एक लाख रुपए लेने लखनऊ के कांग्रेस दफ्तर पहुंचीं महिलाएं: गारंटी कार्ड दिखाकर बोलीं- पांच जून को आने को कहा था, रिसिप्ट भी मिली – Lucknow News

बुधवार को मुस्लिम महिलाएं गारंटी कार्ड लेकर कांग्रेस दफ्तर पहुंचीं थीं।

लोकसभा चुनाव 2024 के रिजल्ट आने के दूसरे दिन बुधवार को मुस्लिम महिलाएं यूपी कांग्रेस पार्टी दफ्तर पहुंचीं। महिलाओं ने कांग्रेस का ‘गारंटी कार्ड’ दिखाते हुए 1 लाख रुपए की मांग की। कई महिलाओं ने पहले से मिला हुए गारंटी कार्ड पर अपना नाम, पता और नंबर भर

.

महिलाओं ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने पैसे देने का वादा किया था।यह भी कहा था कि 5 जून को पैसे लेने आ जाएं। अब I.N.D.I गठबंधन ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए हम गांरटी कार्ड जमा करने आए हैं।

दैनिक भास्कर से बातचीत में कांग्रेस दफ्तर पहुंचीं महिला जुबैदा ने कहा- कांग्रेस की सरकार बनने के लिए बड़ी नमाज पढ़ी हूं, दुआ मांगी हूं और भोलेनाथ के सामने हाथ जोड़कर पूजा किया है। अब तो सरकार बन जाएगी। लोगों ने बहुत नक्शेबाजी की है।

वहीं तस्लीम ने कहा- कांग्रेस दफ्तर की तरफ से कुछ नहीं बताया गया है। कई फॉर्म्स जमा कर लिए गए हैं। जमा करने के बाद स्लिप भी दी गई है। कुछ महिलाओं ने कहा कि जिनके पास कार्ड नहीं है उन्हें दोपहर बाद बुलाया गया है।

महिलाओं ने लाइन में लगकर गारंटी कार्ड जमा किया। उन्हें रिसिप्ट भी दी गई है।

सभी डॉक्यूमेंट लेकर आई थीं महिलाएं
मुस्लिम महिलाएं अपना-अपना पहचान-पत्र समेत अन्य डॉक्यूमेंट्स लेकर कांग्रेस दफ्तर पहुंची थीं। महिलाओं ने अपने हाथों में कांग्रेस का ‘गारंटी कार्ड’ भी लिया था। जिसमें एक लाख रुपए के वेतन के अलावा हर शिक्षित युवा को पक्की नौकरी देने का वादा किया गया है।

उम्मे अलमा ने कहा- कांग्रेस अपना वादा पूरा करेगी और महिलाओं के खाते में पैसे आएंगे। एक मुस्लिम महिला ने कहा- ये अपने एरिया में मोटी-मोटी गड्डियां बांट रहे हैं और उन्हें कुछ नहीं दे रहे। एक महिला ने कहा कि वो छोटे बच्चे को घर में छोड़ कर आई हैं, वहीं एक मुस्लिम युवती ने कहा कि अगर पैसे नहीं मिलेंगे तो इन लोगों को स्पष्ट बोल देना चाहिए।

सरकार बनी तो वादा पूरा करेंगे
कांग्रेस प्रवक्ता सीपी राय ने कहा कि कांग्रेस की 5 गारंटी लोगों तक पहुंच गई हैं। सरकार बनने पर जो वादे किए हैं वो पूरा करेंगे। महिलाओं का कांग्रेस पर भरोसा है। हमने जुलाई तक पैसे देने का वादा किया था। अगर सरकार बनेगी तो कांग्रेस ने जो कहा है वो पूरा करेगी।

उम्मे अलमा भी कांग्रेस का गारंटी कार्ड लेकर पहुंची थीं। उन्होंने कहा- कांग्रेस की सरकार बनने के लिए बहुत दुआ मांगी है।

उम्मे अलमा भी कांग्रेस का गारंटी कार्ड लेकर पहुंची थीं। उन्होंने कहा- कांग्रेस की सरकार बनने के लिए बहुत दुआ मांगी है।

गारंटी कार्ड में मांगी गई है पूरी जानकारी
गारंटी कार्ड में नीचे के ओर नाम, उम्र, घर में मतदाताओं की संख्या, पता, मोबाइल नंबर जैसी जानकारी दर्ज करने के लिए खाली स्थान दिए गए हैं। साथ ही एक क्यूआर कोड भी दिया गया है।

अब बताते हैं कांग्रेस का महिलाओं से क्या है वादा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नई दिल्ली में 3 अप्रैल को महालक्ष्मी योजना लागू करने की बात कही थी। वादा किया था इस योजना में गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणी से संबंधित परिवारों की मुखिया महिला के खाते में सीधे 8,500 रुपए प्रति माह जमा किए जाएंगे। यह योजना कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार की गृह लक्ष्मी गारंटी योजना के समान है, जिसमें गरीब परिवारों की महिलाओं को 2,000 रुपए का भुगतान किया जाता है।
राहुल ने कहा था- खटाखट खटाखट पैसे आएंगे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान सभाओं में कहा कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8500 रुपया खाते में खटाखट-खटाखट जाएगा।

यूपी में इंडी गठबंधन को मिली हैं 43 सीट
बता दें, लोकसभा चुनाव में I.N.D.I.A ब्लॉक को 234 सीटें मिली हैं। यूपी में इस गठबंधन को 43 सीटें मिली हैं। जिसमें सपा को 37 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं।