मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: हॉकी में गोल्ड से दो कदम दूर टीम इंडिया, सिंधु ने देश को दूसरा ओलिंपिक मेडल दिलाया; केरल के बाद महाराष्ट्र में जीका वायरस

  • हिंदी समाचार
  • राष्ट्रीय
  • दैनिक भास्कर समाचार पॉडकास्ट; पीवी सिंधु ने टीम इंडिया को भारत के लिए दूसरा ओलंपिक पदक जीता ओलंपिक हॉकी में स्वर्ण से दो कदम दूर और केरल के बाद महाराष्ट्र में मिला जीका वायरस और भी बहुत कुछ

3 घंटे पहले

नमस्कार,
आज सोमवार है, तारीख 02 अगस्त 2021; श्रावण मास, कृष्ण पक्ष और नवमी तिथि।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ई-वाउचर बेस्ड डिजिटल पेमेंट सॉल्यूशन e-RUPI को लॉन्च करेंगे। मोदी इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे।
  2. ओलिंपिक डिस्कस थ्रो के फाइनल में भारत की कमलप्रीत कौर का चीन, पुर्तगाल और इटली की प्लेयर्स से मुकाबला होगा। यह इवेंट शाम 4.30 बजे होगा।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. पीवी सिंधु ने जीता ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल

भारत की स्टार बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु ने इतिहास रच दिया है। वे ओलिंपिक में लगातार 2 मेडल जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। ओवरऑल सुशील कुमार के बाद वे भारत की दूसरी एथलीट हैं। सिंधु ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में चीन की जियाओ बिंग हे को केवल 52 मिनट में 21-13, 21-15 से हराया। सिंधु ने इससे पहले 2016 रियो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। ओलिंपिक में मीराबाई चानू के बाद सिंधु ने देश को दूसरा मेडल दिलाया है।
पढ़िए पूरी खबर..

2. हॉकी में ब्रिटेन को हराकर भारत सेमीफाइनल में
भारतीय पुरुष हॉकी टीम 49 साल बाद ओलिंपिक सेमीफाइनल में पहुंच गई है। क्वार्टर फाइनल में भारत ने ब्रिटेन को 3-1 से हराया। टीम इंडिया के लिए दिलप्रीत सिंह ने 7वें, गुरजंत सिंह ने 16वें और हार्दिक सिंह ने 57वें मिनट में गोल दागा। सेमीफाइनल में टीम इंडिया का सामना 3 अगस्त को बेल्जियम से होगा। दूसरा सेमीफाइनल इसी दिन ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच खेला जाएगा। टॉप-2 टीमें 5 अगस्त को फाइनल में भिड़ेंगी।
पढ़िए पूरी खबर..

3. केरल के बाद महाराष्ट्र में जीका वायरस की पुष्टि
केरल में तेजी से फैलने के बाद अब महाराष्ट्र में जीका वायरस का पहला केस सामने आया है। पुणे के पुरंदर क्षेत्र की 50 साल की महिला में जीका वायरस मिलने की पुष्टि हुई है। उसका चिकनगुनिया टेस्ट भी पॉजिटिव पाया गया है। वहीं, केरल में भी जीका के 2 नए केस सामने आए हैं। इसके बाद अब इस राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल तादाद बढ़कर 63 हो गई है। महाराष्ट्र से पहले इस साल सिर्फ केरल में ही जीका के मामले सामने आए हैं।
पढ़िए पूरी खबर..

4. पत्थरबाजों को न पासपोर्ट मिलेगा, न सरकारी नौकरी
जम्मू-कश्मीर में सेना के जवानों पर पत्थर फेंकने वालों को अब पासपोर्ट नहीं मिलेगा। ऐसे लोग सरकारी नौकरी के लिए भी अप्लाई नहीं कर सकेंगे। प्रशासन ने रविवार को जारी आदेश में कहा है कि जिस व्यक्ति को भी पत्थरबाजी करते पकड़ा जाए, उसे पासपोर्ट और नौकरी समेत किसी तरह का सिक्योरिटी क्लियरेंस न दिया जाए। पत्थरबाजी के मामले में डिजिटल सबूत यानी वीडियो या फोटो को भी मान्य किया जाएगा।
पढ़िए पूरी खबर..

5. तीन तलाक पर कानून बनने के बाद 80% केस घटे
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि मुस्लिम महिला (प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स ऑन मैरिज) एक्ट लागू होने के बाद तीन तलाक के मामलों में 80% कमी आई है। कानून के 2 साल पूरे होने पर रविवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। 1 अगस्त, 2019 को कानून लागू होने से पहले उत्तर प्रदेश में 63 हजार से ज्यादा मामले दर्ज थे, जो अब 221 रह गए हैं। वहीं, एक्ट के बाद बिहार में 49 मामले ही दर्ज हुए।
पढ़िए पूरी खबर..

6. UN सिक्योरिटी काउंसिल की अध्यक्षता भारत को
भारत ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता की जिम्मेदारी संभाल ली। इस मौके पर UN में भारत के राजदूत टीएस तिरुमूर्ति ने फ्रांस को उसके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत अपनी अध्यक्षता के दौरान तीन हाई-लेवल मीटिंग करने जा रहा है, जिसमें समुद्री सुरक्षा, शांति स्थापना और आतंकवाद का मुकाबला जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही भारत शांति सैनिकों की याद में भी कार्यक्रम करेगा।
पढ़िए पूरी खबर..

7. लैंडस्लाइड और बादल फटे, लेकिन बारिश में 7% कमी

यह फोटो जयपुर की है, जहां रविवार को काले बादल तो छाए, लेकिन जोरदार बारिश नहीं हुई।

यह फोटो जयपुर की है, जहां रविवार को काले बादल तो छाए, लेकिन जोरदार बारिश नहीं हुई।

मौसम विभाग ने जुलाई में बारिश के आंकड़े जारी किए हैं। इसके मुताबिक, देश के कई इलाकों में बाढ़, बादल फटने और लैंडस्लाइड की घटनाओं के बीच पिछले महीने सामान्य से 7% कम बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को कहा कि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून ने रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन आखिर में यह महीना 7% की कमी के साथ खत्म हुआ। IMD ने जुलाई में सामान्य बारिश का अनुमान जताया था।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. अफगानिस्तान के कंधार एयरपोर्ट पर हमला: कंधार हवाई अड्‌डे पर रविवार को 3 रॉकेट दागे गए, सभी उड़ानें रद्द की गईं; अफगान सेना और तालिबान के बीच जंग जारी
  2. GST रेवेन्यू कलेक्शन का डेटा: जुलाई में GST से सरकार के खजाने में 1.16 लाख करोड़ रुपए आए, ये जून से 23 हजार करोड़ ज्यादा; सालाना आधार पर 33% बढ़ोतरी
  3. कोरोना अनलॉक के बाद जुलाई में कारों की बिक्री में बड़ी उछाल: मारुति ने 1.62 लाख, तो टाटा ने 52 हजार कारें बेचीं, होंडा ने डोमेस्टिक सेल्स में 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
2 अगस्त 1858 को ब्रिटिश संसद ने भारत सरकार अधिनियम पारित किया। इसके तहत भारत का शासन ईस्ट इंडिया कंपनी की जगह ब्रिटिश क्राउन के हाथों में चला गया। भारत पर इंग्लैंड की संसद का सीधा कंट्रोल हो गया। भारत के गवर्नर जनरल को वायसराय कहा जाने लगा। लॉर्ड कैनिंग पहले वायसराय नियुक्त हुए। भारतीयों को प्रशासनिक सेवाओं में बराबर मौके देने और भारतीय राजाओं के अधिकारों को भी सुरक्षित रखने का ऐलान किया गया।

और अब आज का विचार
बुरे वक्त का इंसान पर किसी खिलाड़ी की कठोर ट्रेनिंग जैसा असर होता है। इसके बाद आने वाले रिजल्ट हमेशा पहले से बेहतर होते हैं –जोश बिल्लिंग्स

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply