भागवत बोले- 500 साल बाद रामलला वापस आए: CM योगी ने कहा- आज हर मन में राम, हर आंख में संतोष के आंसू

  • Hindi News
  • National
  • Yogi Adityanath Mohan Bhagwat; Ayodhya Ram Mandir Inauguration | Pran Pratishtha

अयोध्या3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का विधान पूरा हो गया है। इस मौके पर संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- आज 500 साल बाद रामलला यहां लौटे हैं। रामलला के साथ भारत का स्वर लौट कर आया है।

उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रभु राम की कृपा से अब कोई अयोध्या की परिक्रमा में बाधा नहीं बन पाएगा। अयोध्या की गलियो में गोलियों की गड़गड़ाहट नहीं होगी। यहां की गलियां श्री राम नाम से गूंजेंगी।

मोहन भागवत के संबोधन की 3 बड़ी बातें…

नया भारत खड़ा होके रहेगा, आज का कार्यक्रम इसका प्रतीक
पूरे विश्व को त्रासदी से राहत देने वाला एक नया भारत खड़ा होके रहेगा। आज का कार्यक्रम इसका प्रतीक है। जोश की बातों में होश की बातें करने का काम मुझे सौंपा जाता है। PM को जितना कठोर व्रत करने को कहा गया था, उन्होंने उससे ज्यादा कठोर व्रत किया। वे तपस्वी हैं।

पीएम ने भी तप किया, अब हमें भी करना है
पीएम ने तप किया। अब हमें भी तप करना है। हमें छोटी-छोटी बातों पर लड़ाई छोड़नी होगी। हमको आपस में समन्वय रखकर चलना होगा। सब हमारे ही हैं। सरकार की कई योजनाएं राहत दे रही है। लेकिन समाज के लोग हमारे भी लोग हैं। हमें भी सेवा और परोपकार के रास्ते पर चलना होगा। अपने लिए उतना ही रखें जितने की जरुरत हो।

रामलला को वापस लाने वालों को कोटि-कोटि नमन
RSS प्रमुख ने आगे कहा, जिनके त्याग, तपस्या, प्रयासों से आज हम यह स्वर्ण दिवस देख रहे हैं, उनका स्मरण प्राण-प्रतिष्ठा के संकल्प में हमने किया। उनके प्रयासों को कोटि बार नमन है। इस युग में आज के दिन रामलला के फिर वापस आने का इतिहास जो-जो स्मरण करेगा, वह राष्ट्र के लिए होगा।

अब पढ़िए योगी आदित्यनाथ के संबोधन की 3 बड़ी बातें…

हर मन में राम नाम, हर आंख में संतोष के आंसू आज इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत का हर ग्राम, हर नगर अयोध्या धाम है। हर मन में राम नाम है। हर आंख हर्ष और संतोष के आंसू से भीगी हैं। हर जुबान राम नाम जप रही है। रोम-रोम में राम रमे हैं। ऐसा लगता है कि हम त्रेतायुग में आ गए हैं।

अयोध्या की सड़कें अब गोलियों की आवाज से नहीं गूंजेंगी अब अयोध्या की सड़कें गोलियों की तड़तड़ाहट से नहीं गूंजेंगी। कोई कर्फ्यू नहीं होगा। अब यहां दीपोत्सव और रामोत्सव होगा। गलियों में श्री राम नाम ‘संकीर्तन’ गूंजेगा क्योंकि यहां रामलला की स्थापना है।

खबरें और भी हैं…