न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: ट्रम्प पर फायरिंग, कान पर गोली लगी; AAP बोली- केजरीवाल के कोमा में जाने का खतरा; बिहार में 7 नदियां उफान पर

12 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर फायरिंग, कान पर गोली लगी; शूटर मारा गया
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली के दौरान गोली चलाई गई। जब वे मंच पर बोल रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ट्रम्प ने अपने दाहिने कान पर हाथ रखा और नीचे झुक गए। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स तुरंत ट्रम्प को कवर करने पहुंचे। जब वे उठे तो उनका चेहरा खून से सना था। शूटर को मार गिराया है।
पढ़ें पूरी खबर…

2. संजय सिंह बोले- केजरीवाल के कोमा में जाने का खतरा, 5 बार शुगर लेवल गिरा
AAP सांसद संजय सिंह ने बताया कि जेल में दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल का लगातार वजन घट रहा है। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तारी के बाद से अब तक केजरीवाल का करीब 8.5 किलो वजन घट गया है। ये गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जेल में रहने के दौरान नींद में 5 बार उनका शुगर लेवल गिरकर 50 तक आ चुका है। सोते समय अचानक शुगर लेवल गिरता है, तो व्यक्ति कोमा में जा सकता है।
पढ़ें पूरी खबर…

3. बिहार में 7 नदियां उफान पर: महाराष्ट्र-कर्नाटक में रेड अलर्ट; 5 राज्यों में बारिश की चेतावनी
नेपाल से सटे बिहार और यूपी के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बिहार में बगहा में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राज्य की 7 नदियां (घाघरा, गंडक, बागमती, कमला बलान, कोसी, महानंदा और परमान नदी) खतरे के निशान से ऊपर हैं। यहां पिछले 48 घंटे में 25 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई है। उधर, यूपी में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर में बाढ़ है। करीब 20 लाख लोग प्रभावित हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

4. आज खोला जाएगा जगन्नाथ मंदिर का रत्न भंडार, दोपहर 1 से 1:30 बजे का शुभ मुहूर्त
ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार (खजाना) आज यानी 14 जुलाई को खोला जाएगा। मंदिर का खजाना आखिरी बार 46 साल पहले 1978 में खोला गया था। उच्च स्तरीय समिति के चेयरमैन बिश्वनाथ रथ के मुताबिक, रत्न भंडार शुभ समय में दोपहर एक बजे से डेढ़ बजे के बीच खोला जाएगा। मंदिर प्रबंधन समिति के प्रमुख अरविंद पाढी ने बताया कि इससे पहले रत्न भंडार 1905, 1926 और 1978 में खोला गया था और बेशकीमती चीजों की लिस्ट बनाई गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

5. देश में एक किलो टमाटर की एवरेज कीमत ₹67.65 पहुंची, आलू-प्याज भी महंगे हुए
देशभर में टमाटर की कीमत लगातार बढ़ रही है। डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार (13 जुलाई) को देश में एक किलो टमाटर की औसत खुदरा कीमत 67.65 रुपए पहुंच गई। अंडमान और निकोबार में टमाटर सबसे महंगा रहा, यहां 115 रुपए प्रति किलो बिका। आंध्रप्रदेश में सबसे सस्ता रहा, यहां टमाटर की खुदरा कीमत 46.75 प्रति किलो रही। दिल्ली में टमाटर 77 रुपए किलो बिक रही। वहीं, आलू और प्याज की कीमत भी बढ़ रही है।
पढ़ें पूरी खबर…

6. इमरान खान अभी जेल में ही रहेंगे, फर्जी निकाह केस में बरी होने के 5 घंटे बाद गिरफ्तार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अभी जेल में ही रहेंगे। फर्जी निकाह केस में इस्लामाबाद कोर्ट ने 13 जुलाई को इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को बरी कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि इन्हें फौरन रिहा किया जाए। अदालत के आदेश के 5 घंटे बाद ही नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो की टीम ने उन्हें तोशाखाना से जुड़े एक दूसरे मामले में गिरफ्तार कर लिया। इमरान 3 अलग-अलग मामलों में 350 दिनों से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

7. गर्लफ्रेंड की हत्या के प्रयास में CID अफसर अरेस्ट, ऑफिस में बनाता था संबंध
सीआईडी उदयपुर जोन के AAO (असिस्टेंट अकाउंट ऑफिसर) खड़क सिंह उर्फ सतीश जयपुर को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। सतीश पर प्रेमिका और उसके 9 साल के बेटे की हत्या की कोशिश का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, सतीश ने 10 दिन पहले ही दोनों को मारने का प्लान बना लिया था। प्रेमिका और बेटे को जयपुर बुलाकर उनसे ही उनकी कब्र (गड्ढा) खुदवाई। पुलिस जांच में ये भी सामने आया कि आरोपी अफसर छुट्टी वाले दिन महिला को सरकारी ऑफिस में बुलाकर संबंध बनाता था। जब महिला ने शादी का दबाव बनाया तो उसे मारने का प्लान बनाया।
पढ़ें पूरी खबर…

8. भारत ने जिम्बाब्वे से 5 मैचों की टी-20 सीरीज जीती, चौथे मुकाबले में 10 विकेट से हराया
टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को चौथे टी-20 मैच में 10 विकेट से हरा दिया। यह भारतीय टीम की इस सीरीज में लगातार तीसरी जीत है। इस जीत से टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में 3-1 की बढ़त के साथ सीरीज भी अपने नाम कर ली है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी थी। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 152 रन बनाए। जवाब में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए टारगेट हासिल कर लिया। सीरीज का पांचवां मुकाबला 14 जुलाई को खेला जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर…

9. अनंत-राधिका को PM मोदी ने आशीर्वाद दिया, शंकराचार्य सहित कई संत-महात्मा जुटे
मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत और राधिका मर्चेंट की शादी की आशीर्वाद सेरेमनी 13 जुलाई को जियो वर्ल्ड सेंटर में हुई। इस फंक्शन में पीएम नरेंद्र मोदी भी शरीक हुए। पीएम यहां रात करीब 8:30 बजे पहुंचे और 2 घंटे 40 मिनट रुके। उन्होंने डिनर भी किया। अनंत-राधिका ने उनके पैर छुए। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी, स्वामी रामभद्राचार्य, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री और योग गुरु रामदेव सहित संत समाज, योग और अध्यात्म से जुड़े कई गणमान्य भी इस आशीर्वाद समारोह में मौजूद रहे।
पढ़ें पूरी खबर…

10. तमिलनाडु बसपा चीफ की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर: पुलिस कस्टडी से भाग रहा था
तमिलनाडु में बहुजन समाज पार्टी (BSP) चीफ के आर्मस्ट्रांग की हत्या के एक मुख्य आरोपी की रविवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। 30 साल के आरोपी का नाम के तिरुवेंगदम था। वह आर्मस्ट्रांग मर्डर केस में गिरफ्तार 11 संदिग्धों में शामिल था। पुलिस ने बताया कि आरोपी तिरुवेंगदम ने आज सुबह पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। उसने एक पुलिसकर्मी पर हमला भी किया। इस दौरान एक पुलिस ऑफिसर ने उस पर गोली चलाई। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
पढ़ें पूरी खबर…