्सटेंशन देने की बात कही गई। ट्राई के मुताबिक जुलाई 2021 में जियो के कुल मोबाइल यूजर्स की संख्या 44.32 करोड़ थी।
पढ़िए पूरी खबर..

7. बेंजामिन लिस्ट और डेविड मैकमिलन को केमिस्ट्री का नोबेल
जर्मनी के बेंजामिन लिस्ट और अमेरिका के डेविड मैकमिलन को 2021 का केमिस्ट्री का नोबेल पुरस्कार मिला है। एसिमेट्रिक ऑर्गेनकैटालिसस पर रिसर्च के लिए इन्हें यह सम्मान दिया गया। दोनों ही वैज्ञानिकों ने मॉलिक्यूलर कंस्ट्रक्शन के लिए सटीक और नया उपकरण विकसित किया है। इस खोज का फार्मास्युटिकल रिसर्च पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। इससे नई और असरदार दवाइयां बनाई जा सकेंगी।
पढ़िए पूरी खबर..

8. भारत को FIH के बेस्ट प्लेयर्स समेत सभी 8 कैटेगरी के अवॉर्ड
टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने भी अपने अवॉर्ड्स से नवाजा है। पुरुष टीम के ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह और महिला टीम की गुरजीत कौर को बेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दिया गया है। खास बात यह है कि FIH के इस साल के घोषित आठों कैटेगरी के अवॉर्ड भारत के खाते में गए हैं।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष पर घमासान: जूना अखाड़ा ने कहा- हमें मिले पद; वैष्णव अखाड़ा बोला- हमारा अध्यक्ष नहीं बना तो अलग हो जाएंगे
  2. तालिबान से यारी पड़ी भारी : पाकिस्तान में ISI चीफ फैज हमीद की छुट्टी, वे इमरान के चहेते थे; जनरल नदीम अंजुम ISI के नए चीफ होंगे
  3. चीन पर फिर शक, उसने ही कोरोना फैलाया : महामारी से पहले ही खरीदीं दोगुना टेस्ट किट, ऑस्ट्रेलिया-अमेरिका की ज्वाइंट फर्म का खुलासा
  4. तालिबान का असली चेहरा : महमूद गजनवी की कब्र पर पहुंचा तालिबानी नेता अनस हक्कानी, सोमनाथ मंदिर तोड़ने को बड़ी कामयाबी बताया

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
2001 में 7 अक्टूबर को अमेरिका और ब्रिटेन ने अफगानिस्तान में अल कायदा के खिलाफ जंग शुरु की थी। दरअसल, जब तालिबान ने 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए आतंकी हमले के मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन को हैंडओवर करने से मना कर दिया, तो दोनों सेनाओं ने अल-कायदा और तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाया। इसके लिए एयरस्ट्राइक की गई, जिसके मिशन को नाम दिया- ऑपरेशन एंड्यूरिंग फ्रीडम।

और अब आज का विचार
अगर आप किसी हल का हिस्सा नहीं हैं, तो इसका मतलब है कि आप समस्या का हिस्सा हैं – अज्ञात

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.