आज लुधियाना में अरविंद केजरीवाल की पत्रकारवार्ता: दूसरी गारंटी का करेंगे ऐलान; व्यापारियों के लिए की थीं 5 घोषणाएं, पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर हैं AAP संयोजक दिल्ली CM

लुधियाना21 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

लुधियाना में एक कार्यक्रम के दौरान आप संयोजक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज पंजाब के लुधियाना शहर में प्रेस कान्फ्रेंस करेंगे। यहां वे अपनी दूसरी गारंटी का ऐलान कर सकते हैं, जो रोजगार और रोजगार भत्तों को लेकर होगी। अरविंद केजरीवाल के पंजाब दौरे का आज दूसरा दिन है। वे कल सुबह चंडीगढ़ आए और दोपहर बाद लुधियाना पहुंचे। शहर में आते ही उन्होंने व्यापारियों के साथ बैठक की और उन्हें लुभाने के लिए 5 ऐलान भी किए।

अरविंद केजरीवाल देर रात तक पार्टी के प्रदेश नेताओं से मिलते रहे और उनसे पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। अरविंद केजरीवाल ने सीनियर लीडरशिप से पार्टी के मौजूदा हालात और चुनावी रणनीति के बारे में भी विचार विमर्श किया। यह भी सुनने में आया है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा अनाउंस करने में हो रही देरी के कारण नुकसान की चर्चा भी की गई है। कुछ नेताओं ने भगवंत मान का नाम सुझाया है और कुछेक विरोध में भी हैं। अरविंद केजरीवाल बुधवार को कुछ बड़े उद्यमियों से भी मिले।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते अरविंद केजरीवाल।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते अरविंद केजरीवाल।

अपनी दूसरी गारंटी का ऐलान करेंगे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल दूसरी गारंटी का ऐलान करने के लिए पंजाब पहुंचे हैं। उनकी ओर से लुधियाना में पत्रकारवार्ता के दौरान इसी का ऐलान किया जाना है। कहा जा रहा है कि वह रोजगार देने और रोजगार भत्ते की रकम बढ़ाने की बात कर सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि वह कांग्रेस में चल रही कलह और व्यापारिक संगठनों से हुई बातचीत पर भी अपनी बात रख सकते हैं। वह पहले जरूरतमंदों को निशुल्क बिजली की यूनिट बढ़ाने का ऐलान कर चुके हैं। उनका यह ऐलान काफी चर्चा में रहा था। इसके बाद अकाली दल बादल और कांग्रेस ने भी निशुल्क बिजली यूनिट बढ़ाने का ऐलान कर दिया था।

कैप्ट़न अमरिंदर सिंह पर दे सकते हैं बयान
मुख्यमंत्री पद से हटाए गए कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली में हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। आधिकारिक तौर पर कहा गया है कि सिर्फ कृषि कानूनों को लेकर ही कैप्टन की अमित शाह से बात हुई है, मगर इसके मायने कई तरह से निकाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि कैप्टन भाजपा जॉइन कर सकते हैं। क्या अरविंद केजरीवाल की कभी कैप्टन अमरिंदर सिंह से बात हुई है या फिर उन्हें आम आदमी पार्टी ऑफर की जा सकती है, इस पर अरविंद केजरीवाल क्या बोलते हैं यह काफी अहम रहेगा।

खबरें और भी हैं…

.