मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: एग्जिट पोल- राजस्थान में भाजपा, MP-छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कांग्रेस को बढ़त; साउथ अफ्रीका दौरे पर भारत के 3 कप्तान

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Rajasthan MP Chhattisgarh Telangana Mizoram Election Exit Poll Results 2023 | India South Africa Squads

4 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से जुड़ी रही। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे लेकिन इससे पहले एग्जिट पोल्स ने पांचों राज्यों में राजनीतिक दलों का सूरत-ए-हाल बयां कर दिया है। एक खबर भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी साउथ अफ्रीका दौरे की रही।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। इसमें UCC लागू करने की मांग की गई है।
  2. वाराणसी के ज्ञानवापी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। ये मामला श्रृंगार गौरी की नियमित पूजा से जुड़ा है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. 3 राज्यों में भास्कर का एग्जिट पोल, राजस्थान में भाजपा और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जीत का अनुमान, मध्य प्रदेश में कांग्रेस को बढ़त

दैनिक भास्कर के एग्जिट पोल के मुताबिक, राजस्थान में भाजपा और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जीत होती दिख रही है। राजस्थान में भाजपा को 98 से 105 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस यहां 85 से 95 सीटों के बीच सिमट जाएगी।

सबसे ज्यादा 230 सीटों वाले मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस को हल्की बढ़त है। 10 सीटों से बाजी पलट सकती है। कांग्रेस को 105 से 120 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा 95 से 115 तक पहुंच सकती है।

छत्तीसगढ़ के वाेटर्स कांग्रेस और भूपेश बघेल पर फिर से भरोसा दिखाते लग रहे हैं। यहां कांग्रेस को 45 से 55 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान है।

एग्जिट पोल कैसे तैयार हुआ: दैनिक भास्कर के 300 से ज्यादा रिपोर्टर्स ने तीन चरणों में इस पोल को किया। 12 से 27 नवंबर के बीच 33 हजार से ज्यादा लोगों से संभावित हार-जीत के बारे में फीडबैक लिया गया। प्रतिष्ठित चुनावी एक्सपर्ट सतीश नैयर की मदद से एनालिसिस करके यह एग्जिट पोल बनाया गया।
पढ़ें पूरी खबर…
2. 5 राज्यों का पोल ऑफ पोल्स: राजस्थान-मध्य प्रदेश में भाजपा, छत्तीसगढ़-तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार

8 प्रमुख न्यूज ऑर्गनाइजेशन और सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल्स के मुताबिक, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भाजपा जबकि छत्तीसगढ़-तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। मिजोरम में हंग असेंबली के आसार हैं। इस लिहाज से 5 में से 2 राज्यों में भाजपा और 2 में कांग्रेस की सरकार बन सकती है।

राजस्थान: 8 एग्जिट पोल में से 5 में भाजपा की सरकार बन रही है। 1 पोल में कांग्रेस की सरकार बन रही है, जबकि दो में उसे सरकार बनाने के करीब बताया गया है।

मध्य प्रदेश: 8 एग्जिट पोल में से 4 भाजपा की सत्ता में वापसी करवा रहे हैं, जबकि 3 पोल कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जता रहे हैं, वहीं एक कांग्रेस को सत्ता के करीब बता रहा है।

छत्तीसगढ़: सभी 8 पोल कांग्रेस की दोबारा सत्ता में वापसी करवा रहे हैं। इनमें से पांच पोल में भाजपा सत्ता से 4 से 6 सीट दूर दिख रही है।

तेलंगाना: यहां के लिए 6 पोल्स जारी हुए हैं। इनमें 5 पोल कांग्रेस के पहली बार सत्ता में आने का अनुमान जता रहे हैं, जबकि एक में सत्ता के करीब बताया गया है। सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (BRS) किसी भी पोल में वापसी करती नहीं दिख रही है।

मिजोरम: 5 एग्जिट पोल में से एक में जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) को सरकार बनाते दिखाया गया है। बाकी 4 पोल में हंग असेंबली का अनुमान जताया गया है। पोल ऑफ पोल्स में सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) को 15, ZPM को 16, कांग्रेस को 7 और भाजपा को 1 सीट मिलने का अनुमान है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. साउथ अफ्रीका दौरा: सूर्या टी-20, केएल राहुल वनडे और रोहित शर्मा टेस्ट टीम की कमान संभालेंगे
भारत ने साउथ अफ्रीका दौरे के लिए तीनों फॉर्मेट की टीम घोषित कर दी है। टी-20 में सूर्यकुमार यादव, वनडे में केएल राहुल और टेस्ट में रोहित शर्मा कप्तानी करेंगे। विराट कोहली को टी-20 और वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: 10 दिसंबर से शुरू होने जा रहे इस दौरे पर टीम 3 टी-20, 3 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. कोटा में तीन दिन में एक और स्टूडेंट का सुसाइड, पिता फोन करते रहे, छात्रा फंदे पर लटकी
कोटा में तीन दिन के अंदर एक और नीट स्टूडेंट ने फंदे से लटककर जान दे दी। इससे पहले 27 नवंबर को भी नीट की ही तैयारी करने वाले पश्चिम बंगाल के एक स्टूडेंट ने आत्महत्या कर ली थी। छात्रा ने सुसाइड से कुछ देर पहले ही पिता से बात की थी। इसके बाद पिता ने उसे फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं किया। पिता ने हॉस्टल संचालक को फोन किया तो उन्हें घटना की जानकारी मिली।

