ड्रोन से नशे और हथियार की सप्लाई: खेमकरण सेक्टर से हेरोइन-अफीम के साथ मिले हथियार; 22 पिस्टल 44 मैग्जीन और 100 कारतूस

अमृतसर6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

बॉर्डर पर कंटीली तारों के पास मिली हथियारों की खेप।

पंजाब में एक बार फिर ड्रोन से हथियार और नशे की सप्लाई की गई है। मकसद त्योहारों के सीजन में वारदात अंजाम देकर लोगों में दहशत फैलाना। तरनतारन के खेमकरण सेक्टर में BSF और काउंटर इंटेलिजेंस ने मिलकर कार्रवाई करते हुए नशे और हथियारों की खेप पकड़ी है। यह खेप बीते दिनों रात के समय ड्रोन के माध्यम से फेंकी गई बताई जा रही है। जिसे एक गुप्त सूचना के आधार पर रिकवर किया गया है।

काउंटर इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि बॉर्डर के पास हथियारों की खेप फेंकी गई है। DGP पंजाब इकबाल प्रीत सिंह सहोता ने जानकारी दी कि काउंटर इंटेलिजेंस ने BSF के अधिकारियों के साथ संपर्क साधा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने सूचना सांझी की कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों और तस्करों ने बार्डर पर हथियारों की खेप को भेजा है। जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरु हुआ। इस दौरान BOP मियांवाली हिथार की फेंसिंग के पास बैग मिला। इसमें यह हथियारों की खेप रखी गई थी। बैग में 22 पिस्टल .30 एमएम, 44 मैग्जीन, 100 गोलियां 7.63 एमएम, एक किलोग्राम हेरोइन और अफीम का पैकेट मिला है।

तस्करों की सहायता से भेजी गई खेप

DGP सहोता ने जानकारी दी कि इस खेप को भारत भिजवाने के पीछे पाकिस्तानी तस्करों का हाथ है। ISI अब पाकिस्तानी तस्करों की मदद से खेप को भारतीय सीमा में भिजवा रहा है। पुलिस ने जानकारी दी कि इस खेप को भारत में बैठे तस्करों ने उठाना था। इसे किसने उठाना था, इसकी जांच पुलिस ने शुरु कर दी है।

बैग जिसमें हथियार रखे गए थे।

बैग जिसमें हथियार रखे गए थे।

माहौल खराब करने के लिए हो रहे हथियार सप्लाई

DGP सहोता ने जानकारी दी कि यह हरकतें पंजाब के माहौल को खराब करने के लिए की जा रही हैं। बीते दिनों बटाल के पूरियां कलां निवासी जगजीत सिंह जग्गू से 48 पिस्टल रिकवर की गई थी। वहीं SSOC की टीम ने 39 पिस्टल मध्य प्रदेश के भरवानी से जब्त की थी। अब जो 22 पिस्टल रिकवर किए गए हैं, उनका भी प्रयोग पंजाब के माहौल को खराब करने के लिए ही किया जाना था।

राजाताल में भी सुनी गई ड्रोन की मूवमेंट
फेंसिंग के पास गश्त कर रहे जवानों को रात राजाताल के पास भी ड्रोन की मूवमेंट की आवाज सुनने को मिली थी। जिसके बाद जवानों ने आवाज की तरफ हवाई फायर भी किए। फिर ड्रोन वापस चला गया। रात से ही बॉर्डर पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। आशंका है कि यहां भी हथियार या नशे के पैकेट्स फेंके गए हों।

खबरें और भी हैं…

.