कोर्ट ने चारों निहंगों का रिमांड 2 दिन बढ़ाया: सिंघु बॉर्डर हत्याकांड के 3 नए आरोपियों की गिरफ्तारी-पहचान के लिए पुलिस ने मांगा था रिमांड

सोनीपत2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

चारों निहंगों को कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जाती पुलिस।

सिंघु बॉर्डर पर 15 अक्टूबर को हुई लखबीर सिंह की निर्मम हत्या के मामले में सरेंडर के बाद रिमांड पर चल रहे चारों निहंगों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद चारों का 2 दिन का रिमांड बढ़ा दिया है। निहंगों की पेशी के मद्देनजर कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। मुख्य गेट के अंदर मीडिया की एंट्री भी बैन रही।

चारों निहंगों की पेशी के मद्देनजर कोर्ट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

चारों निहंगों की पेशी के मद्देनजर कोर्ट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

तरनतारन के चीमा खुर्द निवासी लखबीर सिंह की हत्या के मामले में चारों निहंगों नारायण सिंह, सरबजीत सिंह, भगवंत सिंह और गोविंदप्रीत को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। शनिवार को चारों को पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने अदालत को जानकारी दी कि अभी तक जांच के बाद हत्या के मामले में कुछ और नाम सामने आए हैं। पुलिस ने अदालत से नए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए चारों निहंगों का चार दिन का रिमांड मांगा।

बचाव पक्ष के वकील ने चारों का रिमांड और बढ़ाने की मांग का विरोध किया। बचाव पक्ष ने कहा कि पुलिस वारदात स्थल की निशानदेही, मर्डर वैपन, खून से सने कपड़े आदि बरामद कर चुकी है। अब और रिमांड की जरूरत नहीं है। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने चारों निहंगों का पुलिस रिमांड 2 दिन और बढ़ा दिया।

फोटो में आए दूसरे निहंगों की पहचान कराएंगे
कोर्ट में पेशी के बाद मामले के IO और SIT इंचार्ज DSP वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को छानबीन के दौरान कुछ CCTV फुटेज, फोटो और मैसेज आदि मिले हैं। इनमें बहुत से निहंग दिख रहे हैं, इनकी पहचान करनी है। चारों को इसके लिए 2 दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस चारों निहंगों से इनके साथ रहे अन्य निहंगों की पहचान करवा कर गिरफ्तारी का काम करेगी। साथ ही अन्य स्थानों की निशानदेही भी कराई जाएगी।

एक टीम अभी पंजाब में
DSP वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस की एक टीम अभी पंजाब में छानबीन कर रही है। लखबीर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में क्या हासिल हुआ है, इसकी जानकारी टीम के लौटने पर दी जाएगी।

एक दिन पहले की थी मॉक ड्रिल
निहंगों की पेशी के मद्देनजर सोनीपत कोर्ट परिसर में शुक्रवार को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था जांचने के लिए मॉक ड्रिल की थी। इस दौरान सुक्रक्षा बल तैनात कर सूचना दी गई कि सिंघु बॉर्डर पर बर्बर हत्या के मामले में आरोपी निहंगों की पेशी है। पुलिस इस दौरान मुस्तैद दिखी और मीडिया की एंट्री बैन कर दी गई। बाद में मीडिया को भी बुलाया गया। शुक्रवार को कुछ निहंग भी कोर्ट में पहुंचे लेकिन उन्हें बाहर ही रोक दिया गया था। पिछली पेशी पर मीडिया की धक्का-मुक्की में निहंग की पगड़ी गिर गई थी। इस कारण शनिवार को भी मीडिया की एंट्री कोर्ट परिसर में बैन रही।

खबरें और भी हैं…

.