ये खबर अहम क्यों है: इस साल अब तक कोटा में 26 छात्रों ने जान दी है। प्रशासन ने सभी हॉस्टलों और पीजी में एंटी हैंगिंग डिवाइस लगाने के आदेश दिए हैं। लेकिन फिर भी सुसाइड के मामले कम नहीं हो रहे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें..

5. भारतीय अफसर पर पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप, अमेरिकी चार्जशीट में दावा- एजेंट हायर किया

अमेरिका ने भारत के पूर्व CRPF अफसर पर खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। न्यूयॉर्क पुलिस की चार्जशीट के मुताबिक, अफसर ने निखिल गुप्ता नाम के एक भारतीय नागरिक को हत्या की प्लानिंग करने को कहा था। अफसर के कहने पर निखिल ने एक अपराधी से पन्नू के मर्डर के लिए कॉन्टैक्ट किया। वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय ने मामले की जांच के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई है।

चार्जशीट में क्या लिखा है: पन्नू की हत्या के लिए करीब 83 लाख रुपए की डील हुई थी। डील होने के बाद भारतीय अधिकारी ने गुप्ता को पन्नू के न्यूयॉर्क वाले घर का पता, उसका फोन नंबर और उसकी दिनचर्या से जुड़ी पूरी जानकारी दी। गुप्ता ने इसे बाकी लोगों तक पहुंचाया। इसके लिए एडवांस पेमेंट किया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. सेना 97 तेजस और 156 प्रचंड हेलिकॉप्टर खरीदेगी; 1.1 लाख करोड़ का सौदा मंजूर किया

फिलहाल एयरफोर्स में तेजस के दो स्क्वॉड्रन है। एक में 45 और दूसरे में 18 फाइटर जेट्स हैं।

फिलहाल एयरफोर्स में तेजस के दो स्क्वॉड्रन है। एक में 45 और दूसरे में 18 फाइटर जेट्स हैं।

केंद्र सरकार ने आर्मी के लिए 97 तेजस एयरक्राफ्ट और 156 प्रचंड फाइटर हेलिकॉप्टर्स की खरीद को मंजूरी दी है। ये दोनों स्वदेशी कॉम्बैट प्लेन-हेलिकॉप्टर हैं। 156 प्रचंड हेलिकॉप्टर्स में 90 आर्मी को, जबकि 66 एयरफोर्स को दिए जाएंगे। इन डील्स की कीमत करीब 1 लाख दस हजार करोड़ रुपए है।

ये खबर अहम क्यों है: ये स्वदेशी निर्माताओं से हुई अब तक की सबसे बड़ी सैन्य डील है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली डिफेंस काउंसिल ने सुखोई-30 के स्कॉड्रन को अपग्रेड करने के लिए एयरफोर्स का प्रस्ताव भी मंजूर कर लिया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. दूसरी तिमाही में GDP बढ़कर 7.6% पर पहुंची, यह RBI के अनुमान 6.5% से 1.1% ज्यादा
भारत की GDP ग्रोथ दूसरी तिमाही यानी इस साल जुलाई से सितंबर के बीच 1.3% बढ़कर 7.60% हो गई है। पिछले फाइनेंशियल ईयर के इसी टाइम पीरियड में ग्रोथ रेट 6.3% थी। GDP ग्रोथ RBI के अनुमान से 1.1% ज्यादा है। RBI ने दूसरी तिमाही में इसके 6.5% रहने का अनुमान जताया था। ज्यादा ग्रोथ की वजह मजबूत शहरी खपत, मैन्युफैक्चरिंग और ज्यादा सरकारी खर्च है।

GDP क्या है: GDP (ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट) इकोनॉमी की हेल्थ को ट्रैक करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सबसे कॉमन इंडिकेटर्स में से एक है। यह देश के भीतर एक स्पेसिफिक टाइम पीरियड में प्रोड्यूस सभी गुड्स और सर्विस की वैल्यू को रिप्रजेंट करती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. यूपी में ADG बनकर धमकी: बुजुर्ग के पास पहले न्यूड कॉल आया, फिर अफसर बोला- पैसे नहीं भेजे तो जेल जाओगे

बुजुर्ग को जो वीडियो कॉल आया उसमें पुलिस अफसर का चेहरा दिख रहा था। यह चेहरा प्रेम प्रकाश का है, जो रिटायर्ड ADG हैं।

बुजुर्ग को जो वीडियो कॉल आया उसमें पुलिस अफसर का चेहरा दिख रहा था। यह चेहरा प्रेम प्रकाश का है, जो रिटायर्ड ADG हैं।

यूपी के गाजियाबाद में एक बुजुर्ग से 74 हजार रुपए की ठगी की गई। पहले उनके मोबाइल पर एक न्यूड कॉल आई। इसके एक घंटे बाद एक वॉट्सऐप कॉल आई। जिसमें पुलिस की वर्दी में दिख रहे शख्स ने न्यूड कॉल अटेंड करने का वीडियो वायरल करने की धमकी दी। उन्हें वीडियो कॉल पर पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहने वाला व्यक्ति रिटायर्ड ADG प्रेम प्रकाश के रूप में नजर आया।

ये खबर अहम क्यों है: पुलिस को शक है कि इस केस में आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके डीपफेक वीडियो बनाया और खुद को रिटायर्ड ADG के रूप में पेश किया। यूपी में इस तरह की धोखाधड़ी का यह पहला मामला है। गाजियाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

9. हमास ने यरुशलम में गोलीबारी की, 3 की मौत; इजराइल बोला- ये सीजफायर का उल्लंघन
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, यरुशलम में एक बस स्टॉप के पास दो फिलिस्तीनी हमलावरों ने गोलीबारी की। इसमें 3 इजराइली लोगों की मौत हो गई। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दोनों हमलावर मारे गए। वहीं इजराइल ने कहा कि हमला करके हमास ने सीजफायर का उल्लंघन किया है।

हमास ने हमले की जिम्मेदारी ली: हमास ने कहा- यरुशलम के बस स्टॉप पर हमला करने वाले हमास मेंबर्स थे। दोनों भाईयों ने 29 नवंबर को वेस्ट बैंक में हुई दो बच्चों की हत्या का बदला लिया। दरअसल, 29 नवंबर की रात वेस्ट बैंक में रेड के दौरान इजराइली सैनिकों ने 8 और 15 साल के बच्चों को गोली मार दी थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. अश्विन ने वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद का माहौल बताया; कहा- रोहित-विराट ड्रेसिंग रूम में फूट-फूट कर रोए थे, जीत नसीब में नहीं थी (पढ़ें पूरी खबर)
  2. छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने चार्टर प्लेन बुक कराया: जीते प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट सहित रायपुर पहुंचने के निर्देश दिए (पढ़ें पूरी खबर)
  3. जम्मू-कश्मीर में स्नो फॉल, गुलमर्ग में -1 डिग्री तापमान: तमिलनाडु में भारी बारिश, 5 जिलों में स्कूल बंद; MP के 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (पढ़ें पूरी खबर)
  4. तेलंगाना में 70.61% वोटिंग, पिछले चुनाव के मुकाबले 2.76% कम: कुछ जगह छुटपुट झड़प हुई, CM केसीआर की बेटी के खिलाफ केस (पढ़ें पूरी खबर)
  5. BSF ने भारत-पाक बॉर्डर पर एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात किया: फ्लड लाइट्स की जगह LED लगी; बॉर्डर पार खेती करने वालों के लिए बायोमैट्रिक मशीनें लगेंगी (पढ़ें पूरी खबर)
  6. टाटा टेक का शेयर 140% ऊपर 1200 रुपए पर लिस्ट: इसका इश्यू प्राइस 500 रुपए था, गांधार ऑयल के शेयर ने भी दिया 76% मुनाफा (पढ़ें पूरी खबर)
  7. पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर का निधन: 1971 के युद्ध में पाकिस्तान का साथ दिया था; भारतीयों और इंदिरा गांधी को अपशब्द कहे थे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

भैंस की मौत के बाद पूरे गांव को मृत्युभोज

भैंस की मौत पर पशुपालक ने देसी घी से बने पकवान ग्रामीणों को खिलाए।

भैंस की मौत पर पशुपालक ने देसी घी से बने पकवान ग्रामीणों को खिलाए।

हरियाणा के चरखीदादरी में एक भैंस की मौत के बाद मालिक ने पूरे गांव को मृत्युभोज दिया। परिवार का कहना था कि 3 पीढ़ियों ने इस भैंस का दूध पिया था। इसके आने के बाद परिवार मालामाल हुआ। हमने मृत्युभोज के जरिए इसका कर्ज लौटाने की कोशिश की। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…