मन की बात का 81वां एपिसोड आज: PM मोदी त्‍योहारों के बीच कोरोना के खतरे से आगाह करेंगे, अमेरिकी दौरे की यादें भी साझा कर सकते हैं

नई दिल्ली7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित करेंगे। PM मोदी का यह संबोधन ऐसे वक्त होगा, जब वो आज ही अमेरिका की यात्रा से भारत लौट रहे हैं। इस कार्यक्रम का प्रसारण 11 बजे से आकाशवाणी, दूरदर्शन के सभी नेटवर्क और मोबाइल एप पर किया जाएगा।

मन की बात के 81वें संस्‍करण में PM मोदी खूंटी की महिलाओं से बात करेंगे। इन महिलाओं ने बांस की कारीगरी से अपनी अलग पहचान बनाई है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री त्‍योहारों के बीच कोरोना के खतरे से आगाह कर सकते हैं। इस दौरान वो अपनी अमेरिका यात्रा के अनुभव भी साझा कर सकते हैं। साथ ही वह कई अंतरराष्‍ट्रीय महत्‍व के मुद्दों पर देश का ध्‍यान केंद्रित कर सकते हैं।

शनिवार शाम UNGA को PM मोदी ने संबोधित किया
PM मोदी ने शनिवार शाम संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कोरोना, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और अफगानिस्तान जैसे मुद्दों पर विश्व बिरादरी के सामने भारत की बात रखी। साथ ही उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि खुद संयुक्त राष्ट्र में सुधार की कितनी जरूरत है। भारत के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत-अमेरिका संबंध और भी मजबूत होंगे।

पिछले एपिसोड में मोदी ने युवाओं और खेलों की बात की
मोदी ने पिछले महीने मन की बात में खेल दिवस (29 अगस्त), खेलों और खासकर हॉकी का जिक्र करते हुए मेजर ध्यानचंद को याद किया था। उन्होंने एक नया नारा दिया- सब खेलें, सब खिलें। मोदी ने कहा कि ओलिंपिक ने इस बार प्रभाव पैदा किया है और हर परिवार में खेल की चर्चा शुरू हुई है। साथ ही कहा कि हुनरमंद लोग आज के विश्वकर्मा हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का युवा अलग करना चाहता है। वो बने बनाए रास्ते पर नहीं चलना चाहता है, नए रास्तों पर चलना चाहता है। उसकी मंजिल, राह और चाह नई है।

खबरें और भी हैं…

.