भास्कर अपडेट्स: पुष्कर धामी कैबिनेट ने UCC रिपोर्ट को मंजूरी दी, कल उत्तराखंड विधानसभा में पेश होगा बिल

7 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट बैठक हुई। चर्चा के बाद धामी कैबिनेट ने UCC रिपोर्ट और उसके प्रावधानों को मंजूरी दे दी। अब यूनिफॉर्म सिविल कोड से जुड़ा यह बिल उत्तराखंड विधानसभा में 5 फरवरी को पेश किया जाएगा।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

मेघालय में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5

मेघालय में रविवार दोपहर 2:37 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.5 रिकॉर्ड की गई। इस भूकंप से अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

दोहा से मुंबई जा रहे व्यक्ति के पास से सोने की चेन बरामद, मुंबई कस्टम विभाग ने दी जानकारी

दोहा से मुंबई जा रहे एक व्यक्ति के पास सोने की चेन बरामद की गई, जिसका कुल वजन 313.0 ग्राम था। रविवार को मुंबई कस्टम डिपार्टमेंट ने बताया कि यह चेन सूटकेस बैग में छिपाई गई थी।

कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस की तमिलनाडु सोशल सर्विस सोसायटी का FCRA रजिस्ट्रेशन कैंसिल; राज्य की दूसरी ईसाई संस्था जिसको विदेशी दान नहीं मिलेगा

गृह मंत्रालय ने तमिलनाडु सोशल सर्विस सोसायटी (TASOSS) के विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (FCRA) पंजीकरण को रद्द कर दिया है। यह सोसायटी तमिलनाडु का दूसरा क्रिश्चियन यूनियन है, जिसका 2024 में FCRA रजिस्ट्रेशन रद्द हुआ है। TASOSS, तमिलनाडु कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस का एक आधिकारिक संगठन है। नियमों का उल्लंघन करने के कारण अब यह विदेशी दान प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है।

जम्मू-कश्मीर के रियासी में कार खाई में गिरी, दो लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में रविवार को एक कार गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि JK08B-4586 नंबर की कार फरी से रियासी जिले के बथोई की ओर जा रही थी। रियासी में कार हादसे का शिकार हो गई। इससे पहले रविवार को ही जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई थी।

सांसद डीके सुरेश के घर के बाहर प्रदर्शन, पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बेंगलुरु में कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के अलग देश वाले बयान को लेकर उनके घर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सदाशिवनगर में उनके घर के बाहर वंदे मातरम, भारत माता की जय और डीके सुरेश मुर्दाबाद के नारे लगाते नजर आए। बाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ट्रक ने कार को टक्कर मारी, एक परिवार के 4 की मौत

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में रविवार (4 फरवरी) को एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई।नेशनल हाइवे पर टिकरी के पास सालोर पर ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। कार में पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां सवार थीं।

पुलिस ने बताया कि परिवार कश्मीर जा रहा था। मरने वालों में नितिन डोगरा (37), उनकी पत्नी रित्तू (32), दो बेटियां खुशी (17) और वाणी (11) शामिल हैं। तीसरी बेटी 15 साल की बृंदा गंभीर घायल हुई है। आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

स्पाइसजेट की कोलकाता-बागडोगरा फ्लाइट में महिला से पुरुष पैसेंजर ने किया अभद्र व्यवहार, एयरपोर्ट पर CISF से शिकायत की

स्पाइसजेट की कोलकाता-बागडोगरा फ्लाइट में 31 जनवरी को महिला यात्री के साथ पुरुष पैसेंजर ने अभद्र व्यवहार किया। एयरलाइन्स के प्रवक्ता ने रविवार (4 फरवरी) को बताया कि महिला की शिकायत के बाद कैबिन क्रू ने आरोपी पुरुष पैसेंजर को अलग सीट दी।

एयरलाइन के मुताबिक, बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचने पर आरोपी को CISF के हवाले कर दिया गया था। महिला ने CISF से आरोपी के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की थी। इस पर आरोपी ने उनसे माफी मांगी। इसके बाद महिला एयरपोर्ट से चली गईं। उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई।

देश में कोविड के 188 नए केस आए सामने, ठंड के साथ बढ़ने लगे मरीज

बीते 24 घंटे में देश में कोविड के 188 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ कुल एक्टिव केस की संख्या 1473 हो गई है। गनीमत यह रही कि बीते 24 घंटे में एक भी कोविड पेशेंट की जान नहीं गई।हालांकि, ठंड बढ़ने के साथ कोविड केस में बढ़ोतरी देखी गई है। देश में कुल कोविड केस की संख्या 4.5 करोड़ है। अब तक 5 लाख 30 हजार लोगों की मौत हुई है। महामारी से ठीक होने वालों की संख्या 4.4 करोड़ से अधिक है। नेशनल रिकवरी रेट 98.91 फीसदी है।

यूक्रेन ने रूसी कब्जे वाले इलाके में हमला किया, 20 लोगों की मौत

यूक्रेन ने शनिवार देर रात रूसी कब्जे वाले लुहांस्क इलाके में एक बेक्री पर हमला किया। इसमें 20 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेनी हमले से बेक्री ढह गई। 10 लोगों को मलबे से निकाला गया। यूक्रेन ने एक महीने पहले रूस पर क्लस्टर बम से हमला किया था। तब 21 लोगों की मौत हुई थी।

श्रीलंकाई नौसेना ने 23 भारतीय मछुआरों का पकड़ा, दो नावें भी जब्त कीं

भारत और श्रीलंका के बीच पाक की खाड़ी में श्रीलंकाई नौसेना ने भारत के 23 मछुआरों को गिरफ्तार किया है। सभी मछुआरे तमिलनाडु के रामेश्वरम के रहने वाले हैं। रामेश्वरम मछुआरा संघ ने बताया कि श्रीलंकाई नौसेना ने मछुआरों की दो नावें भी जब्त की हैं।

दिल्ली में अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी की छेनी से गोदकर हत्या की

दिल्ली के बुराड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के सत्य विहार इलाके में रहने वाले कुंदन शाह (46) ने 2 जनवरी को अपनी पत्नी (40) की लोहे की नुकीली वस्तु (छेनी) मारकर हत्या कर दी। कुंदन को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध है। घटना के वक्त कुंदन के बच्चे स्कूल गए हुए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पूरी खबर पढ़ें

पश्चिम बंगाल के मालदा में एक फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के नारायणपुर में शनिवार की रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची है। घटना में अभी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड अधिकारी दिलीप मंडल ने बताया कि दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है।