क्रूज ड्रग्स केस में नया ट्विस्ट: सैम डिसूजा का खुलासा- आर्यन को छोड़ने के लिए गोसावी और प्रभाकर सइल ने शाहरुख के स्टाफ से लिए थे 50 लाख रु.

मुंबई3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सैम डिसूजा ने बताया कि किरण गोसावी ने आर्यन के कहने पर उनकी मैनेजर पूजा ददलानी से उनकी बात करवाई थी। यह तस्वीर उसी दौरान की है।

क्रूज ड्रग्स केस में सोमवार को फिर एक नया ट्विस्ट आ गया। इस केस में गवाह रहे सैम डिसूजा कई दिनों बाद अचानक ABP न्यूज चैनल के सामने आया और उसने यह खुलासा किया कि आर्यन मामले में शाहरुख खान के स्टाफ और गवाह बने कुछ लोगों के बीच पैसों की डील हुई थी।

सैम ने बताया कि इस डील में किरण गोसावी और प्रभाकर सइल का हाथ था। दोनों ने शाहरुख की मैनेजर पूजा ददलानी से 50 लाख रूपए टोकन मनी के रूप में ले भी लिया था।

गोसावी के बॉडीगार्ड प्रभाकर ने 25 करोड़ रुपए की डील का खुलासा किया था
इससे पहले प्रभाकर सइल ने दावा किया था कि उसने केपी गोसावी और सैम डिसूजा को आर्यन खान केस के मामले में 25 करोड़ रुपए की डील पर बात करते सुना था। प्रभाकर का दावा था कि गोसावी और सैम ने कथित तौर पर 8 करोड़ रुपये NCB अधिकारी समीर वानखेड़े को देने की बात कही थी। इसी आरोप पर सैम ने सफाई दी है।

इसलिए शाहरुख के स्टाफ को वापस किए पैसे
सैम के मुताबिक, उन्हें इस बात का संदेह हो गया था कि प्रभाकर और गोसावी मिलकर कोई खेल खेल रहे हैं, इसलिए उसने प्रयास कर इस पैसे को पूजा ददलानी को वापस करवा दिया। सैम ने यह भी बताया कि NCB के अधिकारियों को इस डील की कोई जानकारी नहीं थी।

सैम ने यह भी आरोप लगाया कि किरण गोसावी और प्रभाकर ने मिलकर यह पूरा खेल रचा था। बता दें कि किरण गोसावी 2018 के धोखाधड़ी के एक मामले में पुणे पुलिस की कस्टडी में है। सैम डिसूजा ने कहा, ‘किरण गोसावी ने मुझे बताया कि आर्यन खान के पास कोई ड्रग्स नहीं है। इसलिए उन्होंने मुझे उनकी मदद करने के लिए कहा। जैसा कि मामला स्पष्ट था, हम उस समय मध्यस्थता करने के लिए सहमत हुए।’

सुनील पाटिल नाम के शख्स ने दी थी टिप
सैम ने यह भी बताया कि उनका इस वसूली मामले से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके पास सुनील पाटिल नाम के एक शख्स का फोन आया था। उसी ने क्रूज पर ड्रग्स पार्टी होने की टिप NCB को दी थी। सैम के मुताबिक, पाटिल एक पॉवर ब्रोकर है। इसके ब्यूरोक्रेसी में अच्छे कांटेक्ट है। सुनील पाटिल ने ही NCB के अधिकारी विश्व विजय सिंह से बात की थी।

खबरें और भी हैं…

.