मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: राम के नाम पर कुर्सी छोड़ने वाले कल्याण सिंह नहीं रहे, काबुल में फंसे भारतीयों के लिए रोज 2 फ्लाइट की इजाजत, तालिबान का दावा- विद्रोही अहमद मसूद हमारे साथ

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • कल्याण सिंह तालिबान | दैनिक भास्कर समाचार सुर्खियों में; यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का निधन, अफगानिस्तान में भारत का निकासी मिशन तालिबान अहमद मसूद

एक घंटा पहले

नमस्कार,
आज रविवार है, तारीख 22 अगस्त 2021; श्रावण मास, शुक्ल पक्ष और पूर्णिमा तिथि।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. पुरी का जगन्नाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा।
  2. दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव होंगे।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 89 साल की उम्र में निधन

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे दो महीने से अस्पताल में भर्ती थे। कल्याण सिंह यूपी में BJP के पहले मुख्यमंत्री थे। उन्होंने पहली बार CM बनने के बाद मंत्रिमंडल के साथ सीधे अयोध्या जाकर राम मंदिर बनाने की शपथ ली थी। 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी ढांचा गिराए जाने के दौरान कल्याण सिंह ही यूपी के मुख्यमंत्री थे।
पढ़िए पूरी खबर..

2. काबुल में फंसे लोगों के लिए भारत हर दिन 2 फ्लाइट चला सकेगा
अफगानिस्तान में फंसे अपने लोगों को निकालने के लिए भारत हर दिन 2 फ्लाइट ऑपरेट कर सकेगा। अमेरिका और नाटो फोर्स ने इसकी इजाजत दे दी है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अब जल्द ही सभी भारतीयों को वापस लाया जाएगा। यहां अभी 300 भारतीयों के फंसे होने की जानकारी है। NSA अजित डोभाल ने इस बारे में अपने अमेरिकी समकक्ष जेक सुलिवन के साथ बात की थी।
पढ़िए पूरी खबर..

3. हक्कानी गुट का दावा- तालिबान से जंग लड़ रहे अहमद मसूद साथ आने को तैयार
तालिबान के खिलाफ पंजशीर में लड़ाकों का नेतृत्व कर रहे अहमद मसूद उससे हाथ मिलाने को तैयार हो गए हैं। यह दावा आतंकी संगठन हक्कानी ने किया है। अगर ऐसा होता है तो अफगानिस्तान में तालिबान को रोकने वाला अब कोई नहीं होगा। अहमद मसूद गुट ने शुक्रवार को ही तालिबान से 3 जिले छीन लिए थे। यहां तालिबानी झंडा हटाकर अफगानिस्तान का राष्ट्रीय झंडा फहरा दिया गया था।
पढ़िए पूरी खबर..

4. नैनीताल के पास पहाड़ टूटकर सड़क पर गिरा, बस में बैठे 14 लोग बचे
उत्तराखंड में 14 मुसाफिरों को लेकर नैनीताल जा रही एक बस लैंडस्लाइड की चपेट में आने से बच गई। नैनीताल-ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग नेशनल हाईवे पर वीरभट्टी पुल से सटी बलियानाला की पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसक कर हाईवे पर आ गया। ड्राइवर ने ठीक वक्त पर ब्रेक लगाकर बस को रोका। हाईवे पर पत्थर गिरते देख बस में सवार कई लोग तो खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले।
पढ़िए पूरी खबर..

5. सोशल मीडिया पर तालिबान के पक्ष में पोस्ट की, असम में 14 लोग अरेस्ट
असम पुलिस ने सोशल मीडिया पर तालिबान के सपोर्ट में पोस्ट लिखने वाले 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां असम के अलग-अलग इलाकों से की गई हैं। असम पुलिस ने बताया कि कामरूप, बारपेटा, धुबरी, करीमगंज से 2-2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दरांग, कछार, हैलाकांडी, सलमारा दक्षिण, गोलपारा और होजाई जिले से 1-1 गिरफ्तारी हुई है।
पढ़िए पूरी खबर..

6. महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार को दी अफगानिस्तान जैसे अंजाम की धमकी
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और PDP नेता महबूबा मुफ्ती ने अफगानिस्तान के बहाने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पड़ोस में देखो क्या हो रहा है। इतनी बड़ी ताकत अमेरिका, उनको भी बोरिया-बिस्तर लेकर वापस जाना पड़ा। आपने जो लूटा है, गैरकानूनी तरीके से, जम्मू-कश्मीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए, इस गलती को सुधारो, नहीं तो बहुत देर हो जाएगी।
पढ़िए पूरी खबर..

7. दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ बारिश, एक दिन में 138.8 मिमी पानी गिरा

देश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ गया है। दिल्ली में लंबे इंतजार के बाद बारिश हुई है। बारिश भी ऐसी कि 13 साल का रिकॉर्ड टूट गया। कई जगह पानी भरने से काफी दिक्कतें हुईं। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां 138.8 मिमी बारिश हुई है। 2007 के बाद अगस्त में यह बारिश का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं पिछले 62 साल में इस महीने 9वीं बार इतनी ज्यादा बारिश हुई है।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. कश्मीर में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को मार गिराया, इनमें से एक BJP नेता राकेश पंडिता की हत्या में शामिल था
  2. पंजाब के पठानकोट में ट्रेनिंग के दौरान आर्मी जवान की मौत, तेज गर्मी और उमस की वजह से कई सैनिक बीमार पड़े
  3. दिल्ली में पिछले साल 15 अप्रैल के बाद सबसे कम 17 केस मिले, सोमवार से रात 8 बजे के बाद भी खुलेंगे बाजार

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
22 अगस्त 1932 को BBC ने पहली बार एक्सपेरिमेंटल टीवी प्रोग्राम को ब्रॉडकास्ट किया था। इसका सिस्टम इलेक्ट्रिकल इंजीनियर जॉन लॉगी बेयर्ड ने डिजाइन किया था। इस प्रोग्राम में बेयर्ड खुद भी स्क्रीन पर आए थे। वहीं, दर्शकों के लिए जू-जित्सु, पेंटिंग और सी-लॉयन भी स्क्रीन पर लाए गए थे। हालांकि बेयर्ड के इस सिस्टम को BBC ने जल्द ही इस्तेमाल करना बंद कर दिया। 1936 में BBC ने इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से ब्रॉडकास्टिंग की शुरुआत की।

और अब आज का विचार
कामयाबी के लिए यह जरूरी नहीं है कि आप कभी गलती न करें, बस वही गलती दोबारा न करें। -जॉर्ज बर्नार्ड शॉ

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply