न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: आज मोदी की शपथ; चिराग-जयंत संभावित मंत्री; भारत-पाक टी-20 वर्ल्डकप में जब कोहली नाबाद, तब भारत जीता

  • Hindi News
  • National
  • PM Narendra Modi Cabinet Ministers 2024; India Vs Pakistan | T20 World Cup

4 घंटे पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. आज PM पद की शपथ लेंगे मोदी, पंडित नेहरू के 62 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह महात्मा गांधी और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पहुंचे। उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद PM ने वॉर मेमोरियल जाकर शहीदों को नमन किया। वे आज शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद की तीसरी बार शपथ लेंगे। इसके साथ ही वे पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के लगातार 3 बार प्रधानमंत्री बनने के 62 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। नेहरू 1952, 1957 और 1962 में विजयी होकर पीएम बने थे।
पढ़ें पूरी खबर…

2. मोदी 3.0 में TDP से 2 मंत्री बनना तय; चिराग-जयंत भी मंत्री बनेंगे, मांझी को भी फोन आया
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में TDP को एक कैबिनेट और एक राज्य मंत्री पद मिलना लगभग कंफर्म हो गया है। राम मोहन नायडू कैबिनेट मंत्री होंगे और पी चन्द्रशेखर पेम्मासानी राज्य मंत्री होंगे। वहीं कल देर रात अमित शाह ने गठबंधन दलों के नेताओं को बुला कर मंत्री बनने की जानकारी दी। जिन्हें फोन किया गया उनमें अपना दल की अनुप्रिया पटेल, आरएलडी के जयंत चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान और हम के जीतनराम मांझी शामिल हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

3. मोदी के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे 7 देशों के लीडर्स, सुरक्षा में 2500 जवान तैनात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में 7 पड़ोसी देशों के लीडर्स को न्योता दिया गया है। इनमें मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, बांग्लादेश की PM शेख हसीना, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, नेपाल के PM प्रचंड, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनॉथ, भूटान के PM शेरिंग तोबगे और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ शामिल हैं। सभी मेहमान दिल्ली के होटलों में ठहरे हैं। इनकी सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री और दिल्ली की आर्म्ड पुलिस (DAP) के 2500 जवानों को तैनात किया गया है।
पढ़ें पूरी खबर…

4. UP-MP समेत 7 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट; छत्तीसगढ़ पहुंचा मानसून
छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शनिवार (8 जून) को मानसून की एंट्री हुई। वहीं राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, चित्तौड़गड़ और उदयपुर में तेज बारिश हुई। जैसलमेर के रामगढ़ में ओले भी गिरे। प्रदेश के 12 जिलों में आंधी-बारिश चलने का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ स्थानों पर अगले 4 दिन हीटवेव चलने की आशंका है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. राजस्थान में तेज भूकंप: 10 सेकेंड तक महसूस हुए झटके; लोग घरों से बाहर निकले
राजस्थान के शेखावाटी के सीकर जिले में शनिवार रात करीब 11 बजकर 47 मिनट पर अचानक भूकंप के झटके आने लगे। लोगों ने 10 सेकेंड तक कंपन को महसूस किया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.9 नापी गई। भूकंप का केंद्र सीकर से 15 किलोमीटर दूर हर्ष पर्वत के नजदीक बताया जा रहा है। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 5 किमी नीचे था।
पढ़ें पूरी खबर…

6. नवीन पटनायक बोले-हार के लिए पांडियन की आलोचना करना गलत, वे ईमानदार हैं
ओडिशा के 24 साल तक मुख्यमंत्री रहे नवीन पटनायक ने अपने करीबी नेता वीके पांडियन को हार का जिम्मेदार ठहराने को गलत बताया है। उन्होंने कहा है कि मेरी हार के लिए वीके पांडियन की आलोचना करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पार्टी में कोई भी पद नहीं लिया। कहीं से चुनाव भी नहीं लड़ा। एक ऑफिसर के रूप में उन्होंने 10 साल तक बहुत अच्छा काम किया। 2024 विधानसभा चुनाव में बीजेडी को 147 में से सिर्फ 51 सीटें मिलीं।
पढ़ें पूरी खबर…

7. आज IND vs PAK मैच; कोहली 7 वर्ल्ड कप मैच में 4 बार नाबाद, सारे मुकाबले भारत जीता
टी-20 वर्ल्ड कप में आज 8वीं बार भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला न्यूयॉर्क में रात 8 बजे से खेला जाएगा। पाकिस्तान के खिलाफ 7 वर्ल्ड कप मुकाबलों में विराट 5 बार बल्लेबाजी करने आए। 4 बार विराट नाबाद रहे और हर मैच में इंडिया जीता। एक बार कोहली आउट हो गए और भारत हार गया। इस वर्ल्डकप में भारत आयरलैंड को हरा चुका है। वहीं पाकिस्तान यूएसए से हारकर आ रही है।
पढ़ें पूरी खबर…

8. वेस्टइंडीज की टी-20 वर्ल्डकप में सबसे बड़ी जीत, युगांडा को 134 रन से हराया
ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के 18वें मैच में वेस्टइंडीज ने युगांडा को 134 रन से हरा दिया। टी-20 वर्ल्डकप में वेस्टइंडीज की यह सबसे बड़ी जीत है। उसने टॉस जीतने के बाद युगांडा को 174 रन का टारगेट दिया था। जवाब में युगांडा की टीम 12 ओवर में 39 रन पर ही ऑलआउट हो गई। उसने टी-20 के सबसे छोटे स्कोर की बराबरी की है। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड भी श्रीलंका के खिलाफ 39 रन पर ऑलआउट हो गया था।
पढ़ें पूरी खबर…

9. हरियाणा में मर्डर का VIDEO: हाथ जोड़ने के बाद भी हत्यारा चाकू घोंपकर फरार
हरियाणा के करनाल में एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है। वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। इसका फुटेज भी सामने आया है, जिसमें 2 युवक हमला करते नजर आ रहे हैं और पीड़ित हाथ जोड़े दिख रहा है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद CCTV कैमरा भी तोड़ने की कोशिश की, ताकि घटना कैद न हो जाए। मृतक की पहचान दिनेश कुमार निवासी सदर बाजार, करनाल के रूप में हुई है।
पढ़ें पूरी खबर…

10. छत्तीसगढ़ में सरकारी अस्पताल के फर्श पर डिलीवरी, कराहती रही गर्भवती
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के उप स्वास्थ्य केंद्र नवानगर में गर्भवती की डिलीवरी फर्श पर कराई गई। अस्पताल में डॉक्टर-नर्स नहीं होने के चलते मितानिन (स्वास्थ्य सहायिका) ने जमीन पर लिटाकर प्रसव कराया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। उस समय अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर थे और न नर्स।
पढ़ें पूरी खबर…