मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: मोदी के बर्थडे पर ढाई करोड़ लोगों के वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड, डीजल-पेट्रोल को GST में लाने को तैयार नहीं राज्य; 31 मार्च तक लिंक हो सकेंगे पैन-आधार

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • दैनिक भास्कर मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट | जीएसटी परिषद की बैठक | डीजल पेट्रोल नहीं होगा सस्ता | पीएम मोदी के जन्मदिन पर 20 मिलियन लोगों का टीकाकरण | पहले वनडे से 30 मिनट पहले न्यूजीलैंड ने रद्द किया पाकिस्तान दौरा

4 घंटे पहले

नमस्कार,
आज शनिवार है, तारीख 18 सितंबर 2021; भादों मास, शुक्ल पक्ष और द्वादशी तिथि।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. चारधाम यात्रा की शुरुआत होगी। यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की कोविड निगेटिव रिपोर्ट या वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट जरूरी होगा।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह साढ़े 10 बजे गोवा के स्वास्थ्यकर्मियों और कोविड वैक्सीनेशन प्रोग्राम का फायदा लेने वाले लोगों से बातचीत करेंगे।
  3. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचेंगे। वे दोपहर ढाई बजे उज्जवला-2 योजना की शुरुआत करेंगे।
  4. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में किसान कल्याण सम्मेलन करेंगे। इसमें MSP पर बोनस की घोषणा हो सकती है।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. PM मोदी के जन्मदिन पर वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड

भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। शुक्रवार को एक दिन में 2.50 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। CoWIN पोर्टल के मुताबिक, देर रात 12 बजे तक वैक्सीन की 2 करोड़ 50 लाख 10 हजार 390 डोज लगाई गई। दुनिया में अब तक एक दिन में कहीं भी कोरोना वैक्सीन की इतनी डोज नहीं दी गई है।
पढ़िए पूरी खबर..

2. पेट्रोल-डीजल को GST के दायरे में लाने पर सहमति नहीं
लखनऊ में शुक्रवार को GST काउंसिल की 45वीं बैठक हुई। इसमें 6 राज्यों ने पेट्रोल-डीजल को GST के दायरे में लाने का विरोध किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि कैंसर मेडिसिन पर GST की दर 12% से घटाकर 5% कर दी गई है। कोरोना की दवाओं पर टैक्स छूट 31 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। बच्चों की दो जीवनरक्षक दवाइयों को भी GST फ्री कर दिया गया है।
पढ़िए पूरी खबर..

3. पैन-आधार को लिंक करने की आखिरी तारीख 31 मार्च, 2022 हुई
केंद्र सरकार ने पैन कार्ड से आधार नंबर को लिंक करने की आखिरी तारीख एक बार फिर बढ़ा दी है। अब 31 मार्च 2022 तक पैन-आधार को लिंक किया जा सकेगा। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अभी आधार से पैन को लिंक करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर थी। आधार-पैन लिंक न करने पर पैन इनऑपरेटिव हो जाएगा और 10 हजार रुपए जुर्माना भी लग सकता है।
पढ़िए पूरी खबर..

4. कीवी टीम ने वनडे से 30 मिनट पहले रद्द किया पाकिस्तान टूर
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया है। कीवी क्रिकेट बोर्ड ने रावलपिंडी में पहला वनडे शुरू होने से 30 मिनट पहले यह फैसला लिया। इस दौरे पर 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाने थे। न्यूजीलैंड को टीम की सुरक्षा से जुड़ा इंटेलिजेंस अलर्ट मिला था। अब टीम को जल्द से जल्द पाकिस्तान से निकालने की तैयारी हो रही है।
पढ़िए पूरी खबर..

5. महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा के बीच फिर नजदीकी बढ़ने के संकेत
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना के बीच फिर से नजदीकियां बढ़ने लगी हैं। औरंगाबाद में CM उद्धव ठाकरे ने भाजपा के नेता और रेल राज्य मंत्री राव साहेब दानवे को अपना पूर्व और भावी सहयोगी बताया। इसके जवाब में मंत्री दानवे ने कहा कि शिवसेना और भाजपा के साथ आने से मतदाता खुश होंगे। दोनों नेताओं के बयान के बाद राज्य में सियासी हलचल शुरू हो गई है।
पढ़िए पूरी खबर..

6. इमरान-जिनपिंग की मौजूदगी में कट्टरपंथ पर मोदी की नसीहत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताजिकिस्तान की राजधानी दुशाम्बे में शंघाई सहयोग संगठन समिट को शुक्रवार को वर्चुअली संबोधित किया। मोदी ने पाकिस्तान के PM इमरान खान और चीनी राष्ट्रपति शी-जिनपिंग की मौजूदगी में कट्टरपंथ पर तीखा हमला बोला। मोदी ने कहा, ‘इस क्षेत्र में सबसे बड़ी चुनौतियां शांति, सुरक्षा और भरोसे की कमी से जुड़ी हैं और इन समस्याओं का कारण कट्टरपंथ है।’
पढ़िए पूरी खबर..

7. करीबी का दावा- सरकार ने सोनू सूद को पद्मश्री ऑफर किया था
एक्टर सोनू सूद के घर IT की रेड शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रही। इस बीच उनके करीबियों ने दैनिक भास्‍कर को बताया कि सोनू को पद्मश्री ऑफर किया गया था, लेकिन सोनू ने उस पर कोई रिस्पॉन्स नही दिया था। करीबियों ने उनके NGO में अनआइडेंटिफाइड रकम होने की खबरों को भी गलत बताया। सोनू शनिवार को IT रेड को लेकर बयान जारी कर सकते हैं।
पढ़िए पूरी खबर..

8. गडकरी ने एक्सप्रेसवे पर 170 की रफ्तार से चलवाई कार

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हेलिकॉप्टर से उतरे… किआ कार्निवाल की ड्राइविंग सीट पर बैठे…. और उसे 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया। ये नजारा था मध्यप्रदेश के जावरा का, जहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तैयार हो रहा है। सड़क की क्वालिटी परखने के लिए उन्होंने ऐसा किया। इतना ही नहीं, एक्सप्रेसवे पर उन्होंने कंस्ट्रक्शन अधिकारी से 170 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गाड़ी भी चलवाई।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. न्यूजीलैंड के फैसले से पाकिस्तान में मातम; शोएब अख्तर बोले- पाकिस्तान क्रिकेट की हत्या हुई, 200 करोड़ के नुकसान की आशंका
  2. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा- अलग धर्मों के बालिग जोड़े को पसंद का जीवनसाथी चुनने का हक, माता-पिता भी दखल नहीं दे सकते
  3. मुंबई में 5वें सीरो-सर्वे से खुलासा; 86% से ज्यादा लोगों में मिली कोरोना एंटीबॉडी, इस मामले में महिलाएं पुरुषों से काफी आगे

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
2016 में आज के दिन जम्मू-कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर 4 पाकिस्तानी आतंकियों ने ग्रेनेड अटैक किया था। इस हमले में 19 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले का जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने 28-29 सितंबर की रात POK में सर्जिकल स्ट्राइक की। 150 कमांडोज ने आतंकियों के कई लॉन्च पैड उड़ा दिए। स्ट्राइक इतनी प्लानिंग के साथ की गई कि पाकिस्तानी सेना को इसकी भनक तक नहीं लगी।

और अब आज का विचार
तैयारी करने में फेल होने का मतलब है, फेल होने की तैयारी करना – बेंजामिन फ्रैंकलिन

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.