न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: झारखंड में डिरेल मालगाड़ी से टकराई पैसेंजर ट्रेन, 2 की मौत; केरल लैंडस्लाइड में 41 की मौत; मनु से मेडल की उम्मीद

  • Hindi News
  • National
  • Mumbai Howrah Train Accident; Rahul Gandhi PM Modi | Kerala Gujarat Rainfall Flood

1 घंटे पहलेलेखक: गौरव सेन, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. झारखंड में डिरेल मालगाड़ी से हावड़ा-मुंबई मेल टकराई, अब तक 2 की मौत
झारखंड के जमशेदपुर में पहले से डिरेल मालगाड़ी से टकराकर मंगलवार सुबह 3.43 बजे मुंबई-हावड़ा मेल (12810) की 18 बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत हुई है। 20 से ज्यादा यात्री घायल हैं। हादसा राजखरसवां-बड़ाबाम्बो के बीच हुआ। घायलों को चक्रधरपुर स्थित रेलवे अस्पताल ले जाया गया है।
पूरी खबर पढ़ें…

2. केरल में लैंडस्लाइड में 41 की मौत, कुल्लू में बादल फटा, 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
केरल के वायनाड में सोमवार रात भारी बारिश के कारण 4 गांव मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांव लैंडस्लाइड की चपेट में आ गए। इससे 41 लोगों की मौत हो गई और 400 से ज्यादा लोग फंस गए, जिनका रेस्क्यू जारी है। उधर, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में सोमवार-मंगलवार देर रात बादल फटा। इससे कई घर, दुकान और पुल बह गए। लेह जाने वाली सड़क भी बंद कर दी गई। आज मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ समेत 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है।
पूरी खबर पढ़ें…

3. संसद के मानसून सत्र का सातवां दिन, वित्त मंत्री सीतारमण जम्मू-कश्मीर का बजट पेश करेंगी
संसद के मानसून सत्र का मंगलवार (30 जुलाई) को सातवां दिन है। आज केंद्र सरकार 6 नए बिल पेश कर सकती है। इनमें 90 साल पुराना एयरक्राफ्ट एक्ट बिल-1934 बदला जा सकता है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में जम्मू-कश्मीर का बजट पेश करेंगी। सत्र के छठे दिन संसद में बजट और दिल्ली हादसे की गूंज रही थी। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बजट की तुलना महाभारत के चक्रव्यूह से की थी।
पूरी खबर पढ़ें…

4. पेरिस ओलिंपिक में आज फिर मनु से मेडल की उम्मीद, ​​​​​हॉकी टीम का आयरलैंड से मैच
पेरिस ओलिंपिक में भारतीय निशानेबाज मनु भाकर से आज फिर मेडल की उम्मीद है। वे आज सरबजोत के साथ 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेंगी। पेरिस में चल रहे ओलिंपिक गेम्स के चौथे दिन भारतीय प्लेयर्स 5 खेलों में हिस्सा लेंगे। इनमें शूटिंग, हॉकी, आर्चरी, बैडमिंटन और बॉक्सिंग शामिल हैं। मेंस हॉकी के पूल बी में भारतीय टीम के सामने आयरलैंड की चुनौती होगी।
पूरी खबर पढ़ें…

5. सेंसेक्स आज 300 अंक से ज्यादा की तेजी, 30 शेयरों में से 18 में तेजी ​​​​​​
सेंसेक्स आज 300 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ 81,670 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी 100 अंक की तेजी है, ये 24,930 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी और 12 में गिरावट देखने को मिल रही है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 27 में तेजी और 23 में गिरावट है। ऑयल एंड गैस कंपनी के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है।
पूरी खबर पढ़ें…

6. केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ I.N.I.D.A. का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, संजय सिंह बोले- 10 पार्टियां शामिल होंगी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में I.N.D.I.A. गठबंधन आज विरोध प्रदर्शन करेगा। जंतर-मंतर पर यह प्रोटेस्ट दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसकी जानकारी AAP सांसद संजय सिंह ने दी है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का मकसद न्याय की मांग करना और केजरीवाल के नेतृत्व का समर्थन करना है। ED केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति केस में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।
पूरी खबर पढ़ें…

7. पाकिस्तान में शिया-सुन्नी के बीच 6 दिन से झड़प जारी, अबतक 49 की मौत, 200 से ज्यादा घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में शिया और सुन्नी समुदाय के बीच जमीन विवाद को लेकर बीते 6 दिन से झड़प जारी है। इनमें अबतक 49 लोगों की मौत हो चुकी है। 200 से ज्यादा लोग घायल हैं। पूरा विवाद 30 एकड़ जमीन को लेकर है। इसके मालिकाना हक को लेकर जिले के बुशेहरा गांव में दो कबीलों के बीच विवाद काफी समय से चला आ रहा है।
पूरी खबर पढ़ें…

8. पुणे में 16 साल का लड़का 14वीं मंजिल से कूदा, ​​​​​ऑनलाइन गेमिंग के टास्क के लिए जान दी
महाराष्ट्र के पुणे में 10वीं में पढ़ने वाले एक किशोर ने ऑनलाइन गेम का टास्क पूरा करने के लिए 14वीं मंजिल से छलांग लगा दी, इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक छात्र के कमरे से एक कागज बरामद किया, जिस पर पेंसिंल से उसके अपार्टमेंट और गैलरी से कूदने का टास्क बना हुआ है। इसी पेपर में लॉगआउट भी लिखा है। किशोर के पिता विदेश में नौकरी करते हैं और मां इंजीनियर हैं।
पूरी खबर पढ़ें…

9. आंखों के इलाज के लिए अमेरिका जाएंगे शाहरुख, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा- मोतियाबिंद से जूझ रहे एक्टर
शाहरुख खान ने हाल ही में मुंबई के एक अस्पताल में अपनी आंखों का इलाज करवाया था। हालांकि, यह ट्रीटमेंट उस तरह से नहीं हो पाया जिस तरह एक्टर चाहते थे। ऐसे में अब शाहरुख आंखों के इलाज के लिए अमेरिका जाएंगे। एक्टर के करीबी सूत्र की मानें तो शाहरुख 30 जुलाई को इलाज के लिए अमेरिका रवाना होंगे। वहीं, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शाहरुख दोनों आंखों में कैटरेक्ट (मोतियाबिंद) की समस्या से जूझ रहे हैं।
पूरी खबर पढ़ें…

10. राजस्थान के विधायकों की सैलरी हर साल अपने-आप बढ़ेगी, अभी वेतन 40 हजार, लेकिन भत्ते लाखों में
राजस्थान में विधायकों के वेतन, भत्ते और पूर्व विधायकों की पेंशन अब सरकारी कर्मचारियों की तरह हर साल बढ़ेगी। इसके लिए हर बार विधानसभा में बिल पास नहीं करवाना होगा। CM भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में बजट पास होने से पहले फाइनेंस और एप्रोप्रिएशन बिल पर बहस में इसकी घोषणा की। विधायकों को हर महीने 40 हजार रुपए सैलरी मिलती है और भत्ते अलग से मिलते हैं।
पूरी खबर पढ़ें…