मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: अमरिंदर बोले- कांग्रेस पर चढ़ा सिद्धू की कॉमेडी का रंग, IPL फेज 2 का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर भी हारी चेन्नई, चीन सीमा पर भारत की तोपें तैनात

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • अमरिंदर सिंह आईपीएल चरण 2 | दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; मुंबई में क्रूज़ पर NCB का छापा, राजस्थान रॉयल्स ने CSK, K9 वज्र हॉवित्ज़र रेजिमेंट को पूर्वी लद्दाख में हराया

13 मिनट पहले

नमस्कार, आज रविवार है, तारीख 3 अक्टूबर 2021; आश्विन मास, कृष्ण पक्ष और द्वादशी तिथि।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. पश्चिम बंगाल और ओडिशा में हुए उपचुनाव के रिजल्ट आएंगे। भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी चुनाव मैदान में हैं।
  2. शंघाई सहयोग संगठन की एंटी टेरर एक्सरसाइज पाकिस्तान में होगी। इसमें भारत भी हिस्सा ले रहा है।
  3. प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी सनराइजर्स हैदराबाद कोलकाता नाइटराइडर्स से भिड़ेगी।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. गायकवाड़ का शतक बेकार, बड़े स्कोर के बावजूद हारी चेन्नई

राजस्थान और चेन्नई के बीच हुए मुकाबले में वह सब कुछ दिखा जिसके लिए IPL की पहचान है। ऋतुराज गायकवाड़ के शतक (60 गेंदों पर 101 रन) की बदौलत पहले चेन्नई ने फेज 2 का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। फिर यशस्वी और शिवम दुबे की बेहतरीन पारियों के सामने चेन्नई के 189 रन भी कम पड़ गए। राजस्थान ने 15 गेंद पहले ही मैच जीत लिया। यशस्वी ने 50 और शिवम ने 64 रन बनाए।
पढ़ें पूरी खबर..

2. मुंबई को हराकर लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में पहुंची दिल्ली
IPL-2021 फेज-2 में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लो स्कोर मुकाबला खेला गया। मुंबई ने पहले खेलते हुए 7 विकेट खोकर सिर्फ 129 रन बनाए। दिल्ली ने 5 गेंद रहते 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया। आर अश्विन ने छक्का लगाकर मैच खत्म किया। इसी के साथ दिल्ली ने प्लेऑफ में जगह बना ली। यह लगातार तीसरा मौका है जब टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया है।
पढ़ें पूरी खबर..

3. अमरिंदर बोले- सिद्धू की कॉमेडी में रंग गई पूरी कांग्रेस
पंजाब के CM पद से इस्तीफा देने के बाद से कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस पर हमलावर हैं। अमरिंदर का कहना है कि कलह को संभालने में नाकाम नेता उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। एक तरफ हरीश रावत कहते हैं कि 43 विधायकों ने मेरे खिलाफ पत्र लिखा। सुरजेवाला कह रहे हैं कि 79 में से 78 विधायकों का पत्र मिला था। इससे जाहिर है कि पूरी पार्टी सिद्धू की कॉमेडी के रंग में रंग गई है।
पढ़ें पूरी खबर..

4. PM मोदी बोले- कृषि कानूनों की आलोचना करना राजनीतिक छल
कृषि कानूनों पर जारी विरोध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे विपक्ष की बौद्धिक बेईमानी और राजनीतिक छल करार दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की भलाई के लिए कई बार कड़े फैसले लेने पड़ते हैं, ताकि उन्हें वो लाभ मिल सकें, जो दशकों पहले मिल जाने चाहिए थे। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार जो कृषि कानून लेकर आई है, उसका वादा दूसरी पार्टियों ने किया था।
पढ़ें पूरी खबर..

5. सिद्धू ने कहा- पद रहे या न रहे, राहुल और प्रियंका के साथ खड़ा रहूंगा
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने वाले नवजोत सिंह सिद्धू ने राहुल और प्रियंका गांधी के लिए वफादारी का इजहार किया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि वो पद पर रहें या न रहें, लेकिन हमेशा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ खड़े रहेंगे। सिद्धू के इस बयान से कयास लगाए जा रहे हैं कि वे CM चरणजीत चन्नी के साथ बने सहमति के फॉर्मूले से खुश नहीं हैं।
पढ़ें पूरी खबर..

6. भारत ने लद्दाख में चीन से सटे इलाकों में पहली बार K9-वज्र तोपें तैनात की
चीन से सटी सीमा पर संभावित खतरे को देखते हुए भारत ने सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी है। पहली बार लद्दाख से सटी सीमा पर भारत ने K9-वज्र तोपें तैनात की हैं। यह सेल्फ-प्रोपेल्ड हॉवित्जर तोप 50 किलोमीटर दूर तक मार करने में सक्षम है। बॉर्डर पर K-9 वज्र को ऊंचाई वाले इलाकों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका सफल परीक्षण भी किया जा चुका है।
पढ़ें पूरी खबर..

7. दुनिया का सबसे बड़ा खादी का तिरंगा लेह में, 1400 किलो वजन

गांधी जयंती पर लेह में दुनिया के सबसे बड़े तिरंगे का अनावरण किया गया। लेह की जंस्कार पहाड़ी पर लगाया गया यह तिरंगा खादी का है और इसे हाथ से बनाया गया है। यह 225 फीट लंबा, 125 फीट चौड़ा और 1400 किलो वजनी है। इसे बनाने में 49 दिन का समय लगा। इसे फहराने के लिए इंजीनियर रेजिमेंट के 150 जवान कंधे पर तिरंगा उठाकर जमीन से 2000 फीट की ऊंचाई पर ले गए।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर..

8. क्रूज पर चल रही रेव पार्टी पर छापा, बड़े एक्टर का बेटा हिरासत में
मुंबई के पास समुद्र में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अब तक की सबसे बड़ी छापेमार कार्रवाई की है। इसमें एक बड़े एक्टर के बेटे समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक्टर का नाम NCB ने उजागर नहीं किया है। NCB ने यह रेड ‘कॉर्डेला द इम्प्रेस’ नाम के क्रूज पर मारी है। रेव पार्टी की सूचना मिलने के बाद NCB के अधिकारी क्रूज पर पैसेंजर बनकर गए थे।
​​​​​​​पढ़ें पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. कांग्रेस के 2 CM का सेल्फ डिफेंस; गहलोत बोले- अगली बार भी राजस्थान का CM बनूंगा, भूपेश बघेल ने कहा- छत्तीसगढ़ कभी पंजाब नहीं बन सकता
  2. NCP चीफ शरद पवार बोले- नितिन गडकरी के प्रोजेक्ट्स में काम होता नजर आता है, उन्होंने दिखाया कि सत्ता का इस्तेमाल कैसे होता है
  3. भारत में पैदा हो सकता है बिजली संकट, 103 पावर प्लांट के पास बचा सिर्फ 8 दिन का कोयला, 10 पावर प्लांट में कोयला पूरी तरह खत्म
  4. वॉट्सऐप का बड़ा एक्शन; भारत में 20 लाख अकाउंट्स बंद किए, स्पैम और अनचाहे मैसेजेस रोकने के लिए उठाया कदम

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
1977 में आज के ही दिन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया था। उन पर चुनाव प्रचार के लिए जीप की खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप था। उस समय मोरारजी देसाई के नेतृत्व में जनता पार्टी की सरकार थी और गृहमंत्री चौधरी चरण सिंह थे। माना जाता है कि कई नेता चाहते थे कि जिस तरह इमरजेंसी में उन्हें जेल भेजा गया, वैसा ही इंदिरा के साथ भी किया जाए। चरण सिंह तो इसके लिए अड़ ही गए थे। हालांकि इंदिरा सबूत न होने से बरी हो गईं। जनता पार्टी की इस राजनीतिक भूल को ‘ऑपरेशन ब्लंडर’ कहा जाता है। इंदिरा को इसका नुकसान नहीं बल्कि फायदा हुआ।

और अब आज का विचार
नाकामी का मतलब यह नहीं कि आप हार गए, इसका मतलब सिर्फ इतना है कि आप अब तक जीते नहीं हैं। – पाब्लो पिकासो, महान चित्रकार

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.