मणिपुर में CM हाउस के पास वाले घर में आग: फायर ब्रिगेड ने 1 घंटे में बुझाई; 5 दिन पहले CM के काफिले पर भी हमला हुआ था

इम्फाल3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के सरकारी आवास के करीब और राज्य सचिवालय परिसर से लगे एक खाली मकान में शनिवार रात आग लग गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के बाद सीएम आवास में सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि, उसे कोई नुकसान नहीं हुआ। आग का कारण पता नहीं चल पाया है।

यह मकान गोवा के पूर्व मुख्य सचिव (सीएस) टी. किपगेन के परिवार का है। मणिपुर में हिंसा भड़कने के बाद से उनके परिजन यह घर खाली करके कुकी बहुल इलाके में चले गए थे। यह इमारत कुकी जनजातियों के सिविल सोसाइटी ग्रुप कुकी इंपी के कार्यालय वाले परिसर में है। घटना ऐसे समय में हुई जिरीबाम जिले में हिंसा भड़की हुई है।

जिरिबाम में ही 5 दिन पहले उग्रवादियों ने सीएम बीरेन सिंह के सुरक्षा काफिले पर हमला किया था। काफिले पर उग्रवादियों ने गोलीबारी की थी, जिसमें ड्राइवर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। हमले के वक्त CM काफिले में नहीं थे। पिछले साल मई में कुकी-मैतई समुदाय के बीच जातीय संघर्ष होने के बाद से मणिपुर लगातार हिंसा की चपेट में है। इसमें 219 से अधिक लोग मारे गए हैं।

जिरिबाम में 6 जून को बुजुर्ग की हत्या के बाद भड़की हिंसा
मणिपुर के जिरिबाम जिले में 6 जून की शाम को मैतेई बुजुर्ग की हत्या के विरोध में इलाके में हिंसा भड़क गई। मृतक की पहचान 59 साल के सोइबाम सरतकुमार सिंह के तौर पर हुई है। वह गुरुवार सुबह अपने खेत के लिए निकले थे, बाद में उनकी डेडबॉडी मिली जिसपर किसी धारदार हथियार से घाव किए गए थे।

इस घटना के बाद गुस्साए गांववालों ने जिरिबाम पुलिस स्टेशन के सामने विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि चुनाव से पहले उनसे जो लाइसेंस वाले हथियार लिए गए थे, वे उन्हें लौटा दिए जाएं। जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। मणिपुर पुलिस ने इंफाल में मौजूद स्टेट पुलिस कमांडो अधिकारियों को शनिवार को जिरिबाम पहुंचने का निर्देश दिया है।

हिंसा के चलते 200 से ज्यादा मैतेई लोगों को घरों से निकाल कर सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। कई गांव वाले अब जिरि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रह रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक जिरि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रह रहे लोगों के गांव वाले घरों को उग्रवादियों ने जला दिया था। मैतेई बुजुर्ग की हत्या और लोगों के घरों में आग लगाने के पीछे कुकी उग्रवादियों का नाम आ रहा है।

जिरिबाम में घर छोड़कर निकले कई मैतेई लोग जंगलों में छिपकर बैठे हैं।

जिरिबाम में घर छोड़कर निकले कई मैतेई लोग जंगलों में छिपकर बैठे हैं।

हिंसा से अछूता था जिरिबाम
3 मई 2023 से मणिपुर की इम्फाल घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी के बीच जातीय संघर्ष में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मैतेई, मुस्लिम, नागा, कुकी और गैर-मणिपुरी समेत विविध जातीय संरचना वाला जिरिबाम अब तक जातीय संघर्ष से अछूता रहा था।

मणिपुर में 67 हजार लोग विस्थापित हुए
जिनेवा के इंटरनल डिस्प्लेसमेंट मॉनिटरिंग सेंटर (IDMC) ने रिपोर्ट जारी की है। इसमें कहा गया है कि साल 2023 में साउथ एशिया में 69 हजार लोग विस्थापित हुए। इनमें से 97 फीसदी यानी 67 हजार लोग मणिपुर हिंसा के कारण विस्थापित हुए थे। रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत में साल 2018 के बाद हिंसा के कारण पहली बार इतनी बड़ी संख्या में विस्थापन देखने को मिला।

मार्च 2023 में मणिपुर हाईकोर्ट ने मैतेई समुदाय को अनुसूचित जाति (ST) में शामिल करने के लिए केन्द्र सरकार को सिफारिशें भेजने के लिए कहा था। इसके बाद कुकी समुदाय ने राज्य के पहाड़ी जिलों में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

3 मई 2023 को मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे। जो देखते ही देखते पूर्वी-पश्चिमी इंफाल, बिष्णुपुर, तेंगनुपाल और कांगपोकपी समेत अन्य जिलों में फैल गए थे।

खबरें और भी हैं…