किसानों का भारत बंद आज: सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक नेशनल और स्टेट हाईवे रहेंगे जाम; स्कूलों ने की छुटटी, CM के आदेश- चाक-चौबंद रहे सुरक्षा व्यवस्था

करनाल11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

किसान महापंचायत को संबोधित करते किसान नेता अभिमन्यु कुहाड़।

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठन सोमवार (27 सितंबर) को भारत बंद कर रहे हैं। सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक भारत बंद रहेगा। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने 10 घंटे के लिए बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है।

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद किया जा रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा में करीब 40 किसान संगठन शामिल हैं। 27 सितंबर को भारत बंद बुलाया गया है, क्योंकि 27 सितंबर 2020 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किसान विरोधी कानूनों को मंजूरी दी और उन्हें लागू किया था। इसे आज एक साल पूरा हो गया है।

पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था रहेगी बरकरार

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि लोकतंत्र है। किसान आंदोलन करें लेकिन मेरी अपील है कि वे शांतिपूर्वक करें। किसी को जबरदस्ती बंद करने के लिए न कहें। लोकतंत्र में सभी को अपनी व्यवस्था के तहत काम करने का अधिकार है। प्रदेश में सुरक्षा चाक चौबंद है। पूरी व्यवस्था बनी रहेगी।

हरियाणा में होंगी ये व्यवस्थाएं

नेशनल और स्टेट हाईवे बंद रहेंगे। स्कूलों ने बच्चों की छुटि्टयां कर दी हैं। वहीं हाईकोर्ट ने फिजिकल सुनवाई पर रोक लगा दी है।

सभी वर्गों के लोग भारत बंद में सहयोग करें

भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है कि वे एंबुलेंस, फायरब्रिगेड व आपात गाड़ियों को नहीं रोकेंगे। सीएम मनोहर लाल ने भी शांति बनाए रखने की अपील करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के आदेश दिए हैं। वहीं इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कहने पर भारत बंद 25 की बजाए 27 का किया गया।

गुरनाम सिंह चढूनी ने सभी वर्गों से निवेदन किया है कि वे अपने-अपने संस्थान बंद रखें। चाहे आढ़ती है, व्यापारी हैं, ट्रांसपोर्ट हैं, सामान बेचने वाले हैं या फिर कर्मचारी हैं। सभी से अनुरोध है। सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे, लोकल रास्ते बंद रहेंगे। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, आर्मी, सेना व आपातकालीन गाड़ियों को जाने दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी की कोठी के आगे टेंट लगाएंगे

चढूनी ने कहा कि जिन किसानों पर मुकदमे दर्ज हैं, उन्हें पुलिस ने समन भेजने शुरू कर दिए हैं पुलिस ने कोर्ट के माध्यम से बुलाना शुरू कर दिया है। हम किसी भी किसान भाई को गिरफ्तार नहीं होने देंगे। साफ तौर पर ऐलान किया गया है कि कोई किसान भाई नहीं जाएगा। चाहे पुलिस बुलाए या फिर कोर्ट। जब तक हमारे आंदोलन का फैसला होगा, तब हमारे मुकदमों का भी फैसला भी होगा।

चढूनी ने कहा कि हरियाणा के किसान बहादुर हैं। अब आगे किसान लट्ठ नहीं खाएगा। यदि इस बार किसानों के साथ ज्यादती की तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव करेंगे। यदि सरकार ने किसानों की मांगें जल्द नहीं मानीं तो प्रधानमंत्री की कोठी के आगे टेंट लगाएंगे। सरकार किसानों को कमजोर समझने का वहम निकाल दे। किसान कुश्ती और कबड्‌डी वाले लोग हैं, धूल चटा कर ही दम लेंगे।

चौटाला ने किसानों का आभार व्यक्त किया

इनेलो नेता अभय सिंह चाैटाला ने कहा कि पहले किसानों ने भारत बंद के लिए 25 सितंबर का दिनतय किया था। इसकी जानकारी मिलने पर किसानों से बात की और उन्हें इसे 25 की बजाए 27 को बुलाने को कहा। ताऊ देवीलाल जयंती का कार्यक्रम प्रभावित नहीं हुआ, इसीलिए वे पार्टी की तरफ से किसानों का आभार व्यक्त करते हैं।

खबरें और भी हैं…

.