देश का मानसून ट्रैकर: देश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं; मध्य प्रदेश-राजस्थान में हल्की से तेज बारिश की संभावना; बिहार में 76 स्कूल बंद

  • Hindi News
  • National
  • IMD Weather Update; MP North East Maharashtra Gujarat Rainfall Alert | Madhya Pradesh Uttarakhand Rajasthan UP Monsoon Forecast

नई दिल्ली8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को देश के किसी भी राज्य में बहुत भारी बारिश और भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। हालांकि, मध्य प्रदेश-राजस्थान पर बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दोनों कही राज्यों में हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है। राजस्थान में अगले दो दिन बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में बीते 4 दिन से हो रही बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ भी आई।

बुधवार को राजस्थान के 16 जिलों में बारिश का अलर्ट था। धौलपुर में कई इलाकों में पानी भरा है। प्रदेश में इस मानसून सीजन अबतक 59 फीसदी के करीब ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

मध्यप्रदेश में बुधवार को ग्वालियर, इंदौर समेत 12 जिलों में बारिश हुई। भिंड में लगातार हो रही बारिश के चलते किले की दीवार का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में किसी को चोट नहीं आई।

बिहार में गंगा नदी के खतरे के निशान के ऊपर बहने के चलते पटना के ग्रामीण इलाकों के 76 सरकारी स्कूल अगले 3 दिन के लिए बंद किए गए हैं। ये 76 स्कूल आठ ब्लॉक में हैं। यहां गांधी घाट, हाथीदह और दीघा घाट पर गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

हिमाचल प्रदेश में 50 सड़कें बंद हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण बुधवार को 50 सड़कें बंद रहीं। राज्य के कुछ हिस्सों में मीडियम बारिश हुई। 1 जून से 17 सितंबर तक चल रहे मानसून सीजन के दौरान बारिश में 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

राज्य में 18 सितंबर तक औसत 698.3 mm बारिश के मुकाबले 569.3 mm बारिश हुई। इस दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 172 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 लोग अभी भी लापता हैं।

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में बाढ़ पश्चिम बंगाल के कई दक्षिणी जिलों में बाढ़ की स्थिति है। यहां के बैराज, डैम फुल हैं। इनका पानी छोड़ा जा रहा है। इसके कारण कई जिलों में बाढ़ आई हुई है। दामोदर घाटी निगम (DVC) ने अपने बैराजों से पानी छोड़ा है। इसके कारण अगले 2-3 दिन हालात खराब बने रहने की संभावना है।

डीवीसी मैथन के चीफ इंजीनियर अंजनी के दुबे के मुताबिक, DVC से मंगलवार रात 2.1 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा। बुधवार सुबह इसमें कमी आई। इसका कारण यह रहा कि ऊपरी इलाकों में बारिश नहीं हुई। 1.5 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने पर रेड अलर्ट माना जाता है।

राज्यों से बारिश और बाढ़ की तस्वीरें…

राज्यों में मौसम का हाल

खबरें और भी हैं…