बिहार जातीय गणना, सबसे ज्यादा 14% यादव: मोदी बोले- जात-पात करने वाले विकास विरोधी; महाराष्ट्र के अस्पताल में 24 मौतें, इनमें 12 नवजात

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Narendra Modi Vs Ashok Gehlot | Bihar Caste Census Survey Result

एक मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,
कल की बड़ी खबर बिहार में हुई जाति आधारित गणना से जुड़ी रही, जिसके आंकड़े राज्य सरकार ने जारी किए हैं। एक खबर महाराष्ट्र के नांदेड़ के सरकारी अस्पताल की रही, जहां 24 मरीजों की मौत हुई है, इनमें 12 नवजात शामिल हैं।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ और तेलंगाना का दौरा करेंगे। वे छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से 24 हजार करोड़ रुपए और तेलंगाना के निजामाबाद से 8 हजार करोड़ रुपए के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ये दो दिन में दोनों राज्यों में उनका दूसरा दौरा होगा।
  2. सुप्रीम कोर्ट में मथुरा कृष्ण जन्मभूमि विवाद पर सुनवाई होगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जन्मभूमि भूमि विवाद से जुड़ी सभी याचिकाओं को जिला न्यायालय मथुरा से अपने पास ट्रांसफर कर लिया था। इसी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई गई है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. बिहार जातीय गणना के आंकड़े जारी करने वाला पहला राज्य; 36% अत्यंत पिछड़ा वर्ग, OBC 27%

बिहार जातीय गणना के आंकड़े जारी करने वाला पहला राज्य बन गया है। यहां की कुल 13 करोड़ 7 लाख 25 हजार 310 की आबादी में अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) 36%, OBC 27% हैं। ब्राह्मण 3.65%, राजपूत 3.45% हैं। सबसे कम संख्या 0.60% कायस्थों की है। वहीं सबसे ज्यादा 14.26% आबादी यादवों की है। CM नीतीश कुमार का कहना है कि इस डेटा के आधार पर सभी समुदायों के विकास के लिए कदम उठाए जाएंगे।

ये खबर अहम क्यों है: इससे पहले देश में 1931 में जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी हुए थे। तब से आज तक न ही देश के स्तर पर और न ही राज्य के स्तर पर जातिगत जनगणना के कोई आंकड़े जारी हुए थे। विपक्ष सामाजिक न्याय के नाम पर साल 2024 के चुनावों में जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाकर बीजेपी पर दबाव बनाने और पिछड़े समाज के वोट को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. PM मोदी बोले- विकास विरोधी लोग जात-पात के नाम पर बांटते थे, आज भी यही पाप कर रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विकास विरोधी लोग पहले भी जात-पात के नाम पर लोगों को बांटते थे और आज भी यही पाप कर रहे हैं। उनके इस बयान से ठीक साढ़े तीन घंटे पहले ही बिहार में जाति गणना के आंकड़े जारी हुए थे। वहीं राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में मोदी ने कहा कि CM गहलोत चुनाव से पहले ही हार मान चुके हैं।

ये खबर अहम क्यों है: सेंटर फॉर स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज (CSDS) के प्रोफेसर संजय कुमार के मुताबिक BJP का जातिगत गणना से कतराने का मुख्य कारण यह डर है कि अगर जातिगत गणना हो जाती है, तो क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को केंद्र सरकार की नौकरियां और शिक्षण संस्थाओं में OBC कोटे में बदलाव के लिए सरकार पर दबाव बनाने का मुद्दा मिल जाएगा। बहुत हद तक संभव है कि OBC की संख्या उन्हें केंद्र की नौकरियों में मिल रहे मौजूदा आरक्षण से कहीं अधिक हो सकती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. एशियाड के 9वें दिन भारत ने 7 मेडल जीते, 400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम का ब्रॉन्ज सिल्वर में अपग्रेड हुआ

भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स के नौवें दिन 7 मेडल जीते। इनमें से 5 मेडल एथलीट्स ने दिलाए। स्केटिंग में भारत को 2 ब्रॉन्ज मिले। सुतीर्था मुखर्जी और अयहिका मुखर्जी ने टेबल टेनिस में ब्राॅन्ज दिलाया। विमेंस 3000 मीटर स्टीपलचेज इवेंट में पारुल चौधरी ने सिल्वर और प्रीति ने ब्रॉन्ज जीता। इसके अलावा विमेंस लॉन्ग जंप में सोजन ने सिल्वर जीता। वहीं मिक्स्ड रीले टीम ने भी सिल्वर हासिल किया। 400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम का ब्रॉन्ज मेडल अपग्रेड होकर सिल्वर में बदला गया, क्योंकि श्रीलंकाई टीम डिस्क्वॉलिफाई हो गई।

