केरल हाईकोर्ट बोला- मुआवजे से किस्त काटने वाले संवेदनहीन: वायनाड लैंडस्लाइड इंसानी लालच पर प्रकृति के बदले का एक उदाहरण

तिरुवनंतपुरम4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

केरल के वायनाड में 29 जुलाई की रात लैंडस्लाइड हुई थी। इसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

केरल हाईकोर्ट ने वायनाड लैंडस्लाइड के पीड़ितों को मिली मुआवजे की राशि से बैंकों के EMI काटने पर नाराजगी जताई है। कोर्ट ने शुक्रवार (23 अगस्त) को कहा कि लोगों में संवेदना खत्म हो चुकी है। हम घटना के मानवीय पहलू से चूक रहे हैं। त्रासदी के पहले हफ्ते में सब रोते हैं। फिर अगले हफ्ते ऐसी हरकतें करते हैं।

हाईकोर्ट ने लैंडस्लाइड की घटना पर सरकार को भी फटकार लगाई। जस्टिस एके जयशंकरन नांबियार और जस्टिस श्याम कुमार वीएम की बेंच ने कहा कि वायनाड लैंडस्लाइड इंसानों की उदासीनता और लालच पर प्रकृति की प्रतिक्रिया का एक और उदाहरण है।

कोर्ट ने कहा कि त्रासदी के संकेत बहुत पहले दिखाई दिए थे, लेकिन विकास के एजेंडे के लिए उन्हें नजरअंदाज किया गया। 2018 और 2019 में प्राकृतिक आपदाएं, लगभग दो सालों तक चली कोरोना महामारी और हालिया लैंडस्लाइड ने हमें विकास के तरीकों में हमारी गलती दिखाई है।

मुआवजे के पैसों से EMI काटने का मामला समझिए
केरल के वायनाड में 29 जुलाई की रात लैंडस्लाइड हुई थी। इसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अब भी 138 से ज्यादा लोग लापता हैं। केरल सरकार ने लैंडस्लाइड प्रभावित लोगों को फौरी राहत के तौर पर 10-10 हजार रुपए बैंक अकाउंट में डाले थे।

लोगों का आरोप है कि केरल ग्रामीण बैंक उनके अकाउंट से लोन के EMI काट रहा है। कुछ दिन पहले कलपेट्टा में लोगों और राजनीतिक दलों ने बैंक के सामने प्रदर्शन भी किया था। बैंक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी लोगों को लिखित में कहा कि वे अब और लोन की EMI नहीं काटेंगे।

इस बीच हाईकोर्ट ने लैंडस्लाइड पीड़ितों के राहत उपायों की निगरानी के लिए त्रासदी पर खुद संज्ञान लिया। 23 अगस्त को इसी मामले पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा कि कितने लोगों के साथ ऐसा हुआ है। अगर ऐसा हो रहा है तो हम मामले में दखल देंगे।

CM ने बैंकों को लगाई थी फटकार
केरल के CM पी विजयन ने भी स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC) की बैठक के दौरान EMI काटे जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने बैंकों से कहा कि लोगों का सब कुछ बर्बाद हो चुका है। लोन बंद कर देने चाहिए। इससे बैंक पर बहुत बोझ नहीं पड़ेगा।

ग्रामीण बैंक को काटा गया पैसा वापस करने का निर्देश
लैंडस्लाइड प्रभावित लोगों के बैंक खातों से लोन की EMI काटे जाने पर स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC) के जनरल मैनेजर केएस प्रदीप ने कहा कि मैंने ग्रामीण बैंक के प्रमुख से इस विषय पर बात की। उन्होंने बताया कि लोन की EMI काटने का ऑर्डर आपदा से पहले ही दे दिया था। अब वायनाड के डिप्टी कलेक्टर ने ग्रामीण बैंक को पैसे को वापस करने का निर्देश दिया है।

लैंडस्लाइड्स 29 जुलाई को देर रात करीब 2 से 4 बजे के बीच मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में हुई थीं।

लैंडस्लाइड्स 29 जुलाई को देर रात करीब 2 से 4 बजे के बीच मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में हुई थीं।

राहुल-प्रियंका 1 अगस्त को वायनाड गए थे
वायनाड लैंडस्लाइड के बाद राहुल और प्रियंका गांधी 1 अगस्त को वायनाड पहुंचे थे। राहुल ने 2 अगस्त को कहा था कांग्रेस यहां पर 100 से ज्यादा घर बनाएगी। केरल ने इससे पहले ऐसी भीषण त्रासदी कभी नहीं देखी थी। यह एक अलग स्तर की त्रासदी है और इसे अलग तरह से देखा जाना चाहिए।

राहुल दो बार वायनाड के सांसद रहे हैं। वे 2019 और 2024 में यहां से लोकसभा चुनाव जीते। राहुल ने 2024 लोकसभा चुनाव में वायनाड और रायबरेली से जीते दर्ज की। हालांकि, बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी। उनकी जगह प्रियंका वायनाड से चुनाव लड़ने वाली हैं। राहुल के वायनाड दौरे की खबर पढ़ें…

PM मोदी बोले- ये त्रासदी सामान्य नहीं

मोदी पैदल चलकर लैंडस्लाइड प्रभावित इलाके में गए। अधिकारियों ने उन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी दी।

मोदी पैदल चलकर लैंडस्लाइड प्रभावित इलाके में गए। अधिकारियों ने उन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 अगस्त को वायनाड में लैंडस्लाइड प्रभावित इलाका का दौरा किया। पीड़ितों से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम पिनाराई विजयन और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पीएम ने कहा- ये त्रासदी सामान्य नहीं हैं। सैकड़ों परिवार के सपने उजड़ गए। प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाया है। मोदी के वायनाड दौरे की खबर पढ़ें…

वायनाड में लैंडस्लाइड की क्या वजह है
वायनाड, केरल के नॉर्थ-ईस्ट में है। यह केरल का एकमात्र पठारी इलाका है। यानी मिट्टी, पत्थर और उसके ऊपर उगे पेड़-पौधों के ऊंचे-नीचे टीलों वाला इलाका। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, केरल का 43% इलाका लैंडस्लाइड प्रभावित है। वायनाड की 51% जमीन पर पहाड़ी ढलाने हैं। यानी लैंडस्लाइड की संभावना बहुत ज्यादा बनी रहती है।

वायनाड का पठार वेस्टर्न घाट में 700 से 2100 मीटर की ऊंचाई पर है। मानसून की अरब सागर वाली ब्रांच देश के वेस्टर्न घाट से टकराकर ऊपर उठती है, इसलिए इस इलाके में मानसून सीजन में बहुत ज्यादा बारिश होती है। वायनाड में काबिनी नदी है। इसकी सहायक नदी मनंतावडी ‘थोंडारमुडी’ चोटी से निकलती है। लैंडस्लाइड के कारण इसी नदी में बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है।

खबरें और भी हैं…