बिक्रम सिंह मजीठिया मानहानी केस: संजय सिंह का गिरफ्तारी वारंट जारी; 71 तारीखों में 4 बार ही पेश हुए AAP सांसद, पुलिस को 17 सितंबर तक अदालत में पेश करने के आदेश

लुधियाना2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

जिला अदालत ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) नेता बिक्रम सिंह मजीठिया मानहानि मामले में आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के गिरफ्तारी के आर्डर जारी किए हैं। इस केस में संजय सिंह के पेश नहीं होने पर वारंट जारी हुए हैं। अब उन्हें अदालत में खुद पेश होना होगा या पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। AAP सांसद के खिलाफ मामला एडीशनल चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट हरसिमरन सिंह की अदालत में चल रहा है। वह लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहे थे। सोमवार को भी महेशइंद्रर सिंह ग्रेवाल का क्रॉस एग्जामिनेशन होना था लेकिन संजय सिंह के वकीलों ने इससे इंकार कर दिया। इस पर अदालत ने यह फैसला सुनाया है।

71 में से चार बार ही पेश हुए हैं संजय सिंह
संजय सिंह के खिलाफ मानहानी का केस 2016 में बिक्रम सिंह मजीठिया ने दर्ज करवाया था। इस मामले में विधायक मनप्रीत सिंह अयाली, महेशइंद्र ग्रेवाल और शरणजीत सिंह ढिल्लों गवाह हैं। अब तक केस में 71 तारीखें अदालत में पड़ चुकी हैं, इनमें संजय सिंह मात्र चार बार ही अदालत में पेश हुए हैं। आज भी जब उनके वकील अदालत में आए तो जज ने संजय सिंह की हाजिरी के बारे में पूछा। नहीं होने पर जज ने आदेश जारी करते हुए AAP सांसद को 17 सितंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने को कहा है।

मोगा की राजनीतिक रैली में कहा था नशा तस्कर
2017 के विधानसभा चुनावों से पहले 2016 में मोगा की रैली के दौरान शिरोमणी अकाली दल के नेताओं को नशा तस्कर बताया था। इसके बाद बिक्रम सिंह मजीठिया ने अदालत में मानहानी केस दायर किया था। 2016 में ही संजय सिंह पर आरोप तय कर दिए गए थे और बिक्रम सिंह मजीठिया को अपने गवाह भुगताने के लिए कहा गया था।

17 सितंबर के लिए जारी हुए हैं वारंट
बिक्रम सिंह मजीठिया की ओर से अदालत में पेश हुए वकील दमन सोबती ने कहा कि मामले में गवाहियां चल रही हैं। अब इस मामले में महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल की गवाही का क्रॉस एग्जामीनेशन होना था लेकिन दूसरे पक्ष के वकीलों ने तैयारी नहीं होने की बात कही। इस कारण अदालत ने फैसला सुनाते हुए पुलिस को 17 सितंबर को संजय सिंह को पेश करने के आदेश दिए हैं।

मंगलवार को ही लगाएंगे अग्रिम जमानत याचिका
संजय सिंह के वकील रमेश कपूर का कहना है कि वह मंगलवार को अदालत में अग्रिम जमानत याचिका लगाई जाएगी। संजय सिंह राजनीतिक कार्यों में व्यस्त होने के कारण पेश नहीं हो सके हैं। वह अदालत का सम्मान करते हैं और हमेशा ही मामले में सहयोग किया है।

खबरें और भी हैं…

.

Leave a Reply