भास्कर अपडेट्स: कर्नाटक सेक्स स्कैंडल- किडनैपिंग केस में प्रज्वल रेवन्ना की मां भवानी की अग्रिम जमानत बढ़ी

41 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कर्नाटक हाईकोर्ट ने अश्लील वीडियो मामले से जुड़े अपहरण मामले में जनता दल (सेक्युलर) के निलंबित सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मां भवानी रेवन्ना को दी गई अग्रिम जमानत की समय सीमा बढ़ा दी है। भवानी की याचिका पर शुक्रवार को जस्टिस कृष्ण एस दीक्षित ने सुनवाई की। अदालत ने पहले दी गई अंतरिम अग्रिम जमानत को अगले आदेश तक बढ़ाने का आदेश दिया।

आज की अन्य प्रमुख खबरें…

आंध्रप्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल, IAS जे श्यामला राव तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के CEO नियुक्त

आंध्र प्रदेश की नई गठबंधन सरकार ने IAS अधिकारी जे श्यामला राव को दुनिया के सबसे अमीर हिंदू मंदिर ट्रस्टों में से एक तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) का नया कार्यकारी अधिकारी नियुक्त करने की घोषणा की है। टीटीडी आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में तिरुमाला पर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का प्रशासन करता है।

1997 बैच के आईएएस अधिकारी राव, एवी धर्म रेड्डी की जगह लेंगे। श्यामला राव ने पहले विशाखापत्तनम जिला कलेक्टर के रूप में कार्य किया है। नवनियुक्त मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने टीटीडी प्रशासन में पिछली सरकार द्वारा भ्रष्टाचार और कुप्रशासन का आरोप लगाया है और कहा है कि वह तिरुमाला प्रशासन के शासन को शुद्ध करेंगे।

मुंबई के विजय नगर में एक घर का हिस्सा गिरा, मलबे में दबने से 2 की मौत

मुंबई के एंटॉप हिल इलाके के विजय नगर में शुक्रवार रात एक घर का हिस्सा गिर गया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

प्राइवेट सेक्टर की नौकरियों में लोकल को 100% आरक्षण की तैयारी, कर्नाटक कैबिनेट की अगली बैठक में प्रस्ताव आने की संभावना

कर्नाटक सरकार प्राइवेट सेक्टर की समूह ‘सी’ और ‘डी’ की नौकरियों में स्थानीय लोगों को 100 फीसदी आरक्षण देने की तैयारी में है। साथ ही दिव्यांगों के लिए 5% पद आरक्षित होगा। कर्नाटक के श्रम मंत्री संतोष लाड ने इसके लिए प्रस्तावित कर्नाटक औद्योगिक रोजगार (स्थायी आदेश) (संशोधन) नियम, 2024 को लेकर श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

कैबिनेट की अगली बैठक में यह प्रस्ताव रखा जा सकता है। संतोष लाड ने कहा, अब तक निजी क्षेत्र में स्थानीय लोगों को आरक्षण पर सरोजिनी महिषी रिपोर्ट ही नीति थी। अब इसमें बदलाव कर आरक्षण के लिए कानून बनाने जा रहे हैं। इसके लिए कैबिनेट की मंजूरी जरूरी है।