ये खबर अहम क्यों है: भारत एशियन गेम्स में 60 मेडल्स के साथ टैली में चौथे स्थान पर है। 270 मेडल के साथ चीन पहले, 122 मेडल के साथ जापान दूसरे और 133 मेडल के साथ कोरिया तीसरे स्थान पर है। एशियन गेम्स में भारत ने साल 2018 में सबसे ज्यादा 70 मेडल जीते थे। अभी टूर्नामेंट में 6 दिन बाकी है, ऐसे में भारत अपना रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. महाराष्ट्र के अस्पताल में एक दिन में 24 की मौत, इसमें 12 नवजात, डीन ने कहा- दवाओं की कमी थी
महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित एक सरकारी अस्पताल में 24 घंटे के अंदर 24 पेशेंट्स की मौत हो गई। इनमें 12 नवजात शामिल हैं। अस्पताल के डीन ने मौतों की वजह दवाओं और स्टाफ की कमी बताई है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मौतें बीमारी और सांप के काटने की वजह से हुई हैं। NCP चीफ शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने मौतों के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

ये खबर अहम क्यों है: लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य के कई सरकारी अस्पताल दवाओं की कमी से जूझ रहे हैं। मरीजों को समय पर दवा नहीं मिलने से उनकी जान जा रही है। कुछ रिपोर्ट में ये भी दावा किया जा रहा है कि दवा सप्लाई करने वाली कंपनी हाफकिन इंस्टीट्यूट से कई अस्पतालों ने खरीद बंद कर दी है, जिसके कारण राज्य के कई अस्पताल दवा की कमी से जूझ रहे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. मणिपुर में IAF डोडा पोस्त की खेती को नष्ट करेगी; स्टूडेंट्स की हत्या को लेकर इंफाल में प्रदर्शन

दो स्टूडेंट्स की हत्या के विरोध में मणिपुर के इंफाल शहर के अलग-अलग इलाकों में 10 दिनों से प्रदर्शन जारी है।

दो स्टूडेंट्स की हत्या के विरोध में मणिपुर के इंफाल शहर के अलग-अलग इलाकों में 10 दिनों से प्रदर्शन जारी है।

इंडियन एयरफोर्स (IAF) मणिपुर में डोडा पोस्त की खेती को खत्म करेगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ये आदेश दिया है। हालांकि, ये कार्रवाई कब की जाएगी, इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, दो स्टूडेंट्स की हत्या को लेकर इंफाल के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन जारी है। मैतेई महिला संगठन मीरा पैबिस ने मोमबत्ती जलाकर मृत मैतेई स्टूडेंट्स को श्रद्धांजलि दी। हत्या के विरोध में चुराचांदपुर बंद भी रहा।

ये खबर अहम क्यों है: मणिपुर में अवैध तरीके से अफीम का हजारों करोड़ रुपए का कारोबार होता है। इसी अफीम की खेती को हिंसा की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। इधर, मणिपुर में जुलाई में 2 स्टूडेंट्स लापता हो गए थे। 23 सितंबर को इंटरनेट बैन हटने के बाद इनके शवों के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। जिसके बाद राज्य में कई जगह विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. कैटलिन कारिको-ड्रू वीसमैन को मेडिसिन का नोबेल, इन्होंने दुनिया को mRNA टेक्नोलॉजी दी
​​इस साल मेडिसिन का नोबेल प्राइज कैटलिन कारिको और ड्रू वीसमैन को दिया गया है। दोनों ने पार्टनरशिप करके mRNA टेक्नोलॉजी पर काम शुरू किया था। इन्होंने 2005 में एक रिसर्च पेपर में दावा किया कि मॉडिफाइड mRNA के जरिए इम्युनिटी बढ़ाई जा सकती है, जिससे कई बीमारियों की दवा और वैक्सीन भी बन सकती है।

ये खबर अहम क्यों है: नोबेल प्राइज कमेटी के मुताबिक इन्हीं दोनों वैज्ञानिकों की दी गई mRNA टेक्नोलॉजी से कोरोना वैक्सीन बनी। जिससे दुनिया कोरोना महामारी की चपेट से निकल पाई। कोरोना के वक्त पहली बार ऐसा हुआ था जब mRNA टेक्नोलॉजी पर बेस्ड वैक्सीन बनी थी। इसे फाइजर, बायो एन टेक और मॉडर्ना ने बनाया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. भाजपा में राजस्थान-छत्तीसगढ़ के 50-50 नामों पर मुहर, कभी भी जारी हो सकती है पहली लिस्ट

तस्वीर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक की है, जिसमें PM मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और देवेंद्र फडणवीस सहित कई सीनियर नेता नजर आ रहे हैं।

तस्वीर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक की है, जिसमें PM मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और देवेंद्र फडणवीस सहित कई सीनियर नेता नजर आ रहे हैं।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के 50-50 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लग गई है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान में 50 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट कभी भी जारी हो सकती है। उधर छत्तीसगढ़ में पूर्व CM रमन सिंह का राजनांदगांव से, तो बसना से संपत अग्रवाल का नाम लगभग तय है।

ये खबर अहम क्यों है: बैठक में मध्य प्रदेश की 151, छत्तीसगढ़ की 69 और राजस्थान की सभी 200 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। राजस्थान में भी मध्य प्रदेश की तरह सांसदों को चुनाव लड़ाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राजस्थान में 50 सीटों के नाम ए, बी, सी और डी कैटेगरी के आधार पर छांटे गए हैं। पहली लिस्ट में भाजपा ए और डी कैटेगरी की सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। ये वे सीटें हैं, जहां भाजपा सबसे मजबूत और सबसे कमजोर है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. दिल्ली में मोस्ट वॉन्टेड आतंकी गिरफ्तार, नॉर्थ-इंडिया में हमले की प्लानिंग कर रहा था
दिल्ली पुलिस ने मोस्ट वॉन्टेड आतंकी शाहनवाज उर्फ शफी उज्जामा को गिरफ्तार किया है। उसके साथ दो और आतंकी भी गिरफ्तार किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने सोमवार सुबह इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शाहनवाज के ISIS मॉड्यूल यानी इस्लामिक स्टेट से जुड़े होने का शक है। वह उत्तर भारत में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

ये खबर अहम क्यों है: पुलिस ने बताया कि शाहनवाज पेशे से इंजीनियर है। वह दिल्ली का ही रहने वाला है, लेकिन पुणे ISIS केस में शामिल होने के शक में उसे पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वहां से फरार होकर वह दिल्ली में छिपकर रह रहा था। यहां रहकर वह विदेशी हैंडलर्स से निर्देश ले रहा था और नॉर्थ इंडिया में आतंकी हमलों की प्लानिंग कर रहा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. प्लेन क्रैश में भारतीय अरबपति हरपाल रंधावा समेत 6 की मौत, बेटे ने भी जान गंवाई (पढ़ें पूरी खबर)
  2. स्वच्छता अभियान के 9 साल पूरे: सर्वे में 52% लोग बोले- पब्लिक टॉयलेट साफ नहीं रहते (पढ़ें पूरी खबर)
  3. इंडोनेशिया ने ‘Whoosh’ हाई स्पीड बुलेट ट्रेन लॉन्च की: 350km/h की रफ्तार, चीन की मदद से तैयार हुई 142 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन (पढ़ें पूरी खबर)
  4. अमेरिकी डिफेंस मिनिस्ट्री की रिपोर्ट में दावा-दो हफ्ते में एटमी हथियार बना सकता है ईरान, पहाड़ों के नीचे न्यूक्लियर फैसिलिटी मौजूद (पढ़ें पूरी खबर)
  5. अमेजन में 7 दिन में 100 डॉल्फिन की मौत: इन्हें दूसरे तालाबों में शिफ्ट किया जा रहा; पानी का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा हुआ (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

भैंस ने सोने का मंगलसूत्र निगला, डॉक्टर ने ऑपरेशन कर निकाला

महाराष्ट्र के वाशिम जिले की एक महिला ने अपना मंगलसूत्र सब्जी के छिलकों के साथ बाहर फेंक दिया। जिसकी कीमत ढाई लाख रुपए थी। 3 घंटे बाद उसे अपनी गलती का एहसास हुआ लेकिन तब तक वो मंगलसूत्र भैंस निगल चुकी थी। जिसके बाद महिला और उसका पति भैंस को डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। मेटल डिटेक्टर में उसके पेट में कुछ नजर आने पर भैंस का ऑपरेशन किया गया। करीब ढाई घंटे के ऑपरेशन के बाद महिला को अपना सोने का मंगलसूत्र वापस मिला।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. नेशनल प्लेयर के सिर से निकले 61 पैलेट्स: मणिपुर के स्टूडेंट बोले- फोर्स जुल्म कर रही, CM कहते हैं, हमारे पास पावर नहीं
  2. लकड़ी की नाव और चाकू लेकर चीन से भिड़ा फिलीपींस: दक्षिण चीन सागर की ये लड़ाई कैसे दुनिया बदल सकती है
  3. मोबाइल में जरूर रखें ये 5 ऐप्स: घंटों वाले काम घर बैठे मिनटों में होंगे, इमरजेंसी में मददगार
  4. 24 साल से राजघाट साफ कर रहे, अंदर एंट्री नहीं: 10 घंटे काम, गुजारे लायक सैलरी, किस हाल में गांधीजी के ‘आखिरी लोग’
  5. बिहार ने जातिगत गणना के आंकड़े जारी किए: 9 साल बाद भी क्यों हिचक रही केंद्र सरकार, इसके पीछे की राजनीति समझिए
  6. पल जो यादगार बन गए: जब 127 किलो के प्लेयर ने लपका कैच…जब सचिन के विकेट पर स्टेडियम में फैंस ने लगाई आग
  7. क्रिकेटिंग गियर्स: हेलमेट जरूरी क्यों, कोहली जैसी रनिंग और बुमराह जैसी बॉलिंग में स्पाइक्स का क्या रोल, जानिए इनका साइंस
  8. राजस्थान में दिग्गजों को चुनौती देंगे ये संत-महंत-महाराज: टिकट के लिए समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार में उतरे, कोई पुलिस में रहा तो कोई पोस्ट ग्रेजुएट
  9. MP में भाजपा के दिग्गज प्रत्याशियों की सीटों के हालात: प्रह्लाद बोले- मुझे सिर्फ नामांकन भरना है, रीति बोलीं- सब कंट्रोल में है; तोमर क्षेत्र में पहुंचे ही नहीं

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…