गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर बाढ़ में दो कांवड़िए बहे: असम में बाढ़ में अब तक 52 लोगों की मौत; 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

  • Hindi News
  • National
  • IMD Monsoon Weather Update; Rainfall Alert | Rajasthan MP UP Delhi NCR Kerala Delhi Forecast

नई दिल्ली9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

देश के कई राज्यों में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बन गई है। उत्तराखंड में गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर चिरबासा धारा में आई बाढ़ के चलते उस पर बना लकड़ी का पुल टूट गया। इस धारा में गुरुवार को सूरज और मोनू नाम के दिल्ली के दो कांवड़िए बह गए।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना गंगोत्री से लगभग नौ किलोमीटर दूर हुई। ग्लेशियर के पिघलने के कारण धारा का जलस्तर अचानक बढ़ गया। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने गंगोत्री नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर को कांवड़ियों को ढूंढ़ने और चिरबासा पर नया पुल बनाने के निर्देश दिए हैं।

वहीं असम में बाढ़ के चलते गुरुवार को 6 लोगों की मौत हुई, जिससे अब तक मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 52 हो गया है। 29 जिलों के 21.13 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में आई बाढ़ में अब तक कुल 31 जानवरों की डूबने से मौत हो चुकी है, जबकि 82 जानवरों को बाढ़ के पानी से बचाया गया है।

IMD ने गुरुवार के लिए 17 राज्यों- जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, उत्तरी पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, महाराष्ट्र, गोवा में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 11 राज्यों- हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

देश में मानसून का असर…

1. उत्तराखंड में SDRF ने गुच्चु पानी से 10 लड़कों का रेस्क्यू किया
उत्तराखंड में स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) ने देहरादून में रॉबर्स केव (गुच्चु पानी) के पास फंसे 10 लड़कों का रेस्क्यू किया। इन्हें रस्सी के सहारे नदी पार कराई गई। उत्तराखंड के कई जिलों में नदियां उफान पर हैं।चमोली जिले में 1 जुलाई से अब तक सामान्य से 26% ज्यादा (164 मिमी) और बागेश्वर में सामान्य से 75% ज्यादा (315.8 मिमी) बारिश हुई है।

2. काजीरंगा नेशनल पार्क में 20 जानवरों का इलाज जारी
काजीरंगा नेशनल पार्क में 23 हॉग हिरण की जान बाढ़ में डूबने से गई, जबकि 15 हॉग हिरण की इलाज के दौरान मौत हुई। जिन जानवरों का रेस्क्यू किया गया है उनमें 73 हॉग हिरण, दो ऊदबिलाव, दो सांभर हिरण, एक स्कॉप्स उल्लू, एक गैंडे का बच्चा, एक भारतीय खरगोश और एक जंगली बिल्ली शामिल हैं। फिलहाल 20 जानवरों का इलाज चल रहा है, जबकि इलाज के बाद 31 जानवरों को छोड़ दिया गया है।

3. देश में मानसूनी बारिश की कमी सामान्य से सिर्फ 3% कम
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में देश के नॉर्थवेस्ट और नॉर्थईस्ट राज्यों में हुई भारी बारिश के चलते देश में मानसूनी बारिश का डेफिसिट 30 जून को 11% से घटकर 4 जून को सिर्फ 3% रह गया। 1 जून से शुरू हुए चार महीने के मानसून सीजन में अब तक 196.9 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले 190.6 मिमी बारिश हुई है।

देशभर से मौसम की तस्वीरें…

इंफाल के क्षेत्रिगोओ गांव में स्थानीय लोगों और वॉलंटियर्स ने मिलकर नदी के तट का पुनर्निमाण किया। तट टूटने से इलाके में 300 घर डूब गए थे।

इंफाल के क्षेत्रिगोओ गांव में स्थानीय लोगों और वॉलंटियर्स ने मिलकर नदी के तट का पुनर्निमाण किया। तट टूटने से इलाके में 300 घर डूब गए थे।

उत्तराखंड के दूहरादून में लगातार बारिश के चलते कई सड़कें पानी में डूब गई हैं।

उत्तराखंड के दूहरादून में लगातार बारिश के चलते कई सड़कें पानी में डूब गई हैं।

हरियाणा के रोहतक में गुरुवार को हुई बारिश के बाद सड़क पर पानी भर गया।

हरियाणा के रोहतक में गुरुवार को हुई बारिश के बाद सड़क पर पानी भर गया।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में सड़कों पर 4-5 फीट तक पानी भरा है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में सड़कों पर 4-5 फीट तक पानी भरा है।

नई दिल्ली में गुरुवार को बारिश के दौरान इंडिया गेट पर मौजूद लोग।

नई दिल्ली में गुरुवार को बारिश के दौरान इंडिया गेट पर मौजूद लोग।

हिमाचल प्रदेश के शिमला में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते एक पेड़ उखड़ गया।

हिमाचल प्रदेश के शिमला में भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते एक पेड़ उखड़ गया।

पंजाब के जालंधर में गुरुवार को बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

पंजाब के जालंधर में गुरुवार को बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बारिश के बीच टीम इंडिया का इंतजार करते पुलिसकर्मी।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बारिश के बीच टीम इंडिया का इंतजार करते पुलिसकर्मी।

कर्नाटक के उडुपी में बाढ़ग्रस्त इलाकों से लोगो का रेस्क्यू करते वॉलंटियर्स।

कर्नाटक के उडुपी में बाढ़ग्रस्त इलाकों से लोगो का रेस्क्यू करते वॉलंटियर्स।

कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले में सड़क पर भरे पानी में से गुजरते लोग।

कर्नाटक के उत्तरी कन्नड़ जिले में सड़क पर भरे पानी में से गुजरते लोग।

असम के कामरूप में बाढ़ आई हुई है। यहां के पानीखैती इलाके में लोग नावों के जरिए अपना सामान सुरक्षित जगह पहुंचा रहे हैं।

असम के कामरूप में बाढ़ आई हुई है। यहां के पानीखैती इलाके में लोग नावों के जरिए अपना सामान सुरक्षित जगह पहुंचा रहे हैं।

आगे कैसा रहेगा मौसम…

  • 5 जुलाई को मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
  • 6 जुलाई को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, गुजरात राज्य, तमिलनाडु, पुडुचेरी के अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने का अनुमान है।
  • 6 जुलाई को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गोवा बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

अब राज्यों के मौसम का हाल पढ़िए…

मध्य प्रदेश: भोपाल-शिवपुरी समेत 14 जिलों में आज भारी बारिश, इंदौर-उज्जैन में आंधी, गरज-चमक का अलर्ट

मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश के 2 सिस्टम एक्टिव हैं। इस वजह से पूरा प्रदेश ही भीग रहा है। गुरुवार (4 जुलाई) को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। आज भोपाल, शिवपुरी सहित 14 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन-जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…

राजस्थान: आज-कल 27 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, बिजली गिरने से युवती की मौत; जयपुर में सुबह-सुबह बूंदाबांदी

राजस्थान में सुस्त पड़े मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने गुरुवार (4 जुलाई) और शुक्रवार (5 जुलाई) को आंधी-बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार (3 जुलाई) देर शाम जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में तेज बारिश हुई। अलवर के बहरोड़ में 80MM से ज्यादा पानी बरसा। बहरोड़ में बिजली गिरने से युवती की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…

उत्तर प्रदेश: मथुरा में बारिश में एम्बुलेंस और स्कूल बस आधी डूबी, बुलडोजर से खींचकर निकाला, 15 जिलों में बारिश

यूपी में मानसून ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया। गुरुवार (4 जुलाई) को लखनऊ, अयोध्या समेत 15 जिलों में बारिश हो रही है। मथुरा में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर पानी भर गया। नए बस स्टैंड के पास जलभराव में स्कूल बस और एंबुलेंस फंस गईं। बच्चों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकला। फिर बुलडोजर बुलाकर एंबुलेंस को खींचकर निकाला। पूरी खबर पढ़ें…

हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश से मंडी में तबाही, पंडोह में मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे खतरे में, डंगा 1 फीट धंसा, 60 सड़कें बंद

हिमाचल के अधिकतर हिस्सों में बुधवार (3 जुलाई) की रात से बारिश हो रही है। पांच जिलों- शिमला, मंडी, सोलन, बिलासपुर और ऊना में पिछले 48 घंटों के दौरान बहुत बारिश हुई। मंडी जिले के पंडोह के पास मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे फिर खतरे की जद में है। NH-1 फीट धंस गया है। करीब 45 करोड़ की लागत से बना पुल भी धंस रहा है। पूरी खबर पढ़ें…

बिहार: एक दिन में 6 पुल ढहे, ​नदियां उफान पर; 17 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, सीतामढ़ी-भागलपुर में बाढ़ जैसे हालात

बिहार में मानसून एक्टिव है। मौसम विभाग ने गुरुवार (4 जुलाई) को प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण बुधवार (3 जुलाई) को सीवान और छपरा जिले में एक के बाद एक 6 पुल ढह गए। इनमें चार गंडक नदी और दो धमही नदी पर बने थे। नेपाल के तराई इलाकों में भारी बारिश के कारण बिहार की पांच नदियां लाल निशान के ऊपर बह रही हैं। पूरी खबर पढ़ें…

पंजाब: बठिंडा-फिरोजपुर में तापमान 40 के पार, बाकी जिलों में बारिश; अब तक 30% कम बरसात

मानसून के बावजूद पंजाब में अच्छी बारिश देखने को नहीं मिली है। पिछले तीन दिनों में राज्य में 30 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 से 3 जुलाई तक औसतन 12.2 मिमी बारिश होती है, जबकि अब तक सिर्फ 8.6 मिमी बारिश हुई है। हालांकि, मानसून के आने से गर्मी से राहत मिली है। बीते 24 घंटों में राज्य के औसतन तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट हुई है। फिरोजपुर और बठिंडा को छोड़ पूरे राज्य में तापमान 40 डिग्री से कम चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें…

चंडीगढ़: आज फिर मानसून की बारिश, दिनभर छाए रहेंगे बादल, अगले तीन दिन वर्षा का यलो अलर्ट

चंडीगढ़ में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में 7 जुलाई तक बारिश होगी और दिनभर बादल छाए रहेंगे। अब तक हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है। फिलहाल शहर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री दर्ज किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…

छत्तीसगढ़: 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 18 जिलों में औसत से कम बरसात; अब तक 225.6MM बारिश होनी चाहिए थी

रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गुरुवार (4 जुलाई) सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अब तक राज्य के पांच जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। 10 जिलों में सामान्य और बाकी 18 जिलों में औसत से कम बारिश हुई है। प्रदेश में अब तक 225.6 मिलीमीटर बारिश हो जानी चाहिए थी। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…