आसमान में दिखी जगमग ट्रेन: पंजाब में 15 मिनट दिखा मस्क का स्टार लिंक, लगा जैसे ट्रेन हो; पहले लोग पैनिक हुए फिर बनाए वीडियो

अमृतसर9 घंटे पहले

दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला के मालिक​ ​​​​​​एलन मस्क का स्टार लिंक सैटेलाइट शुक्रवार शाम भारत के आसमान से गुजरा। पंजाब में करीब 15 मिनट तक ये नजारा देखा गया। तस्वीरें और VIDEO में एक चमकती हुई लकीर दिखाई दी। ऐसा लगा जैसे आसमान से जगमगाती ट्रेन गुजर रही हो। पहले तो लोग इस नजारे को देखकर घबराए, पर उसके बाद फोटो खींची और VIDEO बनाने लगे।

पठानकोट के आसमान में स्टार लिंक सैटेलाइट के गुजरने के दौरान दिखाई दी रोशनी की लकीर।

जम्मू पुलिस के अनुसार यह स्टारलिंक सैटेलाइट

उत्तर भारत में शाम तकरीबन 7 बजे स्टार लिंक देखा गया। आसमान में चमकती लकीर पंजाब में अमृतसर, पठानकोट एरिया के अलावा जम्मू में नजर आई। तकरीबन 10 से 15 मिनट तक यह नजारा देखने को मिला। इससे एक तरह से पैनिक की स्थिति पैदा हो गई। सुरक्षा एजेंसियां भी इसका रहस्य जानने में जुट गईं। सूचना है कि भारत के अलावा दुनिया के कई देशों में रोशनी की यह कतार देखने को मिली। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लोगों को शांति बनाए रखने के लिए कहा। जम्मू जोन के ADG पुलिस मुकेश सिंह ने बताया कि यह स्टार लिंक सैटेलाइट है, जो भारत के ऊपर से गुजरा है।

सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट सुविधा देगी स्टार लिंक
एलन मस्क की कंपनी पूरे विश्व में सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट की सुविधा देने जा रही है। यह काम उनकी कंपनी स्टार लिंक कर रही है। इसके लिए कई सैटेलाइट उन्होंने अंतरिक्ष में पहुंचाए हैं। अभी कई और सैटेलाइट भेजने की तैयारी है। एलन मस्क भारत में भी लोगों को सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर काम कर रहे हैं, लेकिन अभी उन्हें भारत में लाइसेंस नहीं मिला है।

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क सेटेलाइट से इंटरनेट सर्विस देने के प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क सेटेलाइट से इंटरनेट सर्विस देने के प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं।

भारत से स्टार लिंक को 5000 से ज्यादा प्री-ऑर्डर
स्टार लिंक इंडिया की ओर से पिछले दिनों दिए गए बयान में बताया गया कि भारत में स्टार लिंक इंटरनेट सर्विस के प्री-ऑर्डर बुकिंग का आंकड़ा 5000 पार जा चुका है। कंपनी 2022 के अंत तक इस सुविधा को भारत में शुरू कर सकती है। हालांकि भारत सरकार ने प्री-ऑर्डर देने से मना किया है, क्योंकि स्टार लिंक को अभी भारत से लाइसेंस नहीं मिला है।

जियो और वन वेब से है टक्कर
एलन मस्क की स्टार लिंक कंपनी का भारत में मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो और एयरटेल की वन वेब से मुकाबला होगा। स्टार लिंक और वन वेब सैटेलाइट आधारित इंटरनेट सर्विस प्रदान करेंगे, जबकि जियो फाइबर ऑप्टिक्स के जरिए इंटरनेट सर्विस प्रदान कर रही है।

खबरें और भी हैं…